महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। आज नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान 12 मई को होंगे। सिद्दीकी ने क्या कहा, पढ़िए रिपोर्ट-
महाराष्ट्र के आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता जीशान सिद्दीकी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा, हम अजित दादा के सपनों को पूरा करेंगे। हम सबको साथ लेकर चलेंगे और उनके विकास के लिए काम करेंगे।
विज्ञापन
जीशान सिद्दीकी ने बयान में क्या कहा?
पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, अजित दादा (पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार) का सपना पूरे महाराष्ट्र और देश में पूरा करना है। आज मेरे पिता (बाबा सिद्दीकी) भी नहीं हैं। अजित दादा भी नहीं हैं। वे जिधर भी होंगे, आज हमें देख खुश होंगे। बहुत काम करना है। युवकों-युवतियों, महिलाओं को जोड़ना है। अल्पसंख्यों और प्रत्येक समाज के लिए काम करना है और पूरे मुंबई, महाराष्ट्र और देश में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का झंडा जरूर लहराना है।
आज नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख
आज नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख यानी 30 अप्रैल से है। नामांकन पत्रों की जांच 2 मई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख चार मई है। 13 मई को नौ सदस्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे भी शामिल हैं।
विज्ञापन
12 मई को होगा मतदान
चुनाव के लिए मतदान 12 मई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन शाम पांच बजे मतगणना होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 13 मई तक पूरी कर ली जाएगी।
किस पार्टी के पास कितने विधायक?
एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 28 वोटों की जरूरत होती है। सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में भाजपा के पास 132 विधायक हैं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के पास 57 और अजित पवार की एनसीपी के पास 41 विधायक हैं। इस आधार पर गठबंधन आठ उम्मीदवारों को जिता सकता है।
वहीं, विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के पास कुल 46 विधायक हैं, जिससे वह एक उम्मीदवार को जिता सकता है। दूसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए उसे 10 और वोटों की जरूरत होगी, जो मौजूदा स्थिति में मुश्किल लग रहा है।