फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअप: देश-विदेश की बड़ी खबरों के साथ हाजिर हैं हम

Tue, 05 Apr 2016 07:12 PM IST
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, दिल्ली

सार

  • रिक्‍शा के बदले मांगी पीएम मोदी ने एक भीख
  • बिहार में अंग्रेजी के बाद देसी शराब भी बंद
विज्ञापन
न्‍यूज
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गरीब तबके और दलितों के लिए बनी योजना स्टैंडअप इंडिया की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा पहुंच कर औपचा‌र‌िक शुरूआत की। यहां पीएम मोदी ने लोगों से चाय पर चर्चा की और इसके बाद उन्होंने ई-‌र‌िक्शा की सवारी की और मंच तक पहुंचे।
विज्ञापन


इस योजना के माध्यम से सरकार दलित महिलाओं या पुरुषों के लिए बैंकों में लोन लेना आसान कर रही है। ई-रिक्शा हो या अपना कोई काम करने की इच्छा, इस स्कीम के तहत आसानी से लोन पाया जा सकता है।

कार्यक्रम की श‌ुरूआत पीएम ने बाबू जगजीवन राम को पुष्प अर्पण करके ‌क‌िया। पीएम के साथ आगे की कतार में पीएम के अलावा वित्त मंत्री अरुण जेटली, राज्यपाल राम नाइक, केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिन्हा, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा, डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंस की सचिव अंजली दुग्गल, दलित चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के फाउंडर मिलिंद कांबले, भारतीय माइक्रो क्रेडिट के प्रबंध निदेशक विजय पांडेय, विधायक विमला बाथम और सपा के कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर शामिल हैं।
विज्ञापन


इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने ई-रिक्शा मालिकों से एक अनोखी भीख भी मांग ली। उन्होंने कहा कि वो चाहते हैं कि ई-रिक्शा चालक उन्हें अपने बच्चों की शिक्षा की भीख दे दें। उन्होंने कहा क‌ि वो लड़‌क‌‌ियों को जरूर पढ़ाएं।

नीतीश का फैसला, बिहार में अंग्रेजी के बाद देसी शराब भी बंद

नीतीश कुमार
एक अप्रैल से बिहार में शराब बंदी का आदेश लागू करने वाली बिहार की नीतीश सरकार ने पांच दिन में ही एक और बड़ा फैसला ले लिया है। सरकार ने अब अंग्रेजी शराब को भी पूरी तरह बैन करने का फैसला किया है। कैबिनेट की बैठक में आज यह फैसला लिया गया। 

नीतीश सरकार का यह फैसला इसलिए औचकभरा है क्योंकि शराब बंदी के प्रथम चरण में शहरी इलाकों में अंग्रेजी शराब की बिक्री को छूट दी गई थी। वहीं इस घोषणा के बाद देश के उन चंद राज्यों में शामिल हो गया है जहां शराब पर पूरी तरह पाबंदी है। 

बता दें कि विधानसभा चुनाव से पूर्व नीतीश ने वादा किया था कि अगर उनकी सरकार में वापस आती है तो शराब पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी जाएगी। सत्ता में आने के चंद दिनों बाद ही नीतीश ने अपना वादा निभाते हुए राज्य में शराब बंदी की घोषणा कर दी थी। 

जिसे बीते एक अप्रैल से लागू भी कर दिया गया। शराब पर यह पाबंदी दो चरणों में होनी थी। प्रथम चरण में पूरे राज्य में देसी शराब और देहात के क्षेत्रों में अंग्रेजी शराब की बिक्री पर पाबंदी लगाई गई थी। सरकार द्वारा जारी लाइसेंस वाली दुकानों और होटल एवं बार को शराब बिक्री और परोसने की छूट दी गई थी। 

आरबीआई ने घटाई ब्याज दरें, कम हो जाएगी आपकी ईएमआई

रघुराम
रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा के बाद ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट यानी 0.25 प्रतिशत की कटौती कर दी गई है। इस कटौती के बाद रेपो रेट 6.5 फीसदी हो गया है, जो पहले 6.75 प्रतिशत था। वहीं दूसरी ओर रिजर्व बैंक ने सीआरआर में कोई बदलाव नहीं किया है, बल्कि उसे 4 प्रतिशत पर ही कायम रखा है। 

