अहमदाबाद की अदालत ने नाइजीरिया और जाम्बिया के दो नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी मामले में 20 साल कड़ी जेल की सज़ा सुनाई। अदालत ने दोनों पर दो-दो लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया।एनसीबी के अनुसार, जाम्बियाई नागरिक हांचाबिला जॉन को 3 सितंबर 2021 को दुबई से अहमदाबाद आने वाली फ्लाइट में 2.75 किलोग्राम हेरोइन ले जाते पकड़ा गया। नाइजीरियाई नागरिक न्वाओबू क्रिश्चियन अरिंजे (37) को इस नशे का रिसीवर पाया गया और बाद में गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
मणिपुर में छह उग्रवादी मिलिटेंट गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने तीन जिलों से छह सक्रिय मिलिटेंट गिरफ्तार किए हैं, जो अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं। तीन लोग प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के गिरफ्तार। दो सदस्य प्रेपाक (प्रो) और केसीपी (एमएफएल) से जुड़े, अलग-अलग जिलों से गिरफ्तार। सुरक्षा बलों ने कांगपोम्पी जिले में लगभग 10 एकड़ अफीम की खेती नष्ट की। पिछले दो साल से मणिपुर में जातीय हिंसा जारी है, जिसमें 260 से अधिक लोग मारे गए और हजारों बेघर हुए हैं।
ओडिशा में 10 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
ओडिशा में 1.15 करोड़ रुपये के संयुक्त इनाम वाले 10 माओवादियों ने कंधमाल जिले में ओडिशा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
चुनाव आयोग ने बंगाल में अधिकारियों की लिस्ट मांगी
चुनाव आयोग ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल सरकार से उन पुलिस अधिकारियों की लिस्ट मांगी है, जो 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान ड्यूटी पर थे। इनमें स्टेशन ऑफिसर और उनके सीनियर अधिकारी शामिल हैं। चुनाव आयोग की एक पीठ ने मंगलवार को राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) के साथ मीटिंग की और राज्य पुलिस से पांच साल पहले हुई हिंसा के दौरान ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों के बारे में सारी जानकारी मांगी।
आयोग ने यह भी पूछा कि क्या 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान गलत काम करने के आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कोई विभागीय जांच की गई थी। यह कदम राज्य में चुनाव के बाद हुई अशांति के दौरान पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था को संभालने के तरीके की जांच के बीच उठाया गया है।
ईरान युद्ध के बीच निर्यातकों को बीमा समर्थन दे सकती है सरकार
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा, ईरान संकट के बीच निर्यातकों को मदद देने के लिए सरकार बीमा समर्थन की नई योजनाएं लाने की संभावना तलाश रही है। निर्यात ऋण गारंटी देने वाली इकाई ईसीजीसी और अन्य विभागों के साथ परामर्श किया जा रहा है। मंत्री ने इंटरनेशनल फूड एंड हॉस्पिटैलिटी फेयर आहार के 40वें संस्करण में कहा, एक अंतर-मंत्रालयी समूह इस संकट से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और निर्यातकों से लगातार संपर्क में है। सरकार उन निर्यातकों की मदद के उपाय तलाश रही है, जिनका माल भेजा जा चुका है, लेकिन मौजूदा हालात में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अरुणाचल : सेना का वाहन खाई में गिरा दो जवान बलिदान
अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी जिले में सेना का वाहन खाई में गिरने से एक नायब सूबेदार सहित दो जवान बलिदान हो गए। रक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सेना की रिपोर्ट के अनुसार यह हादसा 7 मार्च को भारत-चीन सीमा के पास रेड्डी गांव के नजदीक हुआ। वाहन ऑपरेशन स्नो लेपर्ड के तहत गेलेमो से तक्सिंग की ओर ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए जा रहा था, तभी वह सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया।
बलिदान जवानों की पहचान 56 आर्टिलरी ब्रिगेड के 908 फील्ड रेजिमेंट के नायब सूबेदार कुलवंत सिंह और 18 सिख रेजिमेंट के नायक प्रदीप कुमार शर्मा (रायबरेली, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वाहन चालक अमरजीत गुर्जर को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज फील्ड अस्पताल बोरोरूपक में चल रहा है।
मिड-डे-मिल खाने से 44 बच्चे बीमार
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि कवुंडमपलायम के एक सरकारी मिडिल स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 44 बच्चे बीमार पड़ गए। कोयंबटूर कॉर्पोरेशन कमिश्नर एम शिवगुरु प्रभाकरन ने शहर के सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे बच्चों से मुलाकात की और बताया कि बच्चों की हालत अब स्थिर है और वे सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा, 'कवुंडमपलायम के मिडिल स्कूल में पढ़ने वाले छात्र खाना खाने के बाद बीमार पड़ गए, शुरुआती जांच में पता चला कि खाना बनाते समय छिपकली गिर गई होगी।' उन्होंने कहा कि उल्टी करने के बाद छात्रों को अस्पताल लाया गया और पांच डॉक्टर, एक डीन और एक नर्सिंग टीम लगातार उन पर नजर रख रही है। प्रभाकरन ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है। उन्होंने आगे कहा, स्कूल के प्रिंसिपल से पूछताछ की जा रही है।
असम के बारपेटा में दो संदिग्ध गिरफ्तार
असम के बारपेटा जिले में कट्टरपंथी संगठनों से कथित संबंध के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एएसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मंगलवार रात सोरभोग थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
असम पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में आरोपियों के कुछ कट्टरपंथी संगठनों से संपर्क होने की आशंका जताई गई है। इस मामले में सुरक्षा एजेंसियां उनके नेटवर्क और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस और विशेष कार्यबल के संयुक्त अभियान के तहत की गई। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में भी असम और त्रिपुरा में संयुक्त अभियान के दौरान 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन पर बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े होने और पूर्वोत्तर क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगा था।