भारत एक जनवरी से अस्थायी सदस्य के तौर पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में शामिल हो गया है। भारत दो साल तक इसका सदस्य रहेगा। भारत के अंतरराष्ट्रीय संस्था के सदस्य बनने का फ्रांस ने स्वागत किया। भारत में फ्रांसीसी राजदूत इमैनुएल लेनिन ने कहा, 'हम अंतरराष्ट्रीय कानून को बनाए रखने, आतंकवाद से लड़ने और बहुपक्षवाद का बचाव करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के लिए उत्सुक हैं। इसके लिए हमें यूएनएससी में सुधार की भी आवश्यकता है जिससे भारत को एक स्थायी सदस्यता मिल सके।'
नए साल के पहले दिन बाजार में आया उछाल
साल 2021 के पहले कारोबारी दिन यानी एक जनवरी 2021 को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त पर हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 120.70 अंक (0.25 फीसदी) ऊपर 47,872.03 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.25 फीसदी (35.30 अंक) ऊपर 14,017.10 के स्तर पर खुला। आज 903 शेयरों में तेजी आई और 249 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 30 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। मालूम हो कि एक जनवरी 2020 को सेंसेक्स 41,306.02 पर बंद हुआ था। विश्लेषकों के अनुसार आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।