फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: असम के बाद मणिपुर में आया भूकंप; पैन-इंडिया डिजिटल अरेस्ट केस में ED ने तीन और लोगों को किया गिरफ्तार

Fri, 28 Aug 2026 12:36 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास निवासी सोमांश प्रकाश और वैशाली निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रह रहे थे। सीआईडी के मुताबिक, दोनों JSSC-CGL परीक्षा के संचालन से जुड़े थे। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2023 में 21 और 22 सितंबर 2024 को कथित अनियमितताओं की जांच एसआईटी कर रही है। इससे पहले सीआईडी ने मामले में मुख्य आरोपी अभय तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी को गिरफ्तार किया था। अभय तिवारी उस समय गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में तैनात था। उसे 22 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसकी पत्नी और भाई की गिरफ्तारी 18 अगस्त को हुई थी।

विज्ञापन


गोवा विधानसभा में धर्मांतरण विरोधी बिल मंजूर
पणजी। गोवा कैबिनेट ने जबरन या अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए प्रस्तावित ‘गोवा प्रोहिबिशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन्स ऑफ रिलिजन बिल, 2026’ को मंजूरी दे दी है। यह विधेयक 31 अगस्त से शुरू होने वाले राज्य विधानसभा के मानसून सत्र में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया, प्रस्तावित कानून में दोषियों को उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। इसके अलावा, कम से कम 50 हजार का जुर्माना और पीड़ित को अधिकतम 5 लाख रुपये तक मुआवजा देने का प्रावधान प्रस्तावित है। वहीं, जबरन धर्मांतरण में शामिल हिंदू पुजारी और मुस्लिम धर्मगुरु को कम से कम 10 साल की सजा हो सकती है।

मणिपुर में जनगणना से पहले NRC सुधारने की मांग
पूर्वोत्तर भारत में एक बार फिर तनाव बढ़ने के संकेत है। मणिपुर में  मीरा पैबी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) में जनगणना से पहले संशोधन की मांग की है। एनएच-2 मार्ग पर कोइरेंगेई गांव से लिबरल कॉलेज लुवांगसांगबाम गांव तक मशाल रैली न्याय और निष्पक्ष परिसीमन अभियान (जेएफडी) के तत्वावधान में उत्तर इम्फाल मीरा और क्लब समन्वय समिति द्वारा आयोजित यह रैली कोइरेंगेई से शुरू हुई और भारी पुलिस सुरक्षा के बीच एनएच-2 मार्ग पर आगे बढ़ते हुए लिबरल कॉलेज, लुवांगसांगबाम तक गई।

फर्जी पुलिस SI बनकर MDMA जब्त करता, फिर बेच देता था युवक; गिरफ्तार
केरल के कोझिकोड में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर खुद को पुलिस सब-इंस्पेक्टर बताकर नशा तस्करों से MDMA जब्त करता और बाद में उसे बेच देता था। आरोपी की पहचान फेरोक के पास चुंगम कल्लिथोड निवासी रोजिथ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ युवाओं से वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान उसे गुरुवार रात रामनाट्टुकरा के वैद्यरंगाडी से पकड़ा गया। उसके पास से 2.5 ग्राम MDMA, हथकड़ी, एयर पिस्टल, फर्जी पुलिस पहचान पत्र और पुलिस वर्दी में उसकी तस्वीरें मिलीं। पुलिस उसके बैंक खातों और नशा तस्करों से संबंधों की जांच कर रही है।

कांग्रेस नेताओं के अश्लील डीपफेक वीडियो पोस्ट करने पर दो लोगों के खिलाफ केस
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को निशाना बनाकर कथित तौर पर अश्लील डीपफेक वीडियो पोस्ट करने के मामले में दो ‘एक्स’ अकाउंट धारकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तेलंगाना कांग्रेस के एमएलसी वेंकट बालमूर ने पुलिस में शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, ‘भारत मैट्रिक्स’ और ‘भास्कर शास्त्री’ नाम के अकाउंट से कथित आपत्तिजनक वीडियो साझा किए गए। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने 27 अगस्त को आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की जांच जारी है।

क्या जिंदा है 1984 का फरार आरोपी सुकुमारा कुरुप? क्राइम ब्रांच करेगी जांच
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने फरार आरोपी सुकुमारा कुरुप के जिंदा होने की खबरों की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को निर्देश दिया है। कुरुप पर 1984 में मावेलिक्करा के चाको की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, हत्या कथित तौर पर अपनी मौत का झूठा दावा कर जीवन बीमा की रकम हासिल करने की योजना का हिस्सा थी। हाल में खबरें सामने आईं कि कुरुप ब्रुनेई में दूसरे नाम और पासपोर्ट के साथ रह रहा है। मंत्री ने कहा कि फिलहाल ये केवल अफवाहें हैं और इनकी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने क्राइम ब्रांच के एडीजीपी को जांच के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर इंटरपोल से भी संपर्क किया जाएगा।

मणिपुर में NH-202 पर 58 FIR दर्ज, सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में बल तैनात
मणिपुर के उखरुल जिले में कुकी और नगा समुदायों के बीच फरवरी में शुरू हुए संघर्ष के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-202 पर हुई घटनाओं को लेकर 58 FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस ने यह जानकारी मणिपुर हाई कोर्ट में दाखिल स्थिति रिपोर्ट में दी है। रिपोर्ट के अनुसार, NH-202 उखरुल और कामजोंग जिलों को इंफाल से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। दो मामलों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपा गया है। हाईवे पर यातायात और जरूरी सामान की आवाजाही सुरक्षित रखने के लिए CRPF की दो, BSF की नौ कंपनियां तथा सेना और असम राइफल्स की आठ टुकड़ियां तैनात हैं। सुरक्षा बल सड़क खोलने और गश्त का काम कर रहे हैं।

असम के बाद मणिपुर में आया भूकंप
28 अगस्त को पूर्वोत्तर भारत में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। मणिपुर के चंदेल में सुबह 10:49 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र जमीन से 20 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं, असम के दीमा हसाओ में रात 1:36 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र 14 किलोमीटर की गहराई में था। दोनों भूकंपों के झटके अपेक्षाकृत हल्के थे।

KPSC घोटाला- प्रह्लाद जोशी का कर्नाटक सरकार पर हमला
कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) घोटाले पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, 'सरकारी नौकरियों में धोखाधड़ी के लिए कौन जिम्मेदार है? इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। सरकार इसमें शामिल है क्योंकि वे उस IAS अधिकारी को भी नहीं ढूंढ पा रहे हैं जो फरार है। इसका मतलब है कि पूरी सरकारी मशीनरी इसमें शामिल है... अगर अधिकारी ED या CID की हिरासत में आता है, तो पूरी सरकार का घोटाला सामने आ जाएगा... आज कांग्रेस सरकार बहुत गंभीर स्थिति में है, और कांग्रेस सरकार में कोई स्थिरता नहीं है'।
 
 

विश्व प्रसिद्ध मैसूर दशहरा 2026 की तैयारियां शुरू
कर्नाटक के मैसूर पैलेस में दशहरा हाथी दस्ते के भव्य स्वागत के साथ विश्व प्रसिद्ध मैसूर दशहरा 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
 

श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान
ओडिशा के पुरी में गम्हा पूर्णिमा और भगवान बलभद्र की जयंती के अवसर पर श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान किए जा रहे हैं। श्री जगन्नाथ मंदिर के सेवक ने बताया कि, 'आज भगवान बलराम का जन्मदिन है... भगवान का जन्म बहुत श्रद्धा के साथ मनाया जाता है... बड़े भाई बलराम का जन्म राखी पूर्णिमा के दिन हुआ था। आज का दिन बहुत पवित्र है... उनकी बहन सुभद्रा भी आज उन्हें राखी बांधती हैं'।
 

