राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार को पांच दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वे अपने घर आ गए हैं। डॉक्टरों ने उन्हें पूरे सात दिन आराम करने की सलाह दी है। बता दें कि कुछ दिनों पहले पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हो गए थे।
राकांपा प्रवक्ता एवं राज्य के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि पवार (80) का स्वास्थ्य अच्छा है और वह घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। पवार को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पित्ताशय में दिक्कत को लेकर पवार हाल में एक प्रक्रिया से गुजरे थे।
इससे पहले दिन में चिकित्सकों की एक टीम ने पवार की जांच की और बताया कि उनकी हालत स्थिर है। मलिक ने कहा कि चिकित्सकों ने पवार को सात दिन आराम करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि अगले 15 दिन बाद उनके स्वास्थ्य का स्तर स्थिर रहता है, तो उनके पित्ताशय की सर्जरी की जाएगी।
पवार के पित्त नली से एक पथरी हटाने के लिए 30 मार्च को ब्रीच कैंडी अस्पताल में एक आपातकालीन एंडोस्कोपी की गई थी। पवार को पेट दर्द की शिकायत होने 30 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बता दें कि पांच दिन पहले एनसीपी नेता नवाब मलिक ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि पवार के पेट में तेज दर्द हुआ जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ गई। अस्पताल में जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एंडोस्कोपी कराने की सलाह थी। उन्होंने आगे लिखा था कि शरद पवार खून पतला करने वाली दवा लिया करते थे जिसे पेट दर्द के बाद डॉक्टरों ने लेने से मना कर दिया था।