पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने गुरुवार को लगभग पांच साल पहले हुए एक नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए तीन लोगों को फांसी की सजा सुनाई। मामले में आरोपी रहमान अली, जमीरुल और तामीरुल पर पीड़िता का अपहरण करने और कई दिनों तक उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करने, फिर चराई नदी के किनारे गला घोंटकर उसकी हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को पड़ोस में एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में फेंकने का आरोप है।
न्यायाधीश रिंटू सूर ने बुधवार को अदालत में 27 गवाहों से पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई। यह अपराध अगस्त 2020 में उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज पुलिस थाना क्षेत्र में तब प्रकाश में आया जब एक स्थानीय मदरसे में दसवीं कक्षा की छात्रा, 16 वर्षीय लड़की के परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का शव बाद में एक आरोपी के घर के पास एक सेप्टिक टैंक से आंशिक रूप से सड़ी हुई अवस्था में बरामद किया गया, जहां उसे फेंका गया था। अदालत ने मौत की सजा सुनाते हुए कहा कि यह अपराध 'दुर्लभतम' श्रेणी में आता है। पुलिस के अनुसार, तीनों दोषी, जिनकी उम्र लगभग 30-35 वर्ष थी, पड़ोसी गांवों में रहते थे।
बाढ़-भूस्खलन प्रभावित राज्यों के लिए केंद्रीय मदद
केंद्र सरकार ने बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, केरल और उत्तराखंड राज्यों को 1,066.80 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दे दी है। गृह मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि बाढ़ प्रभावित इन छह राज्यों में से, असम को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से केंद्रीय अंश के रूप में 375.60 करोड़ रुपये, मणिपुर को 29.20 करोड़ रुपये, मेघालय को 30.40 करोड़ रुपये, मिजोरम को 22.80 करोड़ रुपये, केरल को 153.20 करोड़ रुपये और उत्तराखंड को 455.60 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। ये राज्य इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान अत्यधिक भारी वर्षा, बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं।
पुरी भगदड़ पर जन सुनवाई, 17 लोगों ने बयान दर्ज
ओडिशा के पुरी में वार्षिक रथयात्रा के दौरान भगदड़ मामले की जांच के दौरान जन सुनवाई हो रही है। बता दें कि भगदड़ में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि 50 अन्य घायल हुए थे। बीते 29 जून को हुई इस दुखद घटना की प्रशासनिक जांच का जिम्मा विकास आयुक्त अनु गर्ग को सौंपा गया है। भगदड़ कैसे हुई और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं? राज्य सरकार ने उन्हें इन बिंदुओं पर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। बुधवार को जन सुनवाई में सत्रह व्यक्ति/संगठन शामिल हुए। सभी लोगों ने अपने बयान दर्ज कराए। ऐसी ही सुनवाई गुरुवार दोपहर तीन बजे से पुरी के विशेष सर्किट हाउस में होगी।
भारत की उन्नत तोप प्रणाली एक बड़ी कामयाबी: रक्षा मंत्रालय
सेना की तोपों को आधुनिक बनाने और उनकी ताकत बढ़ाने के लिए भारत में बनी एक नई तोप- एडवांस्ड टोड आर्टिलरी गन सिस्टम (एटीएजीएस) पुरानी और कम ताकत वाली तोपों की जगह लेगी। रक्षा मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट को 'एक शानदार और मिशन मोड में हासिल की गई सफलता' बताया है। एटीएजीएस को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की पुणे स्थित लैब आयुध अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (एआरडीई) ने डिजाइन किया है। मंत्रालय ने एक्स पर एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें इस तोप को दिखाया गया है। इसकी अधिकतम मारक क्षमता 48 किलोमीटर है। एआरडीई के निदेशक ए राजू ने वीडियो में बताया, 'हमने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत 2012 में की थी और 12 साल में इसका डिजाइन, निर्माण, टेस्टिंग और सेना में शामिल करना सब पूरा कर लिया है।'