ब्याज दर में की गई इस कटौती से ईएमआई में भी कटौती हो जाएगी, जिससे सबसे अधिक फायदा लोन लेने वाले लोगों को होगा। यह नया नियम 1 अप्रैल से लागू माना जाएगा।

आपको बता दें कि रेपो रेट वह रेट है, जिस पर बैंक रिजर्व बैंक से कर्ज लेते हैं। ऐसे में जब बैंकों पर ब्याज कम लगेगा, तो बैंक अपने ग्राहकों से भी कम ब्याज दर की मांग करेंगे।

राजन ने कहा कि अगर मानसून अच्छा रहा तो भविष्य में ब्याज दरों में और भी कटौती की जा सकती है। साथ ही वे बोले कि भविष्य में ब्याज दरों के निर्धारण में महंगाई भी अहम भूमिका अदा करेगी।

पुल से गिरा कैदी वाहन, पांच की मौत

पु‌ल‌िस वाहन
गोरखपुर में  कैदी वाहन पुल से गिर गया है, इस हादसे में तीन सिपाही, दो बंदियों की मौत गयी । बेलीपार के बिजरा पुल से मंगलवार की दोपहर कैदियों की जीप नीचे खाई में गिर गई।

गंभीर रूप से घायल एक सिपाही और एक बंदी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। जहां राममिलन की भी मौत हो गयी। दरअसल पुलिस लाइन से सिपाही अवधेश यादव, सच्चिदानंद पांडेय, राधेश्याम राय और गौरी शंकर कैदी वाहन से बंदी भरत कुमार और राममिलन को लेकर बासगांव पेशी पर गए थे।

दोपहर दो बजे बंदी को लेकर जेल लौट रहे थे। गोरखपुर -वाराणसी मार्ग पर बेलीपार के बिजरा पुल पर सामने से आ रही जीप का टायर फट गया। टक्कर से बचने के लिए सच्चिदानंद ने जीप किनारे किया।

रफ़्तार तेज होने के कारण पुल की रेलिंग तोड़ जीप नीचे करीब 30 फीट नीचे गिर गई। हादसे में बंदी भरत के अलावा जीप चला रहे सच्चिदानंद और सिपाही अवधेश यादव, राधेश्याम राय की मौत हो गई। वहीं अस्पताल में बंदी राममिलन की इलाज के दौरान मौत हो गयी।

सुरक्षाबलों और आतंक‌ियों के बीच कुपवाड़ा में मुठभेड़

भारतीय सैन‌िक
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ शेखपुरा के लालपोरा क्षेत्र में हुई। कुपवाड़ा से यह क्षेत्र करीब सौ किमी दूर है। इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। 

सेना को दर्दपुरा लोलाब के जंगल में लश्कर के दो-तीन आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी और इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया।

सुरक्षाबलों ने पूरे जंगल में सर्च अभ‌ियान चला रखा है। अभी तक कोई भी आतंकी सुरक्षा बलों की पकड़ में नहीं आया है। 

पाक क्रिकेट टीम को मिला नया कप्तान

शाहिद अफरीदी
शाहिद अफरीदी की कप्तानी छोड़ने के 40 घंटे के भीतर ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम को नया कप्तान मिल गया। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज शरफराज अहमद पाक टी-20 के नए कप्तान चुने गए हैं। सरफराज वनडे में उपकप्तान की भूमिका में पहले से ही हैं। जबकि कप्तान अजहर अली हैं। पाक के टेस्ट कप्तान मिसबाह उल हक हैं।

पाक क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान ने कहा कि मंगलवार सुबह उन्होंने सरफराज को फोन कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अफरीदी के बाद वही कप्तानी में उनकी पहली पसंद हैं, उम्मीद भी जताई कि सरफराज अपनी नई जिम्मेदारी अच्छे से पूरा करेंगे।

