कांग्रेस ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हुए नक्सली हमले को लेकर भाजपा नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने के अलावा उसने पुलवामा हमले से कुछ नहीं सीखा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने कहा कि देश को इन हमलों को नाकाम करने के लिए उचित प्रयास और जवाबदेही चाहिए ना कि जुमले और उपदेश।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में नक्सली हमले में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति बुधवार को गहरी संवेदना व्यक्त की। गांधी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाकर्मियों पर हमले की खबर सुनकर मैं दुखी हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हमले में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दुख की इस घड़ी में मैं और कांग्रेस पार्टी शहीदों के परिवारों के साथ खड़ी हैं। पूरा देश माओवादियों की हिंसा के खिलाफ है। हम इस हिंसक विचारधारा को एक साथ मिलकर पराजित कर देंगे।’’