आपराधिक कानूनों ने देश को न्याय-आधारित कानूनी ढांचे की ओर अग्रसर किया: नित्यानंद राय
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को कहा कि भारत में जो नए आपराधिक कानून लागू किए गए हैं, उन्होंने कानून व्यवस्था को सजा देने वाली सोच से हटाकर न्याय देने वाली सोच की ओर बढ़ाया है। यह बात उन्होंने तब कही जब इन नए कानूनों के लागू होने का एक साल पूरा हुआ। इस मौके पर दिल्ली के 'भारत मंडपम' में 'न्याय प्रणाली में विश्वास का स्वर्णिम वर्ष' नाम से एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस कार्यक्रम में बोलते हुए मंत्री राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ की। उन्होंने बताया कि नए कानूनों में तकनीक का इस्तेमाल करके न्याय को तेज, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया गया है। राय ने यह भी बताया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में अब तय समय के अंदर कार्रवाई होगी- जैसे कि 60 दिनों में आरोप तय करने और गंभीर मामलों में 45 दिनों में सुनवाई पूरी करने का नियम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि ये नए कानून केवल अपराधियों को सजा देने के लिए नहीं हैं, बल्कि लोगों को सही समय पर न्याय देने के लिए हैं।
चिरांग में 60000 लोगों को मिलेगा ओरुनोदोई योजना का लाभ: सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि ओरुनोदोई योजना के पहले 29,000 लाभार्थी थे, लेकिन इस बार चिरांग जिले में 60,000 लोगों को इसका फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम योजना (CMAAA) के पहले 400 लाभार्थी थे, अब 1200 युवाओं को इसका लाभ दिया जाएगा। लखपति बाइदेव योजना के तहत सिदली और बिजनी विधानसभा क्षेत्रों की 45,000 से ज्यादा महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। सीएम ने आगे कहा कि आज हमारी बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (BTR) की अंतिम बैठक थी, जो उदलगुरी से शुरू होकर चिरांग में खत्म हुई। इसमें सात समुदायों के कार्यकर्ता शामिल हुए। इससे साफ दिखा कि लोग भाजपा का समर्थन करते हैं।
सीएम सिद्धरमैया और उप मुख्यमंत्री शिवकुमार का दिल्ली में डेरा, कर्नाटक में सीएम बदलने की अटकलें
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों के बीच सीएम सिद्धरमैया दिल्ली पहुंचे। जबकि, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पहले से ही दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। सिद्धरमैया ने देर शाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उनसे बंगलूरू में संवेदनशील आधारभूत ढांचे के लिए सेना की जमीन आवंटित करने का अनुरोध किया। दशहरा पर होने वाले मैसूर एयर शोर को भी इस बार आयोजित करने का अनुरोध किया। सिद्धारमैया ने रक्षा मंत्री राजनाथ को औपचारिक पत्र भी सौंपा। वह बृहस्पतिवार को पार्टी प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला से मुलाकात करेंगे।
गोद लेने की प्रक्रिया में अब हर स्तर पर सलाह-मशविरा देना होगा जरूरी : केंद्र
देश में गोद देने के मामलों का संचालन करने वाले शीर्ष सरकारी निकाय केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) ने सभी राज्य दत्तक ग्रहण संसाधन एजेंसियों (सारा) को 2022 के गोद देने संबंधी नियमों का पालन करते हुए, गोद देने से पहले, इसके दौरान और बाद में परामर्श यानी काउंसलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कारा ने 7 जुलाई को जारी ज्ञापन में कहा कि सारा गोद लेने वाले माता-पिता,गोद लिए गए बच्चों और खुद बच्चों को गोद देने वाले जैविक माता-पिता के मानसिक और भावनात्मक सहयोग को मजबूत करें। इसके लिए संबंधित पक्षों के लिए नियमित और पेशेवर काउंसलिंग बेहद जरूरी है ताकि वे भावनात्मक रूप से तैयार रहें।