गौरतलब है कि रविवार को शाहिद अफरीदी ने वर्ल्ड कप में पाक के निराशाजनक प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उन्होंने संन्यास की अटकलों को विराम दिया और कहा था कि वह आगे क्रिकेट खेलत रहेंगे, बशर्ते उन्हें टीम में रखा जाए।

‌एशिया कप और वर्ल्ड कप में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाक टीम मैनेजर इंतिखाब आलम ने पांच पेज की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी थी, जिसमें अफरीदी पर मैदान के अंदर और बाहर गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया। इसके बाद उनकी कप्तानी से छुट्टी लगभग तय थी।

अफरीदी के कप्तानी छोड़ने के एक दिन बाद सोमवार को टीम के मुख्य कोच वकार युनूस ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। 

मोदी जी ने ISI को बुलाकर भारत माता की पीठ पर छुरा घोंपा है

अरविंद केजरीवाल
पठानकोट हमले को लेकर जांच करने आई पाकिस्तानी जेआईटी टीम की रिपोर्ट लीक होने के बाद आज सुबह से ही राजनीतिक गलियारों में कोहराम मचा हुआ है। इसी लीक रिपोर्ट को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज सीधे-सीधे पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए पूछा कि आखिर उन्होंने पाकिस्तान के सामने घुटने क्यों टेके।

केजरीवाल ने अपने प्रेस कांफ्रेंस में पीएम मोदी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस का आचरण 'मुंह में राम बगल में छुरी' जैसा है। एक तरफ तो भारत माता की जय बोलते और बुलवाते हैं और दूसरी तरफ आईएसआई को बुलाकर बिरयानी खिलाकर भारत माता की पीठ पर छुरा भोंकते हैं।

बता दें कि केंद्र सरकार ने पाकिस्तान की जिस जेआईटी टीम को पठानकोट हमले की जांच के लिए बुलाया था उसने अपनी रिपोर्ट में कहा है ये 'भारत का ड्रामा' है। पाकिस्तानी ‌जांच टीम की रिपोर्ट में ये बात है कि भारत ने पठानकोट हमला पाकिस्तान के खिलाफ दुष्प्रचार के लिए किया था।

सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के इतने सालों तक किसी भी प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के सामने घुटने नहीं टेके, लेकिन मोदी ऐसे पहले पीएम हैं जिन्होंने न जाने किस दबाव के चलते पाकिस्तान के आगे घुटने टेक दिए।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने तो पूरी तरह से भारत की विदेश नीति ही बदलकर रख दी है। कल तक हम विश्वभर में कहते थे कि आईएसआई हमारे यहां आतंकी हमले करा रहा है और आज हम उसी को जांच के लिए बुला लाए।
विज्ञापन

प्रत्यूषा के ब्वॉयफ्रेंड राहुल पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

प्रत्यूषा के ब्वॉयफ्रेंड राहुल
टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी के ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह पर मुंबई पुलिस ने उन्हें आत्महत्या के ‌लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। चर्चित टीवी धारावाहिक 'बालिका वधू' की मुख्य किरदार 'आनंदी' की भूमिका निभा चुकी 24 वर्षीय प्रत्यूषा को बीते शुक्रवार को अंधेरी स्थित उनके घर में मृत पया गया था। इसके बाद पुलिस ने उनके ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह से पूछताछ की थी। लेकिन इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक पुलिस ने उन पर मुकदमा दर्ज कर उनसे दोबारा पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामले में राहुल के लिए उनके पिता ने वकील भी नियुक्त कर दिया है। राहुल के वकील नीरज गुप्ता ने बताया कि राहुल का इलाज चल रहा है। उन्हें आईसीयू से जनरल वार्ड में भेज दिया गया है। लेकिन अभी उनकी हालत पूछताछ के लायक नहीं है।

ऐसे में पुलिस लगातार प्रत्यूषा और राहुल के दोस्तों से जानकारी खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक प्रत्यूषा के दस दोस्तों के एक समूह ने मामले में जांच पड़ताल को आगे बढ़ाने में काफी अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस ने कहा कि उन दस लोगों की पहचान नहीं बताने के शर्त पर उन्हें सहयोग के लिए तैयार किया गया है। उनके द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर ही पुलिस ने यह मामला तय किया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें