महाराष्ट्र: MHADA की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले दो लोग गिरफ्तार
महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण का नकली पोर्टल बनाकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंबई पुलिस की साइबर अपराध इकाई की शाखा ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी वेबसाइट बनाने के बाद सरकारी आवास योजना के तहत फ्लैट दिलाने के बहाने लोगों से ठगी करते थे।
आरोपियों में से एक की पहचान कल्पेश सेवक के रूप में ही है। कल्पेश का एक और साथी अमोल पटेल खुद को म्हाडा का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
बंगलूरू में पब से घर लौट रही छात्रा के साथ दुष्कर्म, केस दर्ज
बंगलूरू के सिटी कॉलेज की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शनिवार देर रात उस वक्त हुई, जब युवती कोरमंगला के एक पब में पार्टी के बाद हेब्बागोडी स्थित अपने घर लौट रही थी। रास्ते में उसने एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार से लिफ्ट ली, लेकिन उसने मौके का फायदा उठाकर उसे अपनी हवस का शिकार बना दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता ने शनिवार रात पब में दोस्तों के साथ जमकर शराब पी। इसके बाद, वह दोस्तों के साथ कार से घर के लिए निकली। रास्ते में वह कार से उतर गई और एनएमजी जंक्शन के पास उसने एक बाइक सवार से लिफ्ट ली, जिसने उसका यौन उत्पीड़न कर सूनसान जगह फेंक कर फरार हो गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) रमन गुप्ता ने कहा, केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
बंगाल : ट्रक से टकराई एसयूवी छह लोगों की मौत, एक घायल
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के गौर रेलवे स्टेशन के पास एक एसयूवी के ट्रक से टकराने से छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति घायल हो गया। सभी मृतक अलीपुर के रहने वाले थे। हादसा शनिवार आधी रात को राष्ट्रीय राजमार्ग 12 पर हुआ। ट्रक के कालियाचक से मालदा शहर की तरफ आने के दौरान यह हादसा हुआ। बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों और पुलिस ने शवों को निकालने के बाद दो अन्य घायलों को अस्पताल भेजा था।
कर्नाटक : जीका वायरस के पांच मामले आए सामने
कर्नाटक के बंगलूरू में जीका वायरस के पांच मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने रविवार को बताया कि 4 से 15 अगस्त के बीच बंगलूरू के जिगानी में यह मामले सामने आए हैं। मंत्री राव ने आगे बताया कि जीका वायरस का पहला मामला सामने आने के बाद आसपास के इलाकों में जांच की गई। इस दौरान जीका संक्रमण के पांच मामले पाए गए। इसके मुताबिक रोकथाम की गई है। उन्होंने आगे कहा कि जीका के भी साधारण लक्षण हैं और इसका इलाज डेंगू जैसा ही है।
Assam: हिमंत बस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस की तारीफ की
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने बहुत प्रतिकूल परिस्थितियों में संविधान के सिद्धांतों को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि असम के डॉक्टरों ने भी राज्यपाल से मुलाकात की और कोलकाता के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर की हत्या के लिए न्याय और चिकित्सा पेशेवरों के लिए सुरक्षा की मांग की है।