उपराष्ट्रपति चुनाव से ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजग के साथ-साथ राजग उम्मीदवार को समर्थन देने वाले दलों केसांसदों को डिनर दिया। इससे पहले तीन घंटे चली सांसदों की बैठक में न सिर्फ मतदान की प्रक्रिया को समझाने के लिए डेमो दिया गया, बल्कि कई सांसदों को वोट कराने का अभ्यास भी कराया गया।
बैठक और डिनर में राजग में शामिल दलों के इतर वाईएसआर कांग्रेस, टीआरएस और अन्नाद्रमुक के दोनों धड़ों के सांसदों ने भी हिस्सा लिया।इस दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति चुनाव में कई सांसदों के वोट अमान्य हो जाने का जिक्र करते हुए शनिवार को होने वाले चुनाव के लिए खास हिदायद बरतने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि सांसद के वोट का अमान्य होना दुभार्ग्यपूर्ण है। क्योंकि ऐसे में जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की भावना को प्रकट करने से वंचित रह जाते हैं। इसके बाद राष्ट्रपति चुनाव की तरह ही उपराष्ट्रपति चुनाव प्रक्रिया से संबंधित एक विस्तृत प्रजेंटेशन दिया गया। फिर कई सांसदों को मतदान का अभ्यास भी कराया गया।