पठानकोट स्थित एयरफोर्स बेस पर हुए आतंकी हमले के दौरान संवेदनशील सूचनाएं लीक करने के मामले में केंद्र सरकार की ओर से लगाए गए एक दिन के प्रतिबंध को एनडीटीवी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। चैनल ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि अन्य चैनलों तथा समाचारपत्रों ने भी वही जानकारी दिखाई थी। केन्द्र सरकार ने एनडीटीवी इंडिया को 9 नवंबर को ऑफएयर रखे जाने का आदेश दिया है।
आपको बता दें कि एनडीटीवी इंडिया पर प्रतिबंध लगाए जाने के सवाल पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा था कि जो लोग पठानकोट हमले के प्रसारण को लेकर एनडीटीवी पर 24 घंटे के प्रतिबंध की आलोचना कर रहे हैं, उन्हें तथ्यों की जानकारी नहीं है, वे राजनीति से प्रेरित हैं और विवाद पैदा करना चाह रहे हैं।
नायडु ने कहा था कि एनडीटीवी पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किसी नये नियम या सिद्धांत के आधार पर नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि 2008 में 26/11 के मुम्बई आतंकी हमले के बाद यूपीए सरकार द्वारा जारी किये गये परामर्शों के आधार पर ही एनडीटीवी पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया है।