असम में बाढ़ का कहर लगातार जारी है, जिससे न केवल आम- जनजीवन ही प्रभावित हो रहा है बल्कि ये जानवरों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है। बाढ़ के कहर से असम के काजीरंगा नेशनल पार्क में अब तक करीब 225 जानवर मर चुके हैं। शनिवार को पार्क का आधे से ज्यादा हिस्सा अभी भी जलमग्न बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मृत जानवरों में सात गैंडे भी शामिल हैं। मामले में पार्क के निदेशक सत्येंद्र सिंह का कहना है कि अगस्त माह के शुरुआती दौर में बाढ़ की लहर से पार्क का 70 फीसदी से ज्यादा हिस्सा डूब गया था, जिससे 105 जानवर मर गए थे। उन्होंने आगे बताया कि बाढ़ का पानी अब धीरे- धीरे कम हो रहा है। हालांकि अभी इसके पूरी तरह से खत्म होने में समय लगेगा। उन्होंने बताया कि मृत जानवरों में 178 हॉग हिरण, 15 गेंडे, चार हाथी और एक शेर शामिल है।
बता दें कि पूर्वोत्तर में बाढ़ से 58 जिलों को प्रभावित किया है जिनमें अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में ब्रह्मपुत्र और इसकी उपनदियां बाढ़ के खतरे के निशान के ऊपर बहने की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच राज्य के काजीरंगा नेशनल पार्क में पशुओं के हताहत होने की संख्या बढ़कर 225 से ज्यादा पहुंच चुकी है।
पढ़ें- यूपी-बिहार-असम में बाढ़ से मचा हाहाकार, 10 लाख से ज्यादा बेघर, रद्द हुईं 11 ट्रेन
गौरतलब है कि मामले में काजीरंगा डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर रोहिणी बल्लाब सैकिया ने पहले कहा था कि बाढ़ की हालात में कुछ सुधार हुआ है। उस वक्त पार्क क्षेत्र में 50% जल स्तर नीचे पहुंच चुका था, जिस वजह से मरे जानवरों के शव सामने आ रहे।