पी. श्रीनिवास राव यादव बने आंध्र में टीडीपी के अध्यक्ष
टीडीपी सुप्रीमो और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कृषि मंत्री के अत्चनायडू की जगह गाजुवाका विधायक पी श्रीनिवास राव यादव को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।नायडू ने भरोसा जताते हुए कहा कि विशाखापत्तनम टीडीपी संसदीय दल के अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके यादव नई जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाएंगे।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी जानकारी
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर साझा किए गए नियुक्ति पत्र में नायडू ने लिखा, ‘मैं गजुवाका विधायक पी श्रीनिवास राव यादव को आंध्र प्रदेश टीडीपी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त कर रहा हूं। मैं पार्टी के वरिष्ठ नेता अत्चनायडू को बधाई देता हूं, जिन्होंने अब तक अध्यक्ष के रूप में पार्टी का नेतृत्व करते हुए इसे संभाला।’
नागपुर में तालाब में तैरते समय 15 साल का लड़का डूबा, मौत
नागपुर में रविवार दोपहर 15 साल का एक लड़का झील में तैरते समय डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। नागपुर पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ध्रुव आशीष तेदुलवार 10वीं का छात्र था और गोरेवाड़ा झील में तैरते समय यह हादसा हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि तेदुलवार तीन दोस्तों के साथ तैरने गया था। पानी में कूदने से पहले उसने सेल्फी ली, लेकिन नहाते समय वह डूब गया।
बिहार: कैमूर जिले के मोहनिया थाना परिसर में लगी आग, कई बाइकें जलकर खाक हुईं
बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना परिसर में रविवार र शाम आग लग गयी. जिसमें थाने में रखे कई वाहन जलकर खाक हो गए। अग्निशमन अधिकारी कुन्दन कुमार ने बताया, ''हमें आग लगने की सूचना मिली थी, आग पर काबू पा लिया गया है. आग मोहनिया थाना परिसर में लगी थी जिसके कारण अलग-अलग मामलों में जब्त की गई कई बाइकें जलकर खाक हो गईं. हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।"
काजीरंगा में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए 3 नई कमांडो बटालियन तैनात
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने काजीरंगा के राष्ट्रीय उद्यान में जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नागरिक, पुलिस प्रशासन और काजीरंगा प्राधिकरण के साथ शनिवार को बैठक की। उन्होंने खास तौर से बाढ़ के मौसम में संबंधित पदाधिकारियों को सभी जरूरी कदम उठाने को कहा। सीएम सरमा ने कहा कि काजीरंगा में तीन नई कमांडो बटालियन तैनात की गई हैं, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते वक्त हादसों में कोई जानवर न मारा जाए और शिकारी बाढ़ का फायदा न उठा सके। उन्होंने यह भी कहा कि बाढ़ के मौसम के दौरान राष्ट्रीय उद्यान में एक नई वन बटालियन के लगभग 600 कर्मियों को भी सेवा में लगाया जाएगा।
महाराष्ट्र : बारूद फैक्टरी विस्फोट में एक और मौत, 9 हुई मृतक संख्या
महाराष्ट्र के नागपुर जिले की बारूद फैक्टरी में हुए विस्फोट में मृतकों संख्या बढ़कर अब नौ हो गई है। मृतकों में छह महिलाएं भी हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि विस्फोट में घायल प्रमोद चावरे ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दांडे अस्पताल के निदेशक डॉ. पिनाक दांडे का कहना कि बहुत अधिक जलने से चावरे की मौत हो गई।
विक्रम सेठ ने हनुमान चालीसा का किया अंग्रेजी अनुवाद
प्रख्यात लेखक विक्रम सेठ ने पवित्र हनुमान चालीसा का अंग्रेजी में अनुवाद किया है। प्रकाशन केंद्र स्पीकिंग टाइगर ने रविवार को बताया कि सेठ ने इसका शीर्षक खुद ही लिखा है। पुस्तक को द्विभाषी संस्करणों में अंग्रेजी अनुवादों के साथ देवनागरी और रोमन लिपियों के मूल छंदों में पेश किया गया है। विक्रम सेठ एक लोकप्रिय कवि के साथ उपन्यासकार भी हैं। उन्होंने हनुमान चालीसा का अंग्रेजी में अनुवाद कुछ सालों में किया है। इसके अनुवाद दोषरहित माना जा रहा है और मूल अवधी की इसकी जादुई मंत्रमुग्ध गुणवत्ता बरकरार है।
हैं। उन्होंने हनुमान चालीसा का अंग्रेजी में अनुवाद कुछ सालों में किया है। इसके अनुवाद दोषरहित माना जा रहा है और मूल अवधी की इसकी जादुई मंत्रमुग्ध गुणवत्ता बरकरार है।
गुजरात : दुबई जा रहे यात्री से दो करोड़ रुपये के हीरे जब्त
गुजरात के सूरत हवाईअड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने दुबई जाने वाले भारतीय यात्री को 2 करोड़ रुपये से अधिक के कच्चे हीरे छुपाने के आरोप में गिरफ्तार किया। यात्री संजयभाई मोराडिया को इंडिगो एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान भरने से पहले तलाशी के लिए रोका गया था। तलाशी के दौरान उसके टखने तक के मोजों और अंडरगारमेंट्स में कुल 1,092 ग्राम के कच्चे हीरे मिले। इनकी कीमत 2.19 करोड़ रुपये आंकी गई।
बेटिंग एप मामले में जैकलीन संजय दत्त व बादशाह का नाम
बेटिंग एप मामले में जैकलीन फर्नांडिस, संजय दत्त और रैपर बादशाह के नाम सामने आए हैं। ईडी और साइबर पुलिस ने 12 जून को मुंबई की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी फेयरप्ले के परिसर में छापा मारा था। यह महादेव बेटिंग एप की सहायक कंपनी है। इस दौरान पुलिस को कुछ दस्तावेज मिले, जिनमें इनके नाम सामने आए। ईडी व साइबर पुलिस ने इनके मैनेजरों के बयान दर्ज किए।
दस्तावेज की जांच में ईडी को पता चला है कि जैकलीन, संजय और बादशाह का कंपनी के साथ लेन-देन रहा है। ये सभी सितारे फेयरप्ले बेटिंग एप के प्रमोशन में शामिल रहे हैं। जैकलीन को दुबई की कंपनी ट्रिम जनरल ट्रेडिंग एलसीसी से एप का प्रमोशन करने के लिए पैसे मिले थे। वहीं, दूसरी तरफ बादशाह को मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी की तरफ से पैसे मिले थे। बादशाह का मुंबई स्थित टेलेंट मैनेजमेंट फर्म, टीएम वेंचर्स प्रा. लि. और आफ्टरआर्स प्रोडक्शन प्रा. लि. से बेटिंग एप प्रमोट करने का एग्रीमेंट भी मिला है। ईडी और साइबर सेल के अनुसार, संजय दत्त को बेटिंग एप प्रमोट करने के लिए 25 लाख रुपये का भुगतान किया गया था।
भाजपा की चार सदस्यीय केंद्रीय टीम ने किया कूचबिहार का दौरा
लोकसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हिंसा की घटनाओं के बाद स्थिति का जायजा के लिए पार्टी की चार सदस्यीय केंद्रीय टीम ने कूचबिहार का दौरा किया। इस टीम में संयोजक बिप्लब देब, वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद और दो राज्यसभा सांसद बृज लाल और कविता पाटीदार शामिल हैं। ये सभी भाजपा के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। मंगलवार को टीम कोलकाता के विभिन्न इलाकों का दौरा करेगी।
आनंद बोस ने राजभवन में तैनात पुलिसकर्मियों को परिसर खाली करने के दिए आदेश
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने सोमवार की सुबह राजभवन में तैनात पुलिस कर्मियों को तुरंत परिसर खाली करने के आदेश दिए। दरअसल, सीवी आनंद बोस राजभवन के उत्तरी गेट को जनमंच में बदलने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने यह कदम पुलिस द्वारा भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और राज्य में चुनाव बाद हिंसा के कथित पीड़ितों को बोस से मिलने के लिए राजभवन में प्रवेश करने से रोकने के बाद उठाया।
महाराष्ट्र में देह व्यापार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
महाराष्ट्र के ठाणे के एक लॉज में देह रैकेट गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने लॉज में छापेमारी कर के गिरोह को पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने एक महिला को सुरक्षित बचाया। हालांकि, इस गिरोह के मालिक की तलाश जारी है। तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 370 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एयर इंडिया की उड़ान में यात्री के भोजन में मिला विदेशी वस्तु
टाटा समूह की स्वामित्व वाली एयर इंडिया की एक उड़ान में यात्री के भोजन में एक विदेशी वस्तु पाए जाने के बाद चीफ कस्टमर एक्सपीरियंस अफसर रजेश डोगरा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि एयर इंडिया ने इस गटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद वस्तु की पहचान सब्जी प्रसंस्करण मशीन से आने के रूप में की गई है।
राजेश डोगरा ने कहा, "एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि हमारी एक उड़ान में एक यात्री के खाने में विदेशी वस्तु पाया गया है। जांच के बाद इस वस्तु की पहचान हमारे केटरिंग पार्टनर की सुविधाओं के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सब्जी प्रसंस्करण मशीन से आने के रूप में की गई है। हम अपने केटरिंग पार्टनर के साथ सहयोग कर रहे हैं।"
मुंबई के एक अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी
महाराष्ट्र में मुंबई के मीरा रोड के पास स्थित एक अस्पताल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने इलाके में बैरिकेड लगा दिया है। बम स्कॉड और डॉग स्कॉड की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची।
ओडिशा: बालासोर में दो समूहों के बीच झड़प, तीन घायल
ओडिशा के बालासोर शहर में सोमवार को दो समूहों के बीच झड़प में तीन लोग घायल हो गए। इस दौरान कई मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त किया गया। जिसके बाद दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बालासोर के कलेक्टर आशीष ठाकरे से बात की और उनसे स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गुजरात में चरस के 87 पैकेट बरामद
गुजरात के कच्छ और पोरबंदर जिलों में पिछले कुछ दिनों में समुद्र तट पर बहकर गए चरस के 87 पैकेट बरामद किए गए हैं। इनकी कीमत 40 करोड़ रुपये से अधिक है।पुलिस ने यह जानकारी दी।
इसके अलावा, पोरबंदर में पुलिस ने तटीय गांव ओडादर से भांग के आधा दर्जन पैकेट बरामद किए। पिछले कुछ दिनों में तटीय जिलों कच्छ, देवभूमि द्वारका और पोरबंदर में नशीले पदार्थों के 200 से ज्यादा पैकेट बराम किए गए हैं।