पुलिस ने हत्या के प्रयास और अन्य आरोपों के दो आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया है। यह दोनों गुर्गे अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हुए हैं।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा इलाके के एक अस्पताल में एक मरीज से मिलने के बाद मुंबई के भांभाड़ा इलाके की 42 वर्षीय एक महिला तीन जून को लौट रही थी, जब मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों ने उसका मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए थे। नालासोपारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस जांच दल ने सीसीटीवी फुटेज, खुफिया और तकनीकी जानकारी सहित विभिन्न सुरागों पर काम किया और 14 जुलाई को 36 और 38 साल की उम्र के दो लोगों को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में उनके पैतृक स्थान से चेन झपटमारी के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान यह पता चला कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और हरियाणा में हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, चोरी, गंभीर हमला, डकैती की तैयारी और खतरनाक हथियार रखने जैसे आरोपों में 38 मामले दर्ज हैं। अब नालासोपार पुलिस ने शनिवार को मकोका के तहत इनके खिलाफ मामला दर्ज किया।
टीएमसी विधायक जीबन कृष्ण साहा को ईडी का समन
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में स्कूलों में नौकरियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक जीवन कृष्ण साहा को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
अधिकारी ने रविवार को बताया कि साहा को सीबीआई ने घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर गिरफ्तार किया था और बाद में रिहा कर दिया गया था। अब उन्हें सोमवार को एजेंसी के कोलकाता कार्यालय में ईडी के अधिकारियों के समक्ष पेश होने को कहा गया है।
ईडी अधिकारी ने बताया, 'साहा को स्कूल नौकरियों की भर्ती घोटाले में पूछताछ के लिए सोमवार सुबह कार्यालय में आने के लिए कहा गया है।'
केंद्रीय जांच एजेंसी ने इससे पहले घोटाले के सिलसिले में साहा की पत्नी से पूछताछ की थी। सीबीआई ने साहा को अप्रैल 2023 में कई दिनों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। उन्हें इस साल मई में रिहा किया गया था और वर्तमान में वह जमानत पर बाहर हैं।
NEET PG: केरल के लिए परीक्षा केंद्र की घोषणा कल
केरल में नीट पीजी के लिए परीक्षा केंद्र की घोषणा 5 अगस्त को होगी। केरल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने यह जानकारी दी। दरअसल केरल में सैकड़ों एमबीबीएस डॉक्टर लगातार राज्य में नीट पीजी परीक्षा केंद्र की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 31 जुलाई को मैंने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से बात की और यहां केंद्र की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए एक अनुरोध पत्र सौंपा। उन्होंने कहा, शनिवार को जेपी नड्डा ने मुझे बताया कि अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है और 5 अगस्त को परीक्षा केंद्र की घोषणा की जाएगी। के सुरेंद्रन ने सभी केरलवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया। उन्होंने 31 जुलाई को जेपी नड्डा को लिखा गया पत्र भी साझा किया।
त्रिपुरा में 12 करोड़ से ज्यादा का नशीला पदार्थ जब्त
असम राइफल्स ने सीमा शुल्क विभाग के साथ संयुक्त अभियान में शनिवार को त्रिपुरा के हेजामारा क्षेत्र से 80,000 याबा गोलियां जब्त कीं। जब्त की गई इन गोलियों की कीमत 12.8 करोड़ रुपये है। याबा एक शक्तिशाली और नशीला उत्तेजक पदार्थ है, जो भारत में अवैध है। इससे पहले 13 जुलाई को असम राइफल्स ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था और नुइलैंड-दीमापुर रोड के पास 7 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन बरामद की थी।
रांची में दरोगा की गोली मारकर हत्या
झारखंड की राजधानी रांची में बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। स्पेशल ब्रांच में तैनात सब इंस्पेक्टर अनुपम कच्छप शुक्रवार रात करीब दो बजे कांके थाना के रिंग रोड क्षेत्र में खून से लथपथ पाए गए। आनन-फानन में उन्हें राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रांची के डीआईजी अनूप बिरथरे ने बताया कि एसआई को दो गोलियां लगीं, जो उनकी पीठ के आर-पार हो गई थीं। उन्होंने कहा, अनुपम एक पार्टी से लौट रहे थे, तभी यह घटना होने की आशंका है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजनेस की जगह इकोनॉमी क्लास में बैठाया, एअर इंडिया पर भड़के ग्रैमी अवॉर्ड विजेता
ग्रैमी अवॉर्ड विजेता रिकी केज ने एअर इंडिया के रवैये पर गहरी नाराजगी जाहिर की। दरअसल, उन्होंने शनिवार सुबह मुंबई से बंगलूरू जाने के लिए बिजनेस क्लास में टिकट बुक कराई थी, लेकिन जब वह हवाईअड्डे पहुंचे तो पता चला बिना किसी कारण उनकी सीट को डाउनग्रेड कर इकोनॉमी क्लास में कर दिया गया है। यही नहीं, एयरलाइन की तरफ से उन्हें रिफंड देने में भी असमर्थता जता दी गई।
केज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि एयरलाइन स्टाफ ने उनके साथ असभ्य व्यवहार किया। हालांकि, बाद में एयरलाइन ने सफाई दी कि कुछ तकनीकी कारणों से विमान को पूरी तरह इकोनॉमी क्लास में बदल दिया गया था। एयरलाइन ने असुविधा के लिए खेद जताया और कहा, रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