पैन-इंडिया डिजिटल अरेस्ट केस में ईडी ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करीब 30,000 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़े पैन-इंडिया साइबर फ्रॉड मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में ईडी की पणजी इकाई द्वारा की गई गिरफ्तारियों की संख्या पांच हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, भूषण सूर्यकांत मोये, विलास नारायण पवार और शैलेश दगडू को गुरुवार को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। पणजी की विशेष अदालत ने तीनों को 1 सितंबर तक ईडी हिरासत में भेज दिया। इससे पहले 23 अगस्त को मुंबई के फहीम मोइन हुसैन सैयद और नईम मुईन सैयद को गिरफ्तार किया गया था। जांच एक गोवा की महिला से जुड़े मामले से शुरू हुई, जिसे साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर 2.60 करोड़ रुपये ठगे थे। ईडी के मुताबिक, यह रकम करीब 400 बैंक खातों में पहुंची और बाद में नकदी निकालकर विदेशी मुद्रा में बदली गई। जांच में 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 300 साइबर शिकायतों और 163 FIR से जुड़े नेटवर्क का भी पता चला है।

असम में पशु तस्करी की कोशिश नाकाम, 4 गिरफ्तार; 55 मवेशी बरामद
असम के कामरूप जिले में पुलिस ने पशु तस्करी की कथित कोशिश को नाकाम करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया और 55 मवेशियों को बरामद किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सीएम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि चांगसारी इलाके में तीन ट्रकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। इस दौरान 55 मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने तीन वाहनों और तीन मोबाइल फोन को भी जब्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि चांगसारी में पुलिस ने कथित तौर पर अमानवीय तरीके से ले जाए जा रहे मवेशियों को सुरक्षित बचाया। उन्होंने कहा कि पशु तस्करी को जड़ से खत्म किए जाने तक सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

 

सबरीमाला देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में दलित कार्यकर्ता पर केस
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शुक्रवार को कहा कि सबरीमाला के भगवान अयप्पा और देवी मलिकप्पुरथम्मा के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दलित कार्यकर्ता सनी एम. कपिक्कड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

कपिक्कड पर एक शिक्षण संस्थान में हाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों देवताओं के संदर्भ में कथित तौर पर यौन रूप से आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, सबरीमाला से जुड़े स्वयंसेवी संगठनों और कार्यकर्ता राहुल ईश्वर ने गुरुवार को पुलिस में शिकायत देकर मामला दर्ज करने की मांग की थी। गृह मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि इस मामले में पहले ही केस दर्ज किया जा चुका है। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से कथित टिप्पणी का पूरा वीडियो और उसका संदर्भ देखने तथा उचित कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

मणिपुर घात लगाकर हमले में मारे गए चार नागा नागरिकों के शव बरामद
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में घात लगाकर किए गए हमले में मारे गए चार नागा नागरिकों के शव शुक्रवार सुबह बरामद कर लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि हमले में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे मकुई अशांग और थानाम्बा नागा गांवों के बीच एक सुनसान इलाके में हथियारबंद हमलावरों ने एक वाहन को निशाना बनाया था। हमले में चार लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य भी शामिल थे।

सुरक्षा बल गुरुवार शाम शवों को निकालने की कोशिश में सफल नहीं हो सके थे। शुक्रवार सुबह राज्य पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची और शवों को बरामद कर सेनापति जिला मुख्यालय ले जाया गया। यूनाइटेड नागा काउंसिल ने हमले में दो कुकी उग्रवादी संगठनों की कथित संलिप्तता का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
 

मिजोरम में म्यांमार की महिला 13 लाख रुपये के सोने के बिस्कुट के साथ गिरफ्तार
मिजोरम में सुरक्षा बलों ने म्यांमार की 41 वर्षीय महिला को 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के बिस्कुट के साथ गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि कार्रवाई असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने संयुक्त रूप से की। महिला को आइजोल के उत्तरी बाहरी इलाके जुआंगतुई में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 82 ग्राम वजन का सोने का बिस्कुट बरामद किया गया।

अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आइजोल के बावंगकॉन पुलिस थाने को सौंप दिया गया। बरामद सोने के बिस्कुट को सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

ट्रांसजेंडर अभिनेत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर केस
ट्रांसजेंडर मॉडल और अभिनेत्री दीप्ति कल्याणी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक और मानहानिकारक सामग्री पोस्ट करने के मामले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

