केंद्र सरकार ने शनिवार को नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट), जेईई (ज्वॉइंट एंट्रेंस एक्जामिनेशन), नेट (नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट), सीमैट और जीपैट में बदलाव कर दिये हैं। अब ये चारों परीक्षाएं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी आयोजित और संपन्न कराएगी। अब तक ये सभी परीक्षाएं सीबीएसई द्वारा आयोजित की जाती थीं। गौरतलब है कि जेईई और नीट साल में दो बार होंगी। सभी परीक्षाएं कम्प्यूटर आधारित होंगी और नया बदलाव अगले सत्र से लागू होगा।
क्यों पड़ी एनटीए की जरूरत
दरअसल अब तक उपरोक्त सभी परीक्षाएं सीबीएसई द्वारा आयोजित कराई जाती थीं। लेकिन सीबीएसई का कहना है कि इन परीक्षाओं की वजह से वह स्कूल शिक्षा पर पूरा ध्यान नहीं दे पा रही थी। इसलिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने तय किया कि इस प्रकार की परीक्षाओं के लिए एक अलग एजेंसी ही बना दी जाए।
कब-कब होती है कौन सी परीक्षा
जेईई : अब साल में दो बार, जनवरी और अप्रैल में आयोजित की जाएगी।
नीट : यह परीक्षा भी साल में दो बार फरवरी और मई में आयोजित होगी।
नेट : अब केवल साल में एक बार दिसंबर महीने में आयोजित होगी।