मगही व बनारसी पान समेत सात उत्पादों को ई-नाम से जाएगा जोड़ा : शिवराज सिंह
केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि बनारसी और मगही पान समेत सात उत्पादों को ई-नाम प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इससे किसानों को फायदा मिलेगा।
कृषि मंत्री शिवराज ने कहा, किसानों को बेहतर दाम दिलाने के साथ ही कृषि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए बनारसी पान समेत सात नए उत्पादों और उनके व्यापार योग्य मापदंडों को शामिल करते हुए ई-नाम प्लेटफॉर्म का विस्तार करने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा, इसका मकसद कृषि उत्पादों का कवरेज बढ़ाना और किसानों और व्यापारियों को डिजिटल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से लाभ उठाने के अधिक अवसर प्रदान करना है।
हाथी के हमले में अरुणाचल के पूर्व विधायक की मौत
अरुणाचल प्रदेश के पूर्व विधायक कपचेन राजकुमार (65) की बुधवार तड़के एक हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब वे तिरप जिले के नामसांग गांव से देवमाली जा रहे थे। राजकुमार, 1985 से 1990 के बीच तत्कालीन खोंसा उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
तकनीकों का इस्तेमाल कर नदियों को स्वच्छ करेंः मंत्री
जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने बुधवार को भारत की नदियों के कायाकल्प के उद्देश्य से तकनीकी नवाचारों और अंतरराष्ट्रीय सहयोगों के मूल्यांकन के लिए समीक्षा बैठक की। इसमें छोटी शहरी नदियों पर विशेष ध्यान दिया गया। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत आयोजित बैठक में प्रमुख संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों की शोध टीमों ने स्थायी नदी प्रबंधन के लिए नवीनतम उपकरण और रणनीतियां प्रस्तुत कीं।
सेप्टिक टैंक की सफाई करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन की मौत
बिहार के समस्तीपुर में सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस के कारण पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान दया राम शाह (45), उनके बेटे राधेश्याम कुमार (15) और उमेश शाह (45) के रूप में हुई है। लार्जघाट थाने के उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा, पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगलवार शाम सलहा बुजुर्ग गांव में सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय तीन लोग बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।
मेरे बयान को तोड़-मरोडकर पेश किया गया- निशिकांत दुबे
हिंदी-मराठी भाषा विवाद पर अपने पहले के बयान पर, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'मैंने एक बात कही थी और उसे तोड़-मरोड़ दिया गया है - इस देश की अर्थव्यवस्था में महाराष्ट्र का बहुत बड़ा योगदान है...मेरी बात को लोगों ने गलत समझा। लेकिन मैं यह कह रहा हूं कि मुंबई या महाराष्ट्र की तरफ से दिए गए टैक्स में हमारा भी योगदान है। इसका ठाकरे परिवार या मराठाओं से कोई लेना-देना नहीं है। एसबीआई और एलआईसी, जो टैक्स देते हैं, उनका मुख्यालय मुंबई में है। मैं सिक्किम में खड़ा हूं, यहां के लोग भी अपना पैसा एसबीआई में जमा करते हैं। उनका पैसा भी वहीं है। लेकिन उसका टैक्स महाराष्ट्र के खाते में जाता है...आप गरीबों को पीटते हैं। लेकिन मुकेश अंबानी वहीं रहते हैं, मराठी बहुत कम बोलते हैं। अगर हिम्मत है, तो उनके पास जाओ।' माहिम 'जहां मुस्लिम आबादी ज्यादा है, हिम्मत है तो वहां जाओ। एसबीआई चेयरमैन मराठी नहीं बोलते, उन्हें पीट कर देखो।
ओडिशा में बंगाल विधायक की कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, एक की मौत
