फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअपः यूपी में पिछड़ा, पंजाब में भाजपा का दलित कार्ड, पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें

Fri, 08 Apr 2016 07:06 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने केशव प्रसाद मौर्य के नाम पर मुहर लगा दी है। मौर्य उत्तर प्रदेश के फूलपुर से सांसद और साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में होने वाले चुनावों के चलते उनके नाम का ऐलान किया गया है। भाजपा की तरफ से केशव प्रसाद मौर्य के नाम का ऐलान चुनाव समीकरण को ध्यान में रखकर भी किया गया है।
विज्ञापन


केशव प्रसाद मौर्य इलाहाबाद के रहने वाले हैं। वर्ष 2012 में विधायक चुने गए थे। बाद में वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश के फूलपुर से सांसद चुने गए थे। भाजपा से जुड़े विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक केशव प्रसाद मौर्य पर दांव सोची समझी रणनीति के तहत लगाया है। केशव प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। 

इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला को पंजाब, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा को कनार्टक, डॉ. के लक्ष्मण को तेलंगाना, तापिर गाओ को अरुणाचल प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा के विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इस पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है। भविष्य में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान करेगी। 
विज्ञापन


वहीं उत्तर प्रदेश के नए अध्यक्ष के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में दस मुकदमे दर्ज हैं। 2011 में हुए मोहम्मद गौस हत्याकांड में भी वह आरोपी हैं।  बचपन में संघर्षपूर्ण जीवन बिताने वाले केशव प्रसाद मौर्य के पास अब करोड़ों की संपत्ति है। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने जो हलफनामा दिया था उसके मुताबिक उनके और उनकी पत्नी के नाम पर पेट्रोल पंप है। इसके अलावा एग्रो ट्रेडिंग कंपनी सहित कामधेनु लॉजिस्टिक के मालिक भी हैं। मौर्य दंपति जीवन ज्योति अस्पताल में पार्टनर भी हैं।

शनि शिंगणापुर में टूटी 400 साल पुरानी परंपरा 

- फोटो : ANI
महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर में ट्रस्ट की तरफ से अब महिलाओं को भी पूजा करने की इजाजत मिल चुकी है। आपको बता दें कि पिछले 400 सालों के इतिहास में यह पहली बार हुआ है। अब तक महिलाओं को शनि शिंगणापुर मंदिर में घुसकर पूजा करने की इजाजत नहीं थी।

काफी समय इस मंदिर को लेकर विवाद चल रहा था। यहां पर पुरुषों को तो पूजा करने की अनुमति थी, लेकिन महिलाओं को ट्रस्ट पूजा करने की अनुमति नहीं देता था, जिसे 400 साल पुरानी परंपरा से जोड़कर देखा जाता था।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी आदेश दे दिया था कि महिलाओं को शनि शिंगणापुर मंदिर में पूजा पाठ से नहीं रोका जाए, लेकिन बावजूद इस आदेश के मंदिर ट्रस्ट महिलाओं को पूजा करने की अनुमति नहीं दे रहा था।

वहीं इससे पूर्व शनि शिंगणापुर मंदिर में पुरुष श्रद्धालु बैरिकेड तोड़कर अंदर जा घुसे और चबूतरे पर चढ़कर पूजा की। आपको बता दें कि यहां महिला और पुरुष दोनों को ही चबूतरे पर चढ़कर पूजा करने की मनाही है। कुछ देर तो पुरुष श्रद्धालु शान्तिपूर्वक शनि महाराज की पूजा होते हुए देख रहे थे लेकिन अचानक ही एक समूह बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश करने लगा। पुरुष श्रद्धालुओं के उस ग्रुप ने बैरिकेड तोड़ा और अंदर घुसकर शनि शिंगणापुर मंदिर के चबूतरे तक जा पहुंचे और पूजा की।

शोपियां में भीड़ ने आतंकी का शव छीना, बवाल

पांपोर आंतकी हमला - फोटो : PTI
जम्मू कश्मीर के शोपियां में सैकड़ो लोगों की भीड़ ने पुलिस पर हमला कर वीरवार को मारे गए आतंकी का शव छीनकर गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। कल सुरक्षाबलों ने शोपियां में एक मुठभेड़ में हिजबुल के दो आतंकियों को मार गिराया था। मारे गए आतंकियों के नाम नसीर अहमद पंड़‌ित और वसीम मल्‍ला है। इस मुठभेड़ में मारा गया आतंकवादी नसीर अहमद पंड़‌ित जम्मू कश्मीर पुल‌िस में स‌िपाही रह चुका है। 

एक साल पहले नसीर श्रीनगर में पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी के न‌िवास पर बतौर गार्ड तैनात था। वहीं से वह सरकारी हथ‌ियार लेकर फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में मारे गए सभी आतंकी ह‌िजबुल कमांडर बुरहान वानी के ग्रुप के सदस्य थे।

प्रदर्शनकारियों ने शव ले जा रही पुलिस की बुलेटप्रूफ गाड़ी को हाईजैक कर लिया। वे उसे पुलवामा से पांच किलेामीटर दूर करीमाबाद ले गए और उसे आग लगा दी। करीमाबाद में नसीर के जनाजे में हजारों लोग शामिल हुए। साथ ही अज्ञात आतंकियों ने नसीर को 21 बंदूकों की सलामी दी। इसमें भी हजारों लोग शामिल हुए। 

ओमन चांडी ने महिला के खिलाफ दर्ज कराया मानहानि का मुकदमा

केरल के मुख्यमंत्री ओमान चांडी ने सरिता नायर, एशिया नेट न्यूज सहित एक अन्य स्थानीय समाचार चैनल के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया है। गौरतलब है कि राज्य में मुख्यमंत्री चांडी पर सोलर स्कैम करने का आरोप लगा था। उन पर आरोप है कि इन्होंने इस घोटाले में करोड़ो रुपए घूस लिया है।

वहीं चांडी ने शुक्रवार को एर्नाकुलम के चीफ ज्यूडिसियल मजिस्ट्रेट की अदालत में  सरिता नायर समेत पांच अन्य के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया है। चांडी ने आरोप लगाया है कि जिस चिट्ठी के आधार को बनाकर उनके भ्रष्टाचार में शामिल होने की बात कही जा रही है वो 2013 में लिखी गई थी। ठीक चुनाव के कुछ दिनों पहले उसे सामने लाना राजनीतिक षड़यंत्र के अलावा कुछ नहीं है।

चांडी द्वारा दर्ज कराए गए मानहानि के मामले में संपादत एशिया नेट न्यूज एम जी राधाकृष्णन, सीनियर न्यूज एंकर वीनू न जॉन, चीफ न्यूज एडिट कैराली न्यूज मनोज के वर्मा और सीनियर न्यूज एडिटर कैराली न्यूज के. राजेंद्रन और सरिता नैयर का नाम शामिल है। इस मामले की सुनवाई 28 मई को तय की गई है। गौरतलब है कि सोलर स्कैम के मामले में तब नया मोड़ आ गया था जब सरिता ने चांडी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाा था।

तंजील अहमद हत्याकांड में नया मोड़, डीजीपी ने कहा कोई खुलासा नहीं

- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के डीजीपी जाविद अहमद ने कहा है कि तंजील हत्याकांड में अभी कोई खुलासा नहीं किया गया है। वह आज बिजनौर दौरे पर आए हुए हैं। माना जा रहा था कि वह तंजील हत्याकांड का खुलासा करेंगे। 

पुलिस लाइन में वार्ता के लिए पत्रकार बुलाए गए पर डीजीपी ने काफी देर बंद कमरे में मरहूम तंजील अहमद के परिजनों से गुफ्तगू करने के बाद पत्रकारों से कहा कि अभी हत्याकांड को लेकर कोई खुलासा नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि हत्याकांड को लेकर सौ से अधिक लोगों से पूछताछ की गयी है। एनआईए और यूपी पुलिस हत्याकांड के खुलासे को मिलकर काम कर रही है। कुछ ऐसे लोग भी मिले हैं जो हत्याकांड की पूरी सूचना रखते हैं जो हत्याकांड का खुलासा करने में मुफीद होंगे।  डीजीपी ने तंजीम हत्याकांड को लेकर अभी तक किसी गिरफ्तारी होने से भी इनकार किया है।
 
पत्रकारों से बात करके डीजीपी मौके की ओर रवाना हो गए। उधर मरहूम तंजील अहमद के कस्बे सहसपुर का पूरा बाजार आज बंद है।

नरेन के गेंदबाजी एक्‍शन को आईसीसी ने दी मंजूरी

वेस्टइंडीज के सुनील नारायण के गेंदबाजी एक्शन को आईसीसी ने मंजूरी दे दी है। जिससे अब वह अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में गेंदबाजी कर सकते हैं। उनकी आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स ने इससे राहत की सांस ली है।

आईसीसी ने इसकी पुष्टि कर दी। उनके एक्शन की दोबारा जांच में पाया गया कि गेंद डालते समय उनकी कोहनी आईसीसी द्वारा निर्धारित 15 डिग्री की सीमा के भीतर मुड़ रही है। अंपायरों को अगर लगता है कि उनके एक्शन में खामी है तो वे फिर इसकी शिकायत कर सकते हैं। उनके एक्शन की दोबारा जांच 28 मार्च को चेन्नई के श्री रामचंद्र यूनिवर्सिटी सेंटर में की गई।

नारायण के एक्शन की शिकायत सात नवंबर 2015 को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान की गई थी। वह अपने एक्शन पर काम करने के लिए एक साल से कैरेबियाई टीम से बाहर हैं।

उत्तराखंड के सियासी संकट पर 18 अप्रैल को होगी सुनवाई

हाईकोर्ट भवन नैनीताल - फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में लगे राष्ट्रपति शासन स‌हित अन्य मामलों पर नैनीताल हाईकोर्ट में अगली सुनवाई आगामी 18 अप्रैल को होगी। कांग्रेस के बागी विधायकों के मामले में उच्च न्यायालय ने 18 अप्रैल को अन्य याचिकाओं के साथ सुनने को कहा है। याचिकाकर्ता इंदिरा हृदेश ने यूनियन ऑफ़ इंडिया एवं अन्य को प्रतिवादी बनाते हुए न्यायालय से कहा था की एकलपीठ ने जो इन्हें मतदान करने का अधिकार दिया था उसपर रोक लगाई जाए।

प्रतिवादी के अधिवक्ताओं ने न्यायालय से समय मांगा जिस पर न्यायालय ने राष्ट्रपति शासन समेत अन्य याचिकाओं के साथ मामले को 18 अप्रैल को सुनने को कहा है। अब आगामी 18 अप्रैल को बागी विधायकों के मामले सहित उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने संबंधी याचिका पर न्यायालय में सुनवाई होगी।

इससे पहले गुरुवार को हाईकोर्ट ने उत्तराखंड विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के एकलपीठ के आदेश को 19 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया है। राष्ट्रपति शासन लागू करने के मामले में बागी विधायकों के पक्षकार बनने की अर्जी को स्वीकार करते हुए उनके पक्ष पर शुक्रवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन अब अगली सुनवाई 18 अप्रैल को होगी।
विज्ञापन

आप ने पंजाबी गायक को छह साल के लिए पार्टी से निकाला

आम आदमी पार्टी ने गलत बयानबाजी के चलते पंजाबी गायक जस्सी जसराज को 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया है। पंजाब कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर ने उन्हें पार्टी से निकालने की पुष्टि की है।

आरोप है कि जस्सी जसराज लंबे समय से आप सांसद भगवत मान और पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे। जस्सी ने आम आदमी पार्टी के पंजाब कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर पर भी आरोप लगाते हुए कहा था कि कांग्रेसी या अकाली नेताओं को पार्टी में लाना कोई अच्छा काम नहीं है। 

उन्होंने आरोप लगाया था कि उन नेताओं को पार्टी में लाया जा रहा है जो पहले ही दागी हैं। जस्सी जसराज ने आम आदमी पार्टी की तरफ से 2014 में भटिंडा से अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल और कांग्रेस के मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें