नेपाल के विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड के भारत दौरे की तैयारी पूरी कर ली है। प्रचंड अगले बृहस्पतिवार से भारत दौरे (15-18 सितंबर) पर आएंगे। यह नेपाल के प्रधानमंत्री का राजकीय भ्रमण होगा।
इस दौरे के एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए नेपाल के विदेश मंत्री प्रकाश शरण महत रविवार से तीन दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री प्रचंड के विशेष दूत के रूप में उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री विमलेंद्र निधि भारत भ्रमण कर चुके हैं।
गृहमंत्री निधि प्रधानमंत्री प्रचंड के दौरे के एजेंडे के संबंध में भारतीय पक्ष से बातचीत कर चुके हैं। सूत्रों की माने तो नेपाल के प्रधानमंत्री के भारत दौरे के मुख्य एजेंडे में पंचेश्वर के संयुक्त ‘डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट’ को भी रखा गया है। दूसरा महत्वपूर्ण एजेंडा सीमावर्ती नेपाल की मधेसी क्षेत्र से होकर जाने वाली हुलाकी रोड का निर्माण है। साथ ही भूकंप पीड़ितों पर भी खास बातचीत होगी। दौरे में क्रास बॉर्डर रेलवे को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है।