हैदराबाद में नकली चांदी के वर्क बनाने वाली चार इकाइयों का भंडाफोड़
हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को चार ऐसी इकाइयों का भंडाफोड़ किया, जहां चांदी के नाम पर एल्युमिनियम का वर्क बनाकर बेचा जा रहा था। चारमीनार और आसपास के इलाकों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 49 बंडल नकली चांदी की पत्तियां, एल्युमिनियम के फ्लेक्स और एक किलो नकली चांदी की परत चढ़ी चीनी की गोलियां जब्त कीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना वैध एफएसएसएआई लाइसेंस के खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाला नकली वर्क बना रहे थे। इसे काजू कतली, काजू रोल और मीठे पान में इस्तेमाल के लिए मिठाई की दुकानों तक पहुंचाया जाता था। वहीं, एल्युमिनियम की परत चढ़ी चीनी की गोलियां बेकरी में केक की सजावट के लिए भेजी जाती थीं। पुलिस ने चारों इकाइयों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। ऐसे गैर-खाद्य ग्रेड एल्युमिनियम के लंबे समय तक सेवन से किडनी, तंत्रिका तंत्र, हड्डियों और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
तेलंगाना में एक करोड़ परिवारों को मिलेगा पांच लाख रुपये का बीमा
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने राज्य के एक करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपये का बीमा देने वाली इंदिरम्मा फैमिली इंश्योरेंस योजना शुरू करने की घोषणा की है। योजना की आवेदन प्रक्रिया 19 नवंबर को सिद्दीपेट में आयोजित जनसभा से शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलग-अलग सरकारी विभागों की मौजूदा बीमा योजनाओं को एक ही योजना के तहत लाने का निर्देश दिया है। अभी सरकारी योजनाओं में दो लाख रुपये तक का जीवन बीमा और 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। नई योजना के तहत जीवन बीमा की राशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये की जाएगी, जबकि मौजूदा दुर्घटना बीमा का लाभ जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पहले से सरकारी बीमा का लाभ ले रहे किसी भी व्यक्ति को योजना से बाहर नहीं किया जाना चाहिए। इसी कार्यक्रम में गरीब महिलाओं को इंदिरम्मा साड़ियों का वितरण भी शुरू होगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि हर पात्र महिला तक साड़ी पहुंचे। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।