पवार ने कहा कि छत्रपति शाहू महाराज, ज्योतिराव फुले और डॉ. बाबा साहब आंबेडकर जैसे समाज सुधारकों की दृष्टि और विचारधारा पार्टी के भविष्य के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व कद्दावर नेता शरद पवार ने रविवार को अपने 81 वें जन्मदिन के अवसर पर अपनी पार्टी राकांपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं से बड़े परिवर्तन की अपील की। उन्होंने आह्वान किया कि पार्टी बदलते सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य के अनुकूल बने।
विज्ञापन
पवार ने कहा कि छत्रपति शाहू महाराज, ज्योतिराव फुले और डॉ. बाबा साहब आंबेडकर जैसे समाज सुधारकों की दृष्टि और विचारधारा पार्टी के भविष्य के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी। अपने 81वें जन्मदिन के मौके पर मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित एक समारोह में पवार ने कहा कि राकांपा भले ही सीमित कैडर वाली एक छोटी पार्टी है, लेकिन इसकी 'विशिष्टता' यह है कि इसके कार्यकर्ता समाज के सभी वंचित वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि यदि समाज के एक वर्ग के सदस्यों को लगता है कि वे एक सम्मानजनक जीवन नहीं जी सकते हैं, तो हमें इसकी सुविधा देनी चाहिए। राकांपा महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस गठबंधन की घटक है। पवार ने कहा कि राकांपा व अन्य दलों के कार्यकर्ताओं को बदलते सामाजिक-आर्थिक परिदृष्य को अपनाना चाहिए। पवार ने कहा कि उक्त तीनों समाज सुधारकों की विचारधारा और दर्शन उनकी पार्टी की रीढ़ है। तीन बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके शरद पवार ने कहा कि इन तीन बड़ी हस्तियों की दूरदृष्टि और विचारधारा राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है।
विज्ञापन
शुभकामनाएं बनीं प्रेरणा, जन्मदिन मील का पत्थर
पांच दशकों से अधिक समय से राजनीति से जुड़े वयोवृद्ध नेता ने कहा कि उनके जन्मदिन पर मिलने वाली शुभकामनाओं ने उन्हें और अधिक काम करने के लिए प्रोत्साहित किया है। पवार ने कहा, 'जन्मदिन किसी के निजी जीवन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होता है। मेरा 50 वां, 60 वां और 75 वां जन्मदिन सार्वजनिक रूप से मनाया गया है। भले ही मैं अपने 81 वें जन्मदिन पर कोई उत्सव नहीं चाहता था, लेकिन मैं इस कार्यक्रम में आया हूं क्योंकि पार्टी चाहती थी।'
पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार ने कहा, '12 दिसंबर मेरे जीवन की सिर्फ इसलिए महत्वपूर्ण तारीख नहीं है कि यह मेरा जन्मदिन है बल्कि यह मेरे नाती व भतीजे का जन्मदिन भी है। प्रतिभा पवार (पत्नी) का जन्म दिन 13 दिसंबर को है।