फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bengaluru: 'आगे चल रही कार ने लगाए...', सड़क हादसे में कारोबारी परिवार की मौत मामले में ट्रक ड्राइवर का खुलासा

Mon, 23 Dec 2024 01:47 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

21 दिसंबर को एक परिवार वोल्वो एसयूवी में यात्रा कर रहा था। उसी दौरान एक कंटेनर ट्रक पलट गया और कार पूरी तरह कुचल गई। इससे परिवार के छह लोगों की जान चली गई। अब ट्रक ड्राइवर ने बड़ा खुलासा किया है। 
विज्ञापन
बंगलूरू सड़क हादसा (फाइल फोटो) - फोटो : एक्स/ड्राइवस्मार्ट
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंगलूरू के नेलामंगला में हुए भयंकर सड़क हादसे में अब एक नया मोड़ सामने आया है। छह लोगों की मौत मामले पर ट्रक ड्राइवर ने सोमवार को दावा किया कि उसके वाहन के सामने एक कार थी और उससे टक्कर होने से बचाने के लिए उसने स्टीयरिंग व्हील को सड़क डिवाइडर की ओर घुमा दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

विज्ञापन


सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस 
इस भयावह हादसे की एक उप पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी जांच कर रहे हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। बता दें, मृतकों की पहचान चंद्रम येगापोगल (48 वर्षीय), उनकी पत्नी गौराबाई (42 वर्षीय), बेटे ज्ञान (16 वर्षीय), बेटी दीक्षा (12 वर्षीय) साली विजयलक्ष्मी (36 वर्षीय) और विजयलक्ष्मी की बेटी आर्या (6 वर्षीय) के रूप में हुई है।

जांच पर पड़ सकता है असर
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम सड़क सुरक्षा पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए एक केस स्टडी कर रहे हैं। इस समय हम किसी भी जानकारी को सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं, क्योंकि इससे जांच पर असर पड़ सकता है। 
विज्ञापन


क्या बोला ट्रक ड्राइवर?
हादसे के बाद झारखंड के ट्रक ड्राइवर आरिफ, जो हादसे में घायल हो गए थे, ने कहा कि उनका ट्रक 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जा रहा था और सामने वाली कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे वह अपने वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और बचाव के लिए उन्होंने स्टीयरिंग को दाईं ओर डिवाइडर की ओर घुमा दिया। लेकिन जैसे ही उन्होंने बाईं ओर मोड़ा, एक और कार दिखाई दी और इस कारण कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करके पलट गया। पलटने से पहले उसने एक दूध के ट्रक को टक्कर मारी थी। चंद्रम की कार दूध के कंटेनर के ठीक पीछे थी और उन्हें इस हादसे में संभलने का मौका भी नहीं मिला और कंटेनर कार पर पलट गया। कंटेनर एल्युमीनियम से भरा था।

यह है मामला
शनिवार (21 दिसंबर, 2024) को एक परिवार वोल्वो एसयूवी में यात्रा रहा था। उसी दौरान एक कंटेनर ट्रक पलट गया और उस गाड़ी पर जा गिरा, जिसके कारण पूरी कार कुचल गई और परिवार के छह लोगों की जान चली गई। यह सड़क दुर्घटना बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला के पास नेशनल हाईवे नंबर 48 पर हुई थी।

पुलिस के अनुसार, ट्रक ड्राइवर को यह पता नहीं था कि एक एसयूवी कार उसके ट्रक के नीचे दब गई थी, जिससे उस परिवार के छह लोग जान गंवा बैठे।  

सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ बंगलूरू की सड़क दुर्घटना
ट्रक ने जब वोल्वो को कुचला तो इसका चौंकाने वाला वीडियो पास के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था। पुलिस फिलहाल दुर्घटना की जांच के तहत फुटेज का विश्लेषण कर रही है। जब यह हादसा हुआ, तब परिवार विजयपुरा जा रहा था। चंद्रम बंगलूरू की एक सॉफ्टवेयर कंपनी के एमडी और सीईओ थे। रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रम ने दो माह पहले ही वोल्वो कार खरीदी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार चंद्रम के पिता से मिलने के लिए पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के सांगली जा रहा था। पुलिस ने बताया कि चंद्रम सुरक्षित तरीके से गाड़ी चला रहे थे और इस हादसे में उनकी 'कोई गलती नहीं थी'। 

संबंधित वीडियो- 


सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस दुर्घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है, जिसमें यूजर्स कह रहे हैं कि सबसे सुरक्षित कार भी तब तक जान नहीं बचा सकती जब तक कि सड़क पर अन्य लोग सुरक्षित तरीके से गाड़ी न चला रहे हों। एक यूजर ने हादसे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि 'यह तस्वीर याद दिलाती है कि सड़क पर सुरक्षित कार से सफर करना ही सुरक्षित रहने की गारंटी नहीं है। सुरक्षित सड़कें, सुरक्षित ड्राइवर और सुरक्षित कार, इन तीनों चीजों से ही सुरक्षा हो सकती है।' कुछ यूजर्स ने अपने पोस्ट में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को टैग किया है। गौरतलब है कि सड़क हादसों में जान गंवाने वाले देशों में भारत शीर्ष देशों में शामिल है। पिछले साल देश में सड़क हादसों में 1.7 लाख से ज्यादा लोग मारे गए थे। मरने वालों में अधिकतर लोग 18-34 वर्ष की बीच के उम्र के थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें