अरुणाचल प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को दो महत्वपूर्ण विधेयकों पर मुहर लगाई गई है। सदन में ध्वनिमत से अरुणाचल प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों को रोकने के उपाय) विधेयक पारित किया गया। सदन में मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस विधेयक को पेश किया था। इसके अलावा सदन में अरुणाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2024 को भी संशोधित प्रपत्र के साथ पारित किया गया है।
पश्चिम बंगाल में नकली भारतीय मुद्रा का कारोबार करने के आरोप में एनआईए की अदालत ने एक आरोपी को पांच वर्ष की सख्त सजा सुनाई है। एनआईए की अदालत ने पश्चिम बंगाल के मालदा के गोपालगंज के निवासी फैजुल को पांच वर्ष की सजा सुनाने के साथ पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना जमा न करने पर फैजुल की जेल की सजा तीन महीने के लिए बढ़ा दी जाएगी। एनआईए का कहना है कि इस मामले में तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई चल रही है। इनमें से बांग्लादेश का रहने वाला एक आरोपी फरार है।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने रूस की रोसोबोरोनएस्पोर्ट और एमकेएस बिजनेस प्राइवेट लिमिटेज के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। यह एमओयू स्वदेशी 30 मिमी गोला-बारूद, 40 मिमी गोला-बारूद और 30 मिमी ग्रेनेड गोला-बारूद के लाइसेंस प्राप्त उत्पादन और आपूर्ति के लिए किया गया है।
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने एक 23 वर्षीय महिला के खिलाफ जाली दस्तावेजों के आधार पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा हासिल कर कथित तौर पर पाकिस्तान की यात्रा करने का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला के अलावा पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी फर्जी दस्तावेज मुहैया कराने का मामला दर्ज किया है। वर्तक नगर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान नगमा नूर मकसूद अली उर्फ सनम खान के रूप में हुई है, जिसने लोकमान्य नगर के एक केंद्र से अपना नाम बदल लिया और आधार कार्ड, पैन कार्ड और अपनी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त किया और फिर इन दस्तावेजों को पासपोर्ट आवेदन में संलग्न कर दिया। उन्होंने बताया कि इन दस्तावेजों के आधार पर महिला ने पाकिस्तान के लिए पासपोर्ट और वीजा हासिल किया और पड़ोसी देश की यात्रा की। दोनों के खिलाफ भारतीय पासपोर्ट अधिनियम और अन्य के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि अपराध मई 2023 और 2024 के बीच हुआ था। इसकी जांच चल रही थी।