फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत दौरे पर नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह: विदेश मंत्री से की मुलाकात, व्यापार-ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर हुई चर्चा

Mon, 23 Nov 2026 12:05 AM IST
शिवम गर्ग एएनआई, नई दिल्ली

सार

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात होगी।
विज्ञापन
जयशंकर और नेपाल के पीएम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को अपने दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। दौरे की शुरुआत उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात के साथ की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूत बनाने के साथ व्यापार, परिवहन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। अब सोमवार, 23 नवंबर को बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

विज्ञापन


जयशंकर बोले- नेपाल के साथ भारत की विशेष मित्रता
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार शाम नई दिल्ली के होटल ताज महल में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात की। बैठक के बाद जयशंकर ने भारत और नेपाल के बीच विशेष मित्रता का जिक्र किया।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से उनके नई दिल्ली दौरे पर मुलाकात करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी सोमवार को होने वाली बातचीत का इंतजार है।"
विज्ञापन


नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इस मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया स्वागत
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।

मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह बालेन शाह का पहला भारत दौरा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह 22 से 23 नवंबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं।

इस दौरान बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा 23 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बातचीत होगी।

व्यापार, निवेश और परिवहन पर रहेगा जोर
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। इसमें साझा प्राथमिकताओं और द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज भी आयोजित करेंगे।

इस बातचीत में आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है। व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि समेत कई क्षेत्रों में होंगे समझौते
दौरे के दौरान भारत और नेपाल के बीच कई अहम क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी जोर रहेगा। इस दौरान इन क्षेत्रों में पूरे हो चुके कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन और आने वाली योजनाओं का शिलान्यास किए जाने की उम्मीद है।

नेपाल में भारतीय निवेश बढ़ाने पर भी होगी चर्चा
प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को आकर्षित करना और दोनों देशों के कारोबारियों के बीच सहयोग के नए अवसर तलाशना है। इस मंच पर दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधि आपसी साझेदारी और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। बालेन शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भारत आए हैं।

भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति के लिए अहम है दौरा
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि बालेन शाह की यात्रा भारत और नेपाल के बीच नियमित उच्चस्तरीय मुलाकातों की परंपरा को आगे बढ़ाती है। यह दौरा भारत की 'पड़ोसी प्रथम' (Neighbourhood First) नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाता है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक व डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा है। अब स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी साझेदारी का विस्तार हो रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें