महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी शिवसेना को भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में कभी भी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि उसे कमतर समझा गया हो। राज्य की सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की सहयोगी शिवसेना को हमेशा सम्मान मिलता है। उन्होंने नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
'एनडीए की बैठक में शिवसेना को सम्मान मिलता है'
यह पूछे जाने पर कि क्या क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन में कमतर का व्यवहार किया जाता है, शिंदे ने कहा, मुझे ऐसा कभी अनुभव नहीं हुआ। आज जब भी एनडीए की बैठक होती है, शिवसेना को पूरा सम्मान दिया जाता है। शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी पार्टी को उसके छोटे आकार या सीमित मौजूदगी के कारण कम नहीं आंकते, बल्कि गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम करते हैं।
बुधवार को होने वाली एनडीए की बैठक से पहले शिंदे ने बताया कि उन्हें नरेंद्र मोदी को भारत का सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देने वाला प्रस्ताव पेश करने का अवसर भी मिला। केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में शिवसेना एक अहम सहयोगी दल है।
पीएम मोदी की तारीफ करते हुए क्या कहा?
शिंदे ने कहा कि मोदी ने पिछले 12 वर्षों में एक भी छुट्टी नहीं ली है और आने वाले वर्षों में भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि 2014 से मोदी ने देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है और इसे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का रिकॉर्ड बेदाग रहा है। राज्य स्तर पर भी जब-जब महाराष्ट्र को जरूरत पड़ी, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हरसंभव सहायता प्रदान की।
ये भी पढ़ें:
बंगाल: TMC के कांग्रेस में विलय की अटकलों को ऋतब्रत बनर्जी ने किया खारिज, बोले- न तो सांसद जा रहे हैं और न MLA
शिंदे ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में जब खराब मौसम के कारण ठाणे जिले के मुरबाड़ जा रहा उनका हेलिकॉप्टर वापस मुंबई लौट आया था, तब पीएम मोदी ने फोन कर उनका हालचाल पूछा था। शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री के उनके सांसद बेटे श्रीकांत और पोते रुद्रांश के साथ भी अच्छे संबंध हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को शिवसेना के मंत्रियों ने इस बात पर नाराजगी जताई थी कि हाल ही में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को आमंत्रित नहीं किया गया था।