ओडिशा के बालासोर जिले में पश्चिम बंगाल के एक विधायक की कार ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। जिस वाहन ने दोपहिया को टक्कर मारी, उसमें पश्चिम बंगाल की हावड़ा उत्तर सीट से विधायक गौतम चौधरी अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार को सिमुलिया पुलिस थाना क्षेत्र के जामझाड़ी इलाके के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर हुई। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के पंजीकरण नंबर वाली यह गाड़ी पुरी से पश्चिम बंगाल लौट रही थी, जब यह दुर्घटना हुई। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'विधायक और उनके परिवार के सदस्यों वाली कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, और 56 वर्षीय राधाकांत लेंका की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।' सिमुलिया पुलिस ने वाहन चालक अमिया सिंह रे को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।
1998 के कोयंबटूर बम धमाके का आरोपी गिरफ्तार
तमिलनाडु पुलिस ने साल 1998 में कोयंबटूर में हुए बम विस्फोट के मामले में मुख्य आरोपी सादिक उर्फ राजा उर्फ टेरल राजा उर्फ शाहजहां अब्दुल माजिद उर्फ शाहजहां शेख को गिरफ्तार किया है। तमिलनाडु पुलिस की स्पेशल टीम और कोयंबटूर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर कर्नाटक के विजयपुरा जिले से सादिक को गिरफ्तार किया है। सादिक कोयंबटूर का निवासी है और बीते 29 वर्षों से फरार था।
'मैं सही समय पर रिटायर हो जाऊंगा', उपराष्ट्रपति धनखड़ का बयान
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि वे सही समय पर रिटायर हो जाएंगे। जेएनयू में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि 'मैं सही समय पर, अगस्त 2027 में रिटायर हो जाऊंगा। यह भगवान की मर्जी से होगा।' उपराष्ट्रपति धनखड़ का बतौर 14वें उपराष्ट्रपति कार्यकाल 10 अगस्त 2027 को समाप्त हो रहा है। जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति बनने से पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के तौर पर सेवाएं दीं।
आंध्र प्रदेश में ओएनजीसी के कुएं में गैस लीक
आंध्र प्रदेश के कोनासीमा के मामीदीकुदुरु मंडल के पसारलापुदी गांव में स्थित ओएनजी के कुएं नंबर 21 में गैस लीक हुई है। ड्रीलिंग के दौरान ये घटना घटी। हालांकि हालात पर तुरंत काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अग्निशमन दल को घटनास्थल के पास तैनात कर दिया गया है ताकि आग लगने की किसी भी घटना से निपटा जा सके। ओएनजीसी के अधिकारियों का कहना है कि पूरी तरह से सुरक्षित होने के बाद ही ड्रीलिंग का काम आगे किया जाएगा।
मेघालय में पुलिस हिरासत में बंदी पर 'हमला' करने के आरोप में एसआई और चार कांस्टेबल निलंबित
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा पुलिस थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक और चार कांस्टेबलों को इस महीने की शुरुआत में एक बंदी पर कथित तौर पर हमला करने और उसे शौचालय से पानी पीने के लिए मजबूर करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस कर्मियों द्वारा कथित हमले के दौरान घायल हुए बंदी की मां द्वारा 7 जुलाई को दर्ज कराई गई शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने बताया, 'एसडीपीओ बी. वान्सवेट के नेतृत्व में एक स्वतंत्र जांच में प्रथम दृष्टया कदाचार के सबूत मिले। जांच के बाद, एक उप-निरीक्षक सहित पांच कर्मियों को निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई।' उन्होंने बताया कि जांच के दौरान, सोहरा पुलिस थाने में बंदी के खिलाफ एक अलग आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है तथा दूसरे पुलिस थाने के एक अधिकारी द्वारा जांच की जा रही है। यह मामला 1 जुलाई को मावकिसिएम इलाके के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर से उत्पन्न हुआ है, जहां बंदी और उसका परिवार रहता है।
