ठाणे जिले में पुलिसकर्मी ने लगाई फांसी
अनीश एस केसर ने बदलापुर पुलिस स्टेशन के पास फांसी लगा ली। हालांकि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं और मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र कांग्रेस नेता ने EC से शिकायत की; भाजपा पर कार्रवाई की मांग
महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता विलास मुत्तेमवार ने नागपुर में अपने घर के पास भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुत्तेमवार ने इस आंदोलन को अवैध और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया। मुत्तेमवार ने चुनाव आयोग को लिखे अपने पत्र में कहा, कांग्रेस सदस्य के रूप में वह नागपुर लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार विकास ठाकरे के चुनाव अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इसी दौरान विगत पांच अप्रैल को उनके आवास के सामने भाजपा के लगभग 40 सदस्यों ने सड़क पर उपद्रव और हंगामा किया।
शिवसेना सांसद मांडलिक ने कांग्रेस प्रत्याशी के वंश पर सवाल खड़ा किया
कोल्हापुर के शिवसेना सांसद संजय मांडलिक ने छत्रपति शिवाजी के असली उत्तराधिकारी मुद्दे पर टिप्पणी की। मांडलिक ने अपने कांग्रेसी प्रतिद्वंद्वी के बारे में कहा कि शाहू महाराज को गोद लिया गया है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शाही सीट के 'असली उत्तराधिकारी' शाहू महाराज नहीं हैं। शिवसेना सांसद ने सवाल किया कि क्या वर्तमान 'महाराज (शाहू महाराज छत्रपति)' कोल्हापुर से हैं? चुनावी सभा के दौरान मांडलिक ने दावा किया कि 'आप और मैं (आम जनता), जो शाहू-फुले-अंबेडकर की विचारधारा रखते हैं, वही छत्रपति के असली उत्तराधिकारी हैं।' मांडलिक ने दोहराया कि यह उनकी कोरी कल्पना नहीं, यह बात किताब में लिखी गई है। समाचार लेखों में भी इसका प्रकाशन हुआ है। उन्होंने कहा, शाहू महाराज के प्रति उनके मन में बहुत सम्मान है। मांडलिक ने कहा, 'अगर वह साबित कर दें कि वे प्रत्यक्ष वंशज हैं, और अगर मैं कहीं गलत हूं, तो मैं माफी मांगूंगा।'
लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण की 94 सीटों के लिए 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में शुक्रवार को अधिसूचना जारी होगी। इस चरण में मतदान 7 मई को होगा। 19 अप्रैल तक नामांकन कराया जा सकेगा और 20 अप्रैल को दाखिल परचों की जांच होगी। मध्य प्रदेश में बैतूल के स्थगित चुनाव की अधिसूचना अलग से जारी होगी। इस चरण में, असम की 14, उत्तर प्रदेश की 10, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, गुजरात की सभी 26, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11 और मध्य प्रदेश की आठ सीटें शामिल हैं।
एक ही दिन में तीन जगहों पर चुनाव प्रचार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तूफानी चुनाव प्रचार जारी है। आज शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी तीन राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भाजपा की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करेंगे। भाजपा की चुनावी रैलियों में पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2.15 बजे राजस्थान के बाड़मेर में जनसभा प्रस्तावित है। राजस्थान में ही एक अन्य सियासी आयोजन होगा, जब पीएम मोदी दौसा में रोड शो में शामिल होकर स्थानीय जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। रोड शो का आयोजन शुक्रवार शाम लगभग 4.45 बजे किया जाना है।
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष के चुनावी कार्यक्रम
पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के मदुरै लोकसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। बीजेपी के मुताबिक पेरियार बस स्टैंड से शुरू होने वाले इस रोड शो का आयोजन शाम करीब 5.30 बजे किया जाएगा। शाह इससे पहले यूपी के मुरादाबाद और संभल में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया में चुनावी जनसभा करेंगे। भाजपा की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक नड्डा गोंदिया जिले के सर्किल मैदान में शुक्रवार शाम करीब 4.50 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
बॉम्बे हाईकोर्ट : महिला को दिया पूर्व पति को गुजारा भत्ता देने का निर्देश
बॉम्बे हाईकोर्ट ने एक कामकाजी महिला को उसके पूर्व पति को 10,000 रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया है। महिला का पूर्व पति अपनी बीमारियों के कारण जीवनयापन का खर्च नहीं उठा पा रहा है। जस्टिस शर्मिला देशमुख की पीठ ने आदेश में कहा कि हिंदू विवाह अधिनियम के प्रावधानों में शब्द ‘स्पाउस’ (जीवनसाथी) का उल्लेख है और इसमें पति और पत्नी दोनों आते हैं। हाईकोर्ट ने आदेश में कहा कि महिला ने इस बात से इन्कार नहीं किया है कि उसका पूर्व पति अपनी अस्वस्थता के कारण जीवनयापन के लिए आय अर्जित करने में सक्षम नहीं है। अदालत ने कहा, जब पति खुद का गुजारा करने में सक्षम नहीं है और पत्नी की आय का कोई स्रोत है तो वह अंतरिम गुजारा भत्ता देने के लिए जवाबदेह है। पीठ ने महिला की ओर से दायर याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें एक सिविल कोर्ट के मार्च 2020 में दिए गए आदेश को चुनौती दी गई थी। अदालत ने महिला को अपने पूर्व पति को 10,000 रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया था।
आईआईटी-गुवाहाटी के छात्र का शव हॉस्टल में मिला
आईआईटी-गुवाहाटी के दूसरे सेमेस्टर का एक छात्र अपने छात्रावास के कमरे में मरा हुआ मिला। कामरूप के पुलिस अधीक्षक रंजन भुइयां ने कहा कि बुधवार को दिहिंग हॉस्टल में उनके कमरे के अंदर शव लटका मिला। एक सुसाइड नोट भी मिला है।
छात्र ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा नहीं लगता कि इसमें कोई गड़बड़ी शामिल है। बहरहाल, हम जांच कर रहे हैं।
एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम और उचित कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। मृतक छात्र की पहचान सौरभ के रूप में हुई है, जो कंप्यूटर साइंस विभाग में पढ़ता था।
नशीली दवाओं के इस्तेमाल से दो लोगों की मौत
केरल के उत्तरी क्षेत्र में संदिग्ध नशीली दवाओं के अधिक इस्तेमाल के कारण दो लोगों के शव मिले हैं। खाली जमीन पर मिले दोनों शवों के पास में एक और युवक बेहोशी की हालत में मिला है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने शवों के पास से सीरिंज बरामद की है, जिससे साफ होता है कि शायद वे अवैध पदार्थों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रंदीप (28) और अक्षय (27) के रूप में हुई है। वे कोझिकोड जिले के रहने वाले हैं। मामले की जांच की जा रही है।
मराठवाड़ा के सात जिले पानी के टैंकरों पर निर्भर
राजस्व विभाग की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा के सात जिलों के 714 गांव पानी की आपूर्ति के लिए टैंकरों पर निर्भर हैं। मराठवाड़ा में आठ जिले हैं, जिसमें केवल हिंगोली ही अब तक टैंकरों से मुक्त है।
- छत्रपति संभाजीनगर के 311 गांवों और 48 बस्तियों के लिए 473 टैंकर
- जालना के 213 गांव और 55 बस्तियां टैंकर पर निर्भर
- बीड के 140 गांव और 105 बस्तियां 171 टैंकरों पर निर्भर
- वहीं, परभणी में एक टैंकर, लातूर में आठ टैंकर और नांदेड़ में तीन टैंकर हैं
- प्रशासन ने पानी की आपूर्ति के लिए मराठवाड़ा में 1,487 कुओं का भी अधिग्रहण किया है
राष्ट्रपति ने दी वैसाखी की शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को वैसाखी, विशु, विशुब, रोंगाली बिहू, पोइला बोइशाख, वैशाखड़ी और पुथंडु के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। यह त्योहार देशभर में 13-14 अप्रैल को मनाएं जाएंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले ये त्योहार देश की विविध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत अभिव्यक्ति हैं। सभी त्योहार एकता, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। इन त्योहारों के माध्यम से हम अपने अन्नदाता किसानों की कड़ी मेहनत का सम्मान करते हैं। उनके प्रति अपना आभार व्यक्त करते हैं। में आशा करती हूं कि त्योहार सभी के जीवन में समृद्धि और शांति लाए।
ओडिशा : बालासोर में मंदिर में महिला की मौत
ओडिशा के बालासोर जिले में भोगराई के चंदनेश्वर मंदिर में शुक्रवार को अनुष्ठान करते समय प. बंगाल की एक 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि घटना मंदिर में प्रसिद्ध चड़क मेला के दौरान घटी।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम मेदीपुर के खड़गपुर के गोमरियापाल गांव की रहने वाली महिला 'नीला पोखरी' में स्नान करने के बाद मंदिर की परिक्रमा कर रही थी, तभी वह बेहोश हो गई। उसे मेले में मौजूद स्वास्थ्य शिविर में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके मूल निवास पर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
पालघर दौरे पर ठाकरे
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पालघर दौरे के दौरान लोकल ट्रेन से सफर किया
लद्दाख से पालम वायुसेना स्टेशन लाया गया जवान
भारतीय सेना का एक जवान, जिसका हाथ मशीन चलाते समय कट गया था। जिसके बाद वायुसेना सी-130जे विमान द्वारा जवान को दिल्ली अस्पताल लाया गया। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 9 अप्रैल को हुई और जवान के कटे हुए अंगूठे और तर्जनी समेत हाथ को फिर से लगाने के लिए यहां सेना के रिसर्च रेफरल (आर एंड आर) अस्पताल में जटिल नौ घंटे की सर्जरी की गई।
उन्होंने कहा कि घायल सैनिक, जो लद्दाख के चुनौतीपूर्ण इलाके में तैनात था, को पहले लेह के सैन्य गैरीसन अस्पताल में तेजी से निकाला गया, जहां समर्पित डॉक्टरों की एक टीम ने उसे स्थिर कर दिया। भारतीय वायुसेना के सूत्रों ने कहा कि बाद में उन्हें लेह हवाई अड्डे पर ले जाया गया और वहां से एक सुपर हरक्यूलिस ने उन्हें दिल्ली के पालम वायु सेना स्टेशन तक पहुंचाया। सेना द्वारा सैनिक को चिकित्सा देखभाल के लिए सेना के अनुसंधान और रेफरल अस्पताल में ले जाने के फैसले के बाद एयरलिफ्टिंग की गई, जो स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं थी।
केरल पुलिस अधिकार पर हमले के दोषियों को जेल की सजा
केरल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी पर हमला, धमकी और आगजनी से संबंधित 2014 के एक मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने शुक्रवार को चार माओवादियों को कठोर कारावास की सजा सुनाई। केरल के एर्नाकुलम में एनआईए की विशेष अदालत ने आरोपी रूपेश को 10 साल के कठोर कारावास के साथ 2.35 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है, जबकि आरोपी कन्याकुमारी को 1.05 लाख रुपये के जुर्माने के साथ छह साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।
इन दोनों को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की कई धाराओं के तहत दोषी ठहराया गया था। जारी बयान के मुताबिक, आरोपी अनूप, जिसे केवल यूएपीए के तहत दोषी ठहराया गया था, को 60,000 रुपये के जुर्माने के साथ आठ साल के कठोर कारावास की सजा होगी और आरोपी इब्राहिम को भी इसी कानून के तहत अपराध के लिए छह साल के कठोर कारावास के अलावा 40,000 रुपये के जुर्माने की सजा दी गई है। मामला केरल की वेल्लामुंडा पुलिस द्वारा दर्ज किया गया था और 2 जनवरी 2016 को एनआईए द्वारा फिर से दर्ज किया गया था।
फोन टैपिंग पर आंध्र प्रदेश के पूर्व CM के बेटे का बयान
कथित फोन टैपिंग घटना पर आंध्र प्रदेश के पूर्व CM और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के बेटे सह टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश ने कहा, 'मुझे एप्पल ने पहले ही सचेत किया था कि एजेंसियों द्वारा मेरा फोन टैप करने का प्रयास दूसरी बार हुआ है।' इस बात के स्पष्ट सबूत हैं कि एजेंसी हमारे फोन टैप करने की कोशिश कर रही है। यह कोई नई बात नहीं है। पहले भी हमने आवाज उठाई है। टीडीपी इसे हम बहुत गंभीरता से लेगी। वे राज्य और केंद्रीय चुनाव आयोग से पहले ही शिकायत कर चुकी है। यह लोकतंत्र के लिए एक गंभीर खतरा है। सरकार झूठे मामले दर्ज कर रही है और हमारे फोन हैक करने की कोशिश कर रही है।
बीजद के मुताबिक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दोनों महत्व का प्रतीक है। इस पर सियासत ठीक नहीं है।
विशेष कोर्ट में सीबीआई ने किया दावा; के कविता ने रेड्डी को दी धमकी, कहा- आप को देने होंगे 25 करोड़
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता ने अरबिंदो फार्मा के प्रमोटर शरत चंद्र रेड्डी को दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के तहत उनकी कंपनी को आवंटित पांच रिटेल जोन के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को 25 करोड़ रुपये देने के लिए धमकाया था। सीबीआई ने विशेष कोर्ट में दावा किया कि कविता ने रेड्डी से कहा था, यदि वह आप को पैसा नहीं देते हैं, तो तेलंगाना और दिल्ली में उनके कारोबार को नुकसान पहुंचेगा। शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में आरोपी रेड्डी सरकारी गवाह बन गए हैं। सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा को शुक्रवार को बताया, कविता के कहने पर रेड्डी दिल्ली में शराब कारोबार में शामिल हुए। कविता ने आश्वासन दिया था, उनके दिल्ली सरकार में संपर्क हैं। वह आबकारी नीति के तहत राष्ट्रीय राजधानी में शराब के कारोबार में उनकी मदद करेंगी।
केजरीवाल के प्रतिनिधि नायर ने किया समन्वय
सीबीआई ने बताया, कविता ने रेड्डी से कहा था कि आप को 25 करोड़ देने के अलावा इतना ही पैसा उनके साथियों अरुण आर पिल्लई व अभिषेक को भी देना है, बदले में ये केजरीवाल के प्रतिनिधि विजय नायर से समन्वय करेंगे। कविता के आश्वासन के बाद रेड्डी की कंपनी ने एनजीओ तेलंगाना जागृति को 80 लाख रुपये दिए थे।
कृषि भूमि का बिक्री सौदा करने को भी किया मजबूर
सीबीआई ने कहा, जून-जुलाई 2021 में कविता ने रेड्डी को तेलंगाना में एक कृषि भूमि का बिक्री समझौता करने के लिए मजबूर किया, जबकि वह उस जमीन को खरीदना नहीं चाहता था। इसके बदले कविता को 14 करोड़ रुपये मिले।