एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को आगामी राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा करने के लिए एक बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। वहीं ओवैसी ने बैठक में एआईएमआईएम का प्रतिनिधित्व करने के लिए औरंगाबाद के सांसद इम्तियाज जलील को प्रतिनियुक्त किया है। इसकी जानकारी एआईएमआईएम ने दी है।
ओवैसी ने पवार का किया धन्यवाद
एआईएमआईएम ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि असदुद्दीन ओवैसी ने शरद पवार के निमंत्रण के लिए उनका धन्यवाद दिया और बैठक में एआईएमआईएम का प्रतिनिधित्व करने के लिए औरंगाबाद के सांसद इम्तियाज जलील को प्रतिनियुक्त किया है।
राकांपा, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के खिलाफ संयुक्त उम्मीदवार उतारने पर आम सहमति बनाने के लिए 15 जून को नई दिल्ली में एक बैठक की थी।
शरद पवार से राष्ट्रपति चुनाव उम्मीदवार बनने से किया मना
कई विपक्षी दलों के नेताओं ने शरद पवार से राष्ट्रपति चुनाव के लिए संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार बनने का आग्रह किया था, लेकिन पवार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बुलाई गई बैठक में इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।
शरद पवार के प्रस्ताव को अस्वीकार करने के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बाद में फारूक अब्दुल्ला और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी के संभावित विपक्षी उम्मीदवारों के नाम सुझाए।
राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होगा
लेकिन गोपालकृष्ण गांधी ने सोमवार को विपक्षी नेताओं के राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया, जबकि कश्मीर के पूर्व सीएम अब्दुल्ला ने पहले ही इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।