ओडिशा में 10 अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार
असम में अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में घुसे 10 बांग्लादेशियों को ओडिशा में गिरफ्तार किया गया है। इनमें छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।
पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) रबि नारायण सतपति ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ ने इन सभी को भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। वे सभी पासपोर्ट, वीजा या किसी वैध यात्रा दस्तावेज के बिना यात्रा कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि असम में धुबरी के पास तस्करों ने उन्हें अवैध तरीके से भारत की सीमा में प्रवेश कराया था। उनकी योजना भुवनेश्वर में ही रहने की थी। पुलिस ने बताया कि उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन, कुछ बांग्लादेशी मुद्रा नोट और कुछ भारतीय मुद्रा नोट जब्त किए गए। विदेशी अधिनियम के तहत इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
माधव राष्ट्रीय उद्यान बना 58वां बाघ अभयारण्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित माधव राष्ट्रीय उद्यान के देश का 58वां बाघ अभयारण्य बनने पर खुशी जताई। साथ ही कहा कि वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह एक अद्भुत खबर है। पीएम ने कहा, हम हमेशा जानवरों की सुरक्षा और एक जीवंत ग्रह के लिए योगदान देने में सबसे आगे रहेंगे। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया में लिखा कि यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि देश में 58वां बाघ अभयारण्य बन गया है और नवीनतम अभयारण्य एमपी का माधव बाघ अभयारण्य है।
पानी की टंकी साफ करते समय 4 मजदूरों की दम घुटने से मौत
मुंबई। दक्षिण मुंबई में रविवार को एक निर्माणाधीन इमारत की पानी की टंकी साफ करते समय चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। यह घटना नागपाड़ा इलाके में डिमटीमकर रोड पर स्थित बिस्मिल्लाह स्पेस बिल्डिंग में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि पांच मजदूर पानी की टंकी को साफ करने के लिए उसमें उतरे थे, लेकिन काम करते समय वे बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।
चेन्नई में इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की जांच शुरू
विमानन नियामक डीजीसीए 8 मार्च को चेन्नई हवाईअड्डे पर इंडिगो के ए321 विमान के पिछले हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की जांच कर रहा है। डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार यह जानकारी दी। इससे पहले, इंडिगो ने बताया कि एयरबस ए321 विमान का पिछला हिस्सा हवाईपट्टी से टकरा गया था। फिलहाल विमान उड़ान नहीं भर रहा है और जरूरी मरम्मत और मंजूरी के बाद इसे फिर से इस्तेमाल में लाया जाएगा।
मिजोरम : तीन करोड़ की हेरोइन और बंदूक जब्त, दो गिरफ्तार
असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने चंफाई जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास दो संयुक्त अभियानों के दौरान तीन करोड़ रुपये की हेरोइन और एक बंदूक जब्त की। इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को जोखावथर में एक युवक से 408 ग्राम हेरोइन जब्त की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य अभियान में, जोखावथर के निकट एक व्यक्ति से एक राइफल जब्त कर गिरफ्तार किया गया है।
आत्महत्या करने वाले एडीएम ने नहीं किया था भ्रष्टाचार
केरल के राजस्व मंत्री के राजन ने रविवार को कहा कि कन्नूर के पूर्व अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) नवीन बाबू की मौत के मामले की आंतरिक जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी गई। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार के कोई सबूत नहीं मिले। बाबू ने कन्नूर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष पीपी दिव्या की ओर से उनके विदाई समारोह में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद आत्महत्या कर ली थी। राजन ने स्पष्ट किया कि यह एक तथ्यान्वेषी जांच थी, जो वरिष्ठ अधिकारी के भ्रष्टाचार में लिप्त होने और जानबूझकर एक फाइल में देरी करने के दावों के बाद शुरू की गई थी।
सरकार का फैसला: मसूर दाल पर लगा 10 फीसदी आयात शुल्क
सरकार ने मसूर दाल पर 10 फीसदी आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। इसके अलावा, घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के लिए पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात को तीन महीने यानी इस साल 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। इस बारे में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के जरिये सरकार ने 8 मार्च से दालों पर पांच फीसदी मूल सीमा शुल्क और पांच फीसदी कृषि अवसंरचना और विकास उपकर (एआईडीसी) लगाया है। अभी तक दालों के आयात को शुल्क मुक्त रखा गया था। सरकार ने शुरुआत में दिसंबर, 2023 में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी थी और बाद में इसे 28 फरवरी तक तीन बार बढ़ाया था। अनुमान के मुताबिक, 2024 में 67 लाख टन दालों का आयात हुआ। इसमें पीली मटर का हिस्सा 30 लाख टन रहा।