उस व्यक्ति पर इलाके के लोगों पर हमला करने, सार्वजनिक रूप से अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी को उसकी मां 3 जुलाई को सोहरा पुलिस थाने लेकर आई थी, क्योंकि वह पहले गिरफ्तारी से बच रहा था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि उनकी मेडिकल जांच की गई और उसी शाम उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। हालांकि, बाद में उसकी मां ने पुलिस कर्मियों पर हिरासत में उसके साथ मारपीट करने, उसके साथ अमानवीय व्यवहार करने और उसके बेटे को पुलिस स्टेशन के शौचालय से पानी पीने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। अधिकारी ने कहा, 'मेघालय पुलिस किसी भी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।'
बंगलूरू के तवारेकेरे में नाबालिग लड़की की हत्या; जांच जारी
बंगलूरू पुलिस ने बताया कि बंगलूरू दक्षिण जिले में एक 14 वर्षीय लड़की की उसके घर पर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। छठी कक्षा की छात्रा, तवारेकेरे शहर में उस दिन स्कूल से घर पर ही थी। पुलिस ने बताया कि उसके माता-पिता, जो कोप्पल के दिहाड़ी मजदूर हैं, वारदात के समय एक काम पर गए हुए थे।
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने घर में घुसकर लड़की पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे उसे कई चोटें आईं। शाम को घर लौटने पर उसके माता-पिता ने उसका शव देखा। मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को शव की स्थिति के आधार पर यौन उत्पीड़न का संदेह है, लेकिन कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि का इंतजार है। रामनगर के पुलिस अधीक्षक आर. श्रीनिवास गौड़ा ने कहा कि जांच जारी है और पोस्टमार्टम के बाद और जानकारी सामने आएगी।
मणिपुर के चुराचांदपुर में भारी बारिश
मानसून के असर से देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। पूर्वोत्तर भारतीय प्रदेश मणिपुर के चुराचांदपुर में हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। मंगलवार दोपहर से शुरू हुई बारिश रात भर जारी रही और बुधवार को भी पूरे क्षेत्र में बारिश होती रही। चुराचांदपुर में टेडिम रोड और तुइबोंग मार्केट सहित कई इलाके जलमग्न हैं। लान्वा नदी के उफान पर होने से पियर्सनमुन और मुआलकोई के बीच कई गांवों में बाढ़ आ गई है।
24 जुलाई तक हिरासत में रहेगा कोयंबटूर धमाके का आरोपी
1998 के कोयंबटूर बम विस्फोट और कई सांप्रदायिक हत्याओं के मुख्य आरोपी टेलर राजा को गुरुवार को एक अधिकारी ने 24 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। लगभग 29 साल तक फरार रहने के बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादिक उर्फ राजा उर्फ टेलर राजा उर्फ वलारंथा राजा उर्फ शाहजहां अब्दुल मजीद मकानदार उर्फ शाहजहां शेख के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी कोयंबटूर का रहने वाला है और पिछले 29 साल से फरार है और 1996 के बाद से उसे कभी गिरफ्तार नहीं किया गया।
कर्नाटक के हासन में संपत्ति विवाद में शख्स ने पिता और भाई की हत्या की
हासन पुलिस ने बताया कि हासन जिले के होलेनरसीपुरा तालुका में संपत्ति विवाद को लेकर अपने पिता और भाई की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गुरुवार को एक 47 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मृतक देवेगौड़ा (70) ने हाल ही में अपनी संपत्ति बेची थी। पुलिस ने बताया कि उनके बेटे मोहन गौड़ा कथित तौर पर इस बात से नाराज थे कि उन्हें संपत्ति की कीमत का हिस्सा नहीं मिला था। गुरुवार तड़के, मोहन नशे की हालत में घर लौटा और कथित तौर पर अपने पिता और बड़े भाई मंजूनाथ गौड़ा (50) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने अपनी मां जयम्मा पर भी हमला करने की कोशिश की, जो घर से भागकर किसी तरह बच निकलीं।