त्रिपुरा में मानव तस्करी के आरोप में बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार
त्रिपुरा में मानव तस्करी के आरोप में एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है। जीआरपी (सरकारी रेलवे पुलिस) ने बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) यूनिट 42 और अमताली पुलिस स्टेशन के साथ एक संयुक्त अभियान में चारीपारा इलाके खदीजा बेगम (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि महिला को गिरफ्तार करने के बाद आगे की जांच की जा रही है।
जयशंकर ने मिस्र के नए विदेश मंत्री अब्देलती को दी बधाई
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को मिस्र के नए विदेश मंत्री बद्र अब्देलती से बात की और उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह अब्देलती के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी संभालने के लिए बधाई।
तमिलनाडु: थूथुकुडी में हजारों भक्तों ने आदि अमावस्या पर स्नान किया
तमिलनाडु के थूथुकुडी में हजारों भक्तों ने आदि अमावस्या पर स्नान किया है। इस त्योहार का बड़ा धार्मिक महत्व है, इस दिन लोग अपने पूर्वजों को याद करते हैं।
सरकार कर प्रणाली में निष्पक्षता, सरलता के लिए प्रतिबद्ध: राजस्व सचिव
राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा ने शनिवार को कहा कि सरकार कर प्रणाली में निष्पक्षता, सरलता और समानता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की लगातार कोशिस है कि कर कानूनों को सरल बनाकर उसका अनुपालन कराया जाए। मौजूदा केंद्रीय बजट उसी दिशा में है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि विवादों को कम करने के लिए प्रत्यक्ष करों को सरल बनाने के उद्देश्य से अगले छह महीनों में प्रत्यक्ष करों पर व्यापक समीक्षा की जाएगी।
छात्रों को जागरूक करके रैगिंग को खत्म किया जाना चाहिए: बंगाल शिक्षा मंत्री
पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग को एक 'बीमारी' करार दिया। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से इसे खत्म किया जाना चाहिए।
बसु ने शनिवार को यहां स्कॉटिश चर्च कॉलेज में एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा कि वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों छात्रों को रैगिंग के बारे में जागरूक किया जाना जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा, 'कॉलेज और विश्वविद्यालय रैगिंग के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति रखते हैं, लेकिन छात्रों को इस समस्या के बारे में भी संवेदनशील होना चाहिए। मैं वरिष्ठ छात्रों से अपने कनिष्ठ से प्यार करने का आह्वान कर रहा हूं। साथ ही, मैं कनिष्ठ छात्रों से अपने वरिष्ठों का सम्मान और प्यार करने के लिए कहना चाहूंगा।'
बसु ने राज्य के कॉलेजों में सात अगस्त को प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू होने से पहले यह टिप्पणी की। जादवपुर विश्वविद्यालय में पिछले साल 10 अगस्त को स्नातक प्रथम वर्ष के एक छात्र की रैगिंग के बाद मौत की घटना पर बसु ने कहा कि संस्थान के अधिकारियों ने कई कदम उठाए हैं और उन्हें नई जानकारी दी है।
तमिलनाडु: डीएमके ने महापौर पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया
तमिलनाडु की सत्ताधारी डीएमके ने रविवार को वार्ड 25 से अपने पार्षद रामकृष्णन उर्फ किट्टू को नगर निगम के लिए महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। डीएमके की बैठक में सर्वसम्मति से किट्टू के नाम पर मुहर लगी। इस बैठक में डीएमके के सभी पार्षद मौजूद रहे और बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री के एन नेहरु ने की। आपको बता दें कि पांच अगस्त को महापौर पद के लिए चुनाव होना है।
केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने की पीएम मोदी की तारीफ
केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने वायनाड में भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए पीएम मोदी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वायनाड में लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए बढ़िया काम किया है। उन्होंने इस संबंध में पीएम मोदी से मुलाकात भी की।
त्रिपुरा: गंडात्विशा के विकास के लिए 239.10 करोड़ रुपये की घोषणा
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा ने दंगा प्रभावित क्षेत्र गंडात्विसा के विकास के लिए 239.10 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है। बता दें कि 12 जुलाई को गंडात्विसा में एक छात्र की मौत के बाद दो समूहों में झड़प शुरू हो गई थी। इस हिंसा के बाद से 145 परिवार बेघर हो गए हैं।
बीएसएफ भेजेगा उत्तराखंड की चोटी पर महिला पर्वतारोहण टीम
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पहली बार महिला पर्वतारोहण टीम को उत्तराखंड स्थित एक चोटी पर चढ़ने के लिए भेजेगा। कार्यवाहक बीएसएफ महानिदेशक डीजी दलजीत सिंह चौधरी सोमवार को दिल्ली स्थित बीएसएफ मुख्यालय से टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बल के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि 12 महिला पर्वतारोहियों के दल का लक्ष्य 7,130 मीटर (23,392 फीट) की ऊंचाई पर स्थित माउंट मुकुट ईस्ट पर चढ़ना और शिखर पर राष्ट्रीय व बल के झंडे फहराना है।