त्रिशूर सिटी साइबर पुलिस ने कल्याणी की शिकायत के आधार पर धन्या एसआर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, धन्या सोशल मीडिया अकाउंट और चैनल ‘हेलेन ऑफ स्पार्टा’ नाम से चलाती हैं। आरोप है कि धन्या ने हाल में एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दीप्ति और उनके परिवार के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं। पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने कहा कि धन्या को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।
 

कलकत्ता HC ने 2 सितंबर के प्रदर्शन की तत्काल सुनवाई से किया इनकार
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और अपीलों की सुनवाई में देरी के विरोध में दो सितंबर को प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति संबंधी याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने याचिकाकर्ता संगठन संग्रामी गणमंच की तत्काल सुनवाई की मांग को ठुकराते हुए कहा कि याचिका दायर होने के बाद मामला तय कार्यक्रम के अनुसार सुना जाएगा। संगठन ने प्रदर्शन में पांच हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है।

संगठन का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए गए और अपीलों पर न्यायाधिकरणों में सुनवाई में देरी हो रही है। न्यायमूर्ति ने सवाल किया कि याचिका पहले क्यों नहीं दायर की गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई याचिका समय पर दाखिल नहीं की गई है तो उसे तत्काल सुनवाई का अधिकार नहीं मिल जाता।
 

तमिलनाडु की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की रोक हटाने की विजय की मांग
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पांच विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराने पर लगी अंतरिम रोक हटाने के लिए मद्रास उच्च न्यायालय का रुख किया है। उन्होंने अदालत में दाखिल जवाबी हलफनामे में निर्वाचन आयोग को उपचुनाव की अधिसूचना जारी करने की अनुमति देने का अनुरोध किया। इन सीटों में तिरुचिरापल्ली (पूर्व) भी शामिल है, जहां से विजय ने अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी और बाद में इस्तीफा दे दिया था। अन्य सीटों से पूर्व अन्नाद्रमुक विधायक भी इस्तीफा दे चुके हैं।

विजय ने अपने जवाब में संबंधित जनहित याचिका को खारिज करने की मांग की। उनका कहना है कि याचिकाकर्ता का इस मामले में कोई प्रत्यक्ष हित नहीं है और वह चुनाव याचिकाकर्ताओं के हितों की ओर से ‘प्रॉक्सी वॉर’ लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनाव रोकने से इन क्षेत्रों के लाखों मतदाता निर्वाचित प्रतिनिधि से वंचित रहेंगे, जो व्यापक जनहित के खिलाफ है।

वीएचपी का सरकार पर हमला, आरएसएस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई को बताया असांविधानिक
विश्व हिंदू परिषद के नेता विनोद बंसल ने आरएसएस के कार्यक्रमों में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ सरकारी कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। दिल्ली में दिए अपने बयान में उन्होंने सरकार पर नफरत फैलाने, तानाशाही रवैया अपनाने और हिंदू कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आरएसएस जैसे सामाजिक संगठन के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए लोगों को सजा देना पूरी तरह से हास्यास्पद और अनुचित है।

संविधान के अनुच्छेद 19 का हवाला, दी कानूनी चुनौती
वीएचपी नेता ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 का जिक्र करते हुए कहा कि हर नागरिक को अभिव्यक्ति की आजादी, शांतिपूर्ण सभा करने और देश में कहीं भी आने-जाने का मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह तानाशाही ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। यदि सरकार इस तरह के प्रतिबंध और दमनकारी कदम वापस नहीं लेती है, तो प्रभावित कार्यकर्ताओं को कानून के रास्ते से न्याय दिलाया जाएगा।

विज्ञापन

ओडिशा: कक्षा नौ की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में ट्यूटर गिरफ्तार
ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक आवासीय स्कूल की कक्षा नौ की छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसे गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने एक निजी ट्यूटर को गिरफ्तार किया है। यह मामला तब सामने आया जब स्कूल में आयोजित एक नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान छात्रा के पांच महीने के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

गर्मी की छुट्टियों के दौरान घटी घटना
पुलिस के अनुसार, इलाके में भीषण गर्मी के कारण मार्च में ही स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई थीं। छुट्टियों के दौरान जब छात्रा घर पर अकेली थी, तब ट्यूटर ने इस वारदात को अंजाम दिया और किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्यूटर को गिरफ्तार कर लिया है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें