लोकसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। 10 साल बाद आम चुनावों में इस बार किसी भी दल को बहुमत नहीं मिल सका है। इस बीच, अटकलें लगने लगीं कि उद्धव ठाकरे फिर से भाजपा का दामन थाम सकते हैं। तमाम अटकलों को एनसीपी (एसपी) ने खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ठाकरे एनडीए में शामिल नहीं होंगे। बता दें, 2024 लोकसभा चुनाव में उद्धव की पार्टी ने नौ लोकसभा सीटें जीती हैं।
पवार महाविकास अघाड़ी की सरकार बनाने के लिए कर रहे हैं काम
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ठाकरे एनडीए में नहीं जा रहे हैं। उनके पाला बदलने की कोई संभावना नहीं है। मैंने उनसे मुलाकात की थी और उन्हें महाविकास अघाड़ी की सफलता के लिए उन्हें बधाई दी है। पूर्व सीएम ठाकरे राज्य में एमवीए सरकार स्थापित करने के लिए तैयार हैं। हमारे यहां अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं, राज्य सरकार की आलोचना करते हुए पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार को लेकर लोगों में जबरदस्त बेचैनी है। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों से साफ हुआ है कि लोगों की मानसिकता में स्पष्ट बदलाव आया है।
ऐसे शुरू हुई अटकलें
दरअसल, तमाम अटकलों की शुरुआत होती है नई दिल्ली में आयोजित इंडी गठबंधन की बैठक में उद्धव ठाकरे के शामिल न होने से। लोकसभा चुनाव के बाद, इंडी गठबंधन की बैठक हुई थी, जिसमें ठाकरे नहीं पहुंचे थे। इसके बाद खबर आई कि ठाकरे गुपचुप तरीके से एनडीए नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। बैठक में संजय राउत ने शिवसेना (यूबीटी) का प्रतिनिधित्व किया था।
ऐसा रहा लोकसभा चुनाव का परिणाम, राज्य में कांग्रेस ने जीती सबसे अधिक सीटें
- कांग्रेस- 13 सीटें
- भाजपा- 9 सीटें
- शिवसेना (यूबीटी)- 9 सीटें
- एनसीपी (एसपी)- 8 सीटें
- शिवसेना- 7 सीटें
- एनसीपी- 1 सीट
- निर्दलीय- 1 सीट