तो क्या साल 2020 में सिनेमा घर बीते जमाने की बात हो जाएंगे? नेटफ्लिक्स, एमेजॉन प्राइम और हॉटस्टार जैसे वीडियो स्ट्रीमिंग एप्स बॉलीवुड ही नहीं बल्कि हॉलीवुड इंडस्ट्री को भी पीछे छोड़ देंगे? यह सवाल हर किसी के मन में उठने लगे हैं।
ये सवाल उठना बेवजह भी नहीं हैं क्योंकि इन मंचों पर उपलब्ध वेब सीरीज, फिल्में बहुत ही तेजी से घर—घर में जगह बना रहे हैं। इसी वजह से अब कई फिल्में भी सिनेमा घरों की बजाय सीधे इन्हीं मंचों पर रिलीज हो रही हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में सिनेमा टिकटों की बिक्री में 10 फीसदी तक कमी आ गई है। भारत में भी डिजिटल मीडिया बॉलीवुड को पछाड़ सकता है। फिक्की की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में भारत की फिल्म इंडस्ट्री की कमाई करीब 19,000 करोड़ होगी जबकि डिजिटल की कमाई 17 फीसदी ज्यादा होने का अनुमान है। डिजिटल मीडिया को 22 हजार करोड़ से ज्यादा की कमाई का अनुमान है।
डिजिटल मीडिया इसलिए भी लोकप्रिय हो रहा है क्योंकि बॉलीवुड के मुकाबले यहां अपनी फिल्म को रिलीज करना ज्यादा आसान है। बिना प्रचार पर पैसा खर्च किए भी यहां से अच्छी कमाई की जा सकती है।
नेटफ्लिक्स के मुख्य कार्यकारी रीड हैस्टिंग ने हाल में दिल्ली में कहा था कि उनकी कंपनी भारत में 3000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। नेटफ्लिक्स यह निवेश ओरिजनल वेब सीरीज और फिल्में बनाने से लेकर प्रोडक्शन, प्रमोशन, लेखकों से टाइअप और कई उपन्यासों के अधिकार हासिल करने के लिए करेगी।