मंगलवार को महाराष्ट्र में उठे सियासी भूचाल पर बोलते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि एमवीए सरकार को गिराने की तीसरी बार कोशिश की गई है, लेकिन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे हालात संभाल लेंगे।
विधान परिषद चुनाव का परिणाम सामने आने के बाद से महाराष्ट्र में सियासी भूचाल आ गया है। मंगलवार सुबह जानकारी आई कि उद्धव सरकार के बागी विधायकों ने गुजरात के सूरत में डेरा डाल दिया है और उनके साथ शिवसेना के वरिष्ठ नेता और मंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद हैं। घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र सरकार में हलचलें तेज हो गईं। इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि तीसरी बार एमवीए सरकार गिराने की कोशिश की गई है।
विज्ञापन
मंगलवार को महाराष्ट्र में उठे सियासी भूचाल पर बोलते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि एमवीए सरकार को गिराने की तीसरी बार कोशिश की गई है, लेकिन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे हालात संभाल लेंगे। उन्होंने आगे कहा कि सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। इस दौरान शरद पवार ने राज्य में सरकार गिरने की स्थिति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का साथ देने के विकल्प को खारिज कर दिया।
उन्होंने आगे बताया कि वह शाम में सीएम ठाकरे से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए विपक्षी दलों के एक संयुक्त उम्मीदवार के चयन को लेकर विपक्ष की बैठक में भाग लेने के तत्काल बाद मुंबई रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि एमवीए गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है और सभी को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। यह शिवसेना का आंतरिक मामला है और वे स्थिति का आकलन करने के बाद हमें सूचित करेंगे।
विज्ञापन
एकनाश शिंदे के मुख्यमंत्री बनाने वाले सवाल पर शरद पवार ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने हमें कभी नहीं बताया कि वह मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं... यह शिवसेना का आंतरिक मामला है, वे जो भी फैसला करें हम उनके साथ हैं। हमें नहीं लगता कि सरकार में बदलाव की कोई जरूरत है।
महाराष्ट्र में बदलाव की कोई जरूरत नहीं
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में तीसरी बार फिर से ऐसा हो रहा है। ढाई साल से सरकार ठीक चल रही थी लेकिन अभी क्या हो रहा है इसपर मैं अपने सहयोगी से बात करूंगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में बदलाव की कोई जरूरत नहीं है।