एनसीबी ने की थी तीनों अभिनेत्रियों से पूछताछ
- फोटो : पीटीआई (फाइल)
बॉलीवुड ड्रग सिंडिकेट मामले की जांच में जुटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम उलझन में पड़ गयी है। किसी भी वस्तु के लिए माल शब्द का इस्तेमाल हो सकने की वजह से एनसीबी के सामने अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, सारा अली खान और श्रद्धा कपूर के चैट में सामने आए माल को ड्रग साबित करने की एक बड़ी चुनौती है।
एनसीबी की टीम को व्हाट्सएप चैट हाथ लगे थे, जिसके आधार पर दीपिका पादुकोण को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इस चैट में दीपिका अपनी मैनेजर करिश्मा प्रकाश से माल के रूप में हशीश और वीड जैसे ड्रग की मांग कर रही थी। सारा अली खान और श्रद्धा कपूर से भी चैट के आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन इन अभिनेत्रियों ने अपने बयान में ड्रग के इस कोड को ही बदल दिया।
उन्होंने माल को ड्रग मानने से ही इनकार कर दिया। उसके बाद से एनसीबी की टीम इसी माथापच्ची में जुटी है कि आखिरकार तीनों अभिनेत्रियों ने एक ही बयान क्यों दिए। तीनों के बयान में समानता होने की वजह से एनसीबी यह मानकर चल रही है कि पूछताछ से पहले इन तीनों अभिनेत्रियों को किसी जानकार ने एक साथ बैठाकर समझाया होगा।
हशीश और वीड ड्रग को बताया सिगरेट
दरअसल, बॉलीवुड ड्रग कनेक्शन मामले में एनसीबी ने व्हाट्सएप चैट के आधार पर बीते हफ्ते दीपिका पादुकोण, सारा अली और श्रद्धा कपूर सहित दीपिका की मैनेजर करिश्मा से घंटों पूछताछ की थी। चैट में हशीश और वीड ड्रग की बात सामने आई थी, लेकिन एनसीबी की पूछताछ में अभिनेत्रियों ने हशीश को छोटी सिगरेट और वीड को पतली सिगरेट बताया। दीपिका पादुकोण सहित तीनों अभिनेत्रियों ने पूछताछ में चैट की बात स्वीकार की है, लेकिन ड्रग लेने से इनकार किया है। एनसीबी अब उनके इस बयान की समीक्षा कर रही है।
करिश्मा के बयान से सबूत ढूंढने में जुटी एनसीबी
एनसीबी के लिए सबसे बड़ी उलझन यह है कि महज चैट को कैसे ड्रग का सबूत माना जाए। इसलिए एनसीबी की टीम अब यह जांच कर रही है कि चैट के कोड को बदलने का काम किसने किया। इसके अलावा दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश के बयान के आधार पर भी सबूत जुटाने की कोशिश की जा रही है। एनसीबी की पूछताछ में करिश्मा ने क्या बयान दिया है। यह अभी तक सामने नहीं आ सका है। इसलिए करिश्मा के बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।