फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: ओडिशा के सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व से शिकारी गिरफ्तार; बिहार में तालाब में डूबने से तीन की मौत

Mon, 12 Aug 2024 12:57 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

ओडिशा के मयूरभंज जिले में सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व (एसटीआर) से शनिवार को वन कर्मियों ने गश्त के दौरान एक शिकारी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जिले के नुनियागोड़ा गांव निवासी मंगल बानसिंह (43) के रूप में हुई है। एक वन अधिकारी ने रविवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। चहला वन्यजीव रेंज के वन कर्मियों की एक टीम ने पोरागोडा फुटपाथ के पास के क्षेत्र में गश्त की। इस दौरान पता चला कि कुछ लोग हथियारों के साथ एसटीआर के मुख्य क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। टीम ने घुसपैठियों का पीछा किया और मंगल को पकड़ने में सफल रही। उसके कब्जे से एक धनुष, तीन तीर और पके हुए चावल से भरा एक बैग जब्त किया गया। 

विज्ञापन

बिहार में तीन तालाब में डूबे, नदी में नाव पलटने से दो लोग लापता
बिहार के भोजपुर जिले में रविवार को तीन लोग एक तालाब में डूब गए। घटना मझौआं में हुई। एक जिला पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। हालांकि, जिला प्रशासन ने मृतकों की पहचान उजागर नहीं की है। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, एक अन्य घटना में रविवार सुबह बागमती नदी के बीच में एक छोटी नाव पलट गई, जिसमें बैठे सात-आठ लोग तैरकर नदी किनारे पहुंचने में कामयाब रहे, जबकि दो लापता हैं। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।

मुंबई में हिंदू संगठनों ने की नारेबाजी, बोले- बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करे केंद्र
बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद अस्थिर स्थिति बनी हुई है और हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। इसे देखते हुए हिंदू संगठन स्वातंत्र्यवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक, मानव सेवा प्रतिष्ठान, वज्र दल, योग वेदांत समिति, सुयश मित्र मंडल, श्री शिवराज्याभिषेक दिनोत्सव समिति, सनातन संस्था और हिंदू जनजागृति समिति ने रविवार को केंद्र से बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं की सुरक्षा के लिए कार्रवाई करने की मांग की है। 

हिंदू संगठन मुंबई के दादर में एकत्र हुए और बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचारों के खिलाफ नारे लगाए। स्वातंत्र्यवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सावरकर ने संवाददाताओं से कहा, बांग्लादेश में चल रहा विरोध अब हिंदू विरोधी हो गया है। केंद्र सरकार को इसके खिलाफ तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए और हिंदू बहुल क्षेत्र को भारत में विलय करने के लिए बांग्लादेश में प्रवेश करना चाहिए।

नागपुर: 78 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन मामले में मास्टरमाइंड के तीन साथी गिरफ्तार
नागपुर: नागपुर में चल रहे नशा तस्करी के सिंडिकेट मामले में मास्टरमाइंड के तीन सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए डीआरआई हिरासत में भेज दिया गया है। डीआरआई मुंबई जोनल यूनिट ने खुफिया जानकारी के आधार पर आठ अगस्त को पचपावली क्षेत्र के निर्माणाधीन मकान में तलाशी अभियान चलाया, जहां मेफेड्रोन का उत्पादन किया जा रहा था। यहां से मेफेड्रोन के उत्पादन के लिए आवश्यक सभी रसायनों, सामग्रियों और मशीनरी से सुसज्जित एक छोटी प्रयोगशाला स्थापित की गई थी, जिसमें 100 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन का निर्माण करने की क्षमता थी। सिंडिकेट ने पहले ही तरल रूप में 50 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन तैयार कर लिया था और उत्पाद को पाउडर रूप में लाने के लिए इसकी आगे की प्रक्रिया चल रही थी। डीआरआई ने 78 करोड़ रुपये का 51.95 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किया। साथ ही कच्चे माल और उपकरणों को भी जब्त कर लिया था। सभी आरोपियों पर एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत कार्रवाई की गई है।

तमिलनाडु: स्टालिन सरकार ने नहीं दी तिरंगा यात्रा को मंजूरी
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई ने तिरंगा यात्रा की मंजूरी न देने पर पर सत्तारूढ़ डीएमके सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि पुलिस ने तिरंगा-मोटरसाइकिल रैलियों की मंजूरी नहीं दी। इसने दिखा दिया है कि राज्य सरकार को राष्ट्रीय ध्वज पसंद नहीं। अन्नामलाई ने कहा कि कोयंबटूर में भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से तिरंगा मार्च निकालने की मंजूरी मांगी थी। इसमें केवल पुलिस के तय रास्ते, दिन और वक्त पर ही रैली निकालने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बाद भी मंजूरी नहीं दी गई।

अन्नामलाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'हर घर तिरंगा' अपील और पार्टी की देश भर में 'तिरंगा यात्रा' आयोजित करने की योजना का जिक्र करते कहा भाजपा का कोई झंडा नहीं है और सभी का स्वागत है। इस यात्रा में वाहन होंगे और राष्ट्रीय ध्वज होगा। यह तिरंगा मार्च है और इसका उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना और सभी घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराते देखना है। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि केवल तमिलनाडु में राष्ट्रीय ध्वज डीएमके के लोगों के लिए परेशानी है। वे दिखा रहे हैं कि उन्हें राष्ट्रीय ध्वज पसंद नहीं है। रैली की मंजूरी न देकर उन्होंने फिर से अपना गुस्सा दिखाया है। 

केरल के पूर्व मंत्री कुट्टी अहमद का 71 वर्ष की उम्र में निधन
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के अनुभवी नेता कुट्टी अहमद कुट्टी का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण तनूर स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। तीन बार के विधायक रहे कुट्टी ने वर्षों पहले राज्य विधानसभा में तनूर और तिरुरंगडी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया था, कुट्टी ने ओमन चांडी के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार में स्थानीय स्वशासन विभाग संभाला था।
विज्ञापन

तबादले के साथ 40 आईआरएस अफसरों का हुआ प्रमोशन
सरकार ने आयकर विभाग के 60 से अधिक अधिकारियों का तबादला कर दिया। इनमें से 40 को प्रधान मुख्य आयुक्त और मुख्य आयुक्त रैंक पर पदोन्नति देकर तबादला किया गया, जबकि नौ को जांच महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राजस्व विभाग ने 9 अगस्त को इस आशय के दो आदेश जारी किए हैं। पहला आदेश में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने 40 आईआरएस अधिकारियों को तबादले के साथ मुख्य आयकर आयुक्त (सीसीआईटी) या आईटी महानिदेशक (डीजीआईटी) के समकक्ष पद पर तैनात किया गया है। साथ ही दूसरे आदेश में 20 अन्य सीसीआईटी व डीजीआईटी का तबादला किया गया है। आदेश के तहत विभाग के 22 सीसीआईटी व डीजीआईटी रैंक के अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। मुंबई, बंगलूरू, जयपुर, चेन्नई, पटना, लखनऊ, अहमदाबाद, कोलकाता और हैदराबाद के लिए नौ डीजीआईटी (जांच) रैंक के अधिकारियों के पोस्टिंग आदेश भी जारी किए गए हैं। भोपाल और कोच्चि का प्रभार अतिरिक्त क्षमता के रूप में दो अन्य डीएसजीआईटी को दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें