आंध्र प्रदेश के एलामंचिली में एक परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर एक पुल से गोदावरी नदी में छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान तीन लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि स्थानीय मछुआरों ने एक महिला को बचा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार सुबह करीब 6.15 बजे चिंचिनाडा पुल पर हुई।
गुजरात के हर जिले और शहर में बनेगा अलग एंटी-नारकोटिक्स विंग: डीजीपी मलिक
गुजरात पुलिस मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य के हर जिले और पुलिस आयुक्तालय में अलग एंटी-नारकोटिक्स विंग बनाएगी। पुलिस महानिदेशक जीएस मलिक ने यह जानकारी दी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नई इकाइयां विशेष टास्क फोर्स के रूप में काम करेंगी और केवल स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत आने वाले अपराधों से निपटेंगी। इन्हें सात दिन के भीतर काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
मलिक की ओर से सभी पुलिस आयुक्तों, रेंज आईजी और जिला पुलिस अधीक्षकों को जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक विंग में आठ पुलिसकर्मी होंगे। इनमें एक निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, दो सहायक उपनिरीक्षक या हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल शामिल होंगे। प्रत्येक इकाई को अलग वाहन और चालक भी दिया जाएगा। जिला स्तर पर एंटी-नारकोटिक्स विंग सीधे पुलिस अधीक्षक की निगरानी में काम करेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, अहमदाबाद और सूरत शहर में दो-दो इकाइयां बनाई जाएंगी। वहीं, वडोदरा और राजकोट में एक-एक इकाई होगी। इनकी निगरानी संयुक्त या अतिरिक्त पुलिस आयुक्त करेंगे। इन इकाइयों को शराब या जुए से जुड़ा काम नहीं सौंपा जाएगा। वे स्थानीय अपराध शाखा, विशेष अभियान समूह, अपराध रोकथाम शाखा या अपराध जांच शाखा की निगरानी में भी काम नहीं करेंगी।
विंग एनडीपीएस अधिनियम के तहत आने वाले सभी मादक पदार्थों के बारे में खुफिया जानकारी जुटाएगा। साथ ही मादक पदार्थ बेचने वालों, चिन्हित संवेदनशील इलाकों और राज्य स्तरीय एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की सूची में शामिल होटलों पर लगातार नजर रखी जाएगी। विज्ञप्ति के अनुसार, इकाई उन आदतन अपराधियों की भी पहचान करेगी, जिनके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत एहतियाती हिरासत की कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे मामलों में सीआईडी अपराध शाखा को प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि एंटी-नारकोटिक्स विंग की जांच में स्थानीय पुलिसकर्मियों की लापरवाही, कर्तव्य में चूक या उदासीनता सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इकाई को हर महीने अपने काम का ब्योरा तय प्रारूप में तैयार कर संबंधित पुलिस आयुक्त और रेंज आईजी को महीने की पहली से पांच तारीख के बीच सौंपना होगा।
मणिपुर में एसआईआर के बाद मतदाता सूची जारी, 19.60 लाख मतदाता; 1.89 लाख नाम हटे, 56,871 जुड़े
निर्वाचन आयोग ने रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मणिपुर की अंतिम मतदाता सूची जारी की। सूची में 19.60 लाख मतदाता हैं। पुनरीक्षण के दौरान 1.89 लाख नाम हटाए गए और 56,871 नए मतदाता जोड़े गए। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि एसआईआर के बाद मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
उन्होंने कहा, "एसआईआर प्रक्रिया के बाद राज्य की 60 विधानसभा सीटों में अब 19.60 लाख से अधिक मतदाता हैं। कुल मतदाताओं में 9,53,350 पुरुष और 10.06 लाख महिलाएं हैं। तीसरे लिंग के 308 मतदाता हैं।" सिन्हा ने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया इस साल 18 मई को मतदाता सूची में दर्ज 20.93 लाख मतदाताओं के साथ शुरू हुई थी। अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या पुनरीक्षण शुरू होने से पहले की संख्या से 6.33 प्रतिशत कम है। 5 जुलाई को जारी मसौदा मतदाता सूची में 19.34 लाख मतदाता थे।
चेन्नई में पुलिस दिवस पर समुद्र तट की सफाई में 1,000 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
पुलिस दिवस के मौके पर रविवार को चेन्नई के बेसेंट नगर में समुद्र तट की सफाई अभियान में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों, नगर निकाय कर्मचारियों और कॉलेज छात्रों ने हिस्सा लिया। चेन्नई शहर के पुलिस आयुक्त ए अमलराज ने अभियान की शुरुआत की और प्रतिभागियों के साथ समुद्र तट से कचरा हटाया। अभियान में ग्रेटर चेन्नई पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी, होम गार्ड, चेन्नई निगम के सफाई कर्मचारी तथा एनसीसी और एनएसएस के छात्र स्वयंसेवक शामिल हुए।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस दिवस हर साल 6 सितंबर को मनाया जाता है। इस दिन 1859 में मद्रास जिला पुलिस अधिनियम लागू किया गया था, जिससे आधुनिक और व्यवस्थित पुलिस बल की शुरुआत हुई थी। अतिरिक्त आयुक्त एजी बाबू और केएस नरेंद्रन नायर तथा संयुक्त आयुक्त पी विजयकुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी भी सफाई अभियान में मौजूद रहे।
ओडिशा में सतर्कता विभाग ने इंजीनियर को गिरफ्तार किया, पांच प्लॉट और 63 लाख रुपये की जमा राशि का पता चला
ओडिशा सतर्कता विभाग ने रविवार को एक महिला इंजीनियर को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, उसके पास से 7.15 लाख रुपये नकद, 63 लाख रुपये की जमा राशि और पांच प्लॉट समेत कई संपत्तियों का पता चला है। गिरफ्तार इंजीनियर की पहचान केंद्रापड़ा की जल निकासी शाखा की सहायक कार्यकारी अभियंता अनुपमा साहू के रूप में हुई है। सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने एक सूचना के आधार पर शनिवार को एनएच-53ए पर मार्शाघाई चौराहे के पास साहू की सरकारी गाड़ी को रोका। वह केंद्रापड़ा जिले स्थित अपने घर जा रही थीं।
कटक के सतर्कता पुलिस अधीक्षक केबी आचार्य ने बताया कि तलाशी के दौरान उनके पास से कथित तौर पर आय से अधिक 3.15 लाख रुपये नकद बरामद हुए। उन्होंने बताया कि इंजीनियर की अन्य संपत्तियों की तलाशी के दौरान केंद्रापड़ा के नयनविहार स्थित उनके घर से चार लाख रुपये और बरामद किए गए। इससे नकद बरामदगी की कुल राशि 7.15 लाख रुपये हो गई। आचार्य के अनुसार, छापेमारी के दौरान 63 लाख रुपये की जमा राशि, भुवनेश्वर में एक फ्लैट, ढेंकानाल जिले के कामाक्ष्यानगर में सरिया और सीमेंट का एक गोदाम, बोलांगीर में एक दुकान और भुवनेश्वर, अंगुल तथा ढेंकानाल में पांच प्लॉट का भी पता चला।
कर्नाटक में बिना लाइसेंस वाले परिसरों से चार लाख रुपये से अधिक की दवाएं जब्त
कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अनेकल और देवनहल्ली में बिना लाइसेंस वाले ई-कॉमर्स भंडारण केंद्रों पर छापेमारी कर चार लाख रुपये से अधिक कीमत की दवाएं जब्त की हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, दोनों परिसरों में दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण की सूचना मिलने के बाद औषधि प्रवर्तन शाखा ने एक साथ कार्रवाई की। एफडीए ने एक विज्ञप्ति में कहा कि बिना लाइसेंस वाले ई-कॉमर्स भंडारण केंद्रों पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अनधिकृत दवाएं जब्त की गईं। विभाग ने इसे दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण के खिलाफ समन्वित कार्रवाई बताया।
अनेकल में एफडीए की राज्य खुफिया शाखा के सहायक औषधि नियंत्रक मनोहर के नेतृत्व में क्षेत्रीय औषधि निरीक्षकों की टीम ने अनेकल तालुक के थट्टानहल्ली स्थित एमेजॉन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के परिसर पर छापा मारा। विज्ञप्ति के अनुसार, वैध औषधि लाइसेंस के बिना दवाओं का भंडारण करने पर 2,45,352 रुपये कीमत की दवाएं जब्त की गईं। अलग से बेंगलुरु ग्रामीण जिले के देवनहल्ली स्थित एयरोस्पेस इलाके में एमेजॉन के परिसर पर औषधि निरीक्षक विभा के नेतृत्व में छापा मारा गया। यहां से 1,57,000 रुपये कीमत की दवाएं जब्त की गईं। दोनों जगहों से जब्त दवाओं की कुल कीमत 4,02,352 रुपये है। संबंधित संस्थाओं की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
केरल में भवानी नदी से महिला और बच्चे के शरीर के अंग बोरे में मिले
केरल के पलक्कड़ जिले के अगली में चेरकाडव के पास भवानी नदी में रविवार को दो बोरों में महिला और एक बच्चे के शरीर के अंग मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मवेशी चराने वालों ने दोपहर करीब 3.30 बजे नदी के सूखे हिस्से में पड़े दोनों बोरों को देखा। बोरों से तेज बदबू आने पर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुदूर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बोरों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि उनमें महिला और बच्चे के सिर समेत शरीर के अन्य अंग मिले।
पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी ली, लेकिन कोई अन्य बोरा या शरीर के अंग नहीं मिले। पुलिस ने बताया कि शरीर के अंग काफी सड़ चुके हैं, जिससे मृतकों की पहचान करना मुश्किल है। एक गवाह के बयान के आधार पर पुदूर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शरीर के अंगों को मुर्दाघर भेज दिया गया है। सोमवार को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस केरल और तमिलनाडु के पड़ोसी जिलों में हाल में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है, ताकि मृतकों की पहचान हो सके। अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
त्रिशूर में लंबी कतार देखकर सुरेश गोपी ने टोल प्लाजा के सभी गेट खोलने के निर्देश दिए
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने रविवार को यहां पालियेक्करा टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार देखकर संचालकों को सभी गेट खोलने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पालियेक्करा टोल प्लाजा गोपी के त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र में कोच्चि-सलेम राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। सप्ताहांत और छुट्टियों के दिनों में यहां वाहनों की लंबी कतार लगने की शिकायत रहती है। पुलिस के अनुसार, गोपी त्रिशूर से एर्नाकुलम जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के दोनों ओर दो किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार देखी।
उनके साथ चल रहा सुरक्षा वाहन यातायात को पार कर टोल प्लाजा तक पहुंच गया। इसके बाद गोपी अपने वाहन से उतरे और टोल बूथ पर पहुंचकर सभी गेट खोलने के निर्देश दिए। उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी इस काम में मदद की और टोल गेट खोल दिए। पुलिस के अनुसार, करीब आधे घंटे में वाहनों की कतार खत्म हो गई। इसके बाद गोपी ने अपनी यात्रा फिर शुरू कर दी। एक टीवी चैनल से बातचीत में गोपी ने कहा कि लंबी कतार देखकर उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास हुआ और उन्होंने हस्तक्षेप करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, "स्पष्ट कानूनी दिशानिर्देश हैं कि अगर वाहन इतनी दूरी तक कतार में खड़े हों- जिससे इंजन चालू रहने के कारण ईंधन की बर्बादी, अत्यधिक गर्मी और धुएं का उत्सर्जन होता है- तो अदालत ने सख्त निर्देश दिए हैं कि एक निश्चित सीमा से आगे वाहनों की कतार लगने पर टोल गेट खोलकर उन्हें गुजरने दिया जाना चाहिए।" गोपी ने कहा कि टोल वसूलने के लिए संचालकों को दोष नहीं दिया जा सकता, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने पर इस प्रक्रिया में काफी समय लग सकता है।
अरुणाचल पुलिस ने मानव तस्करी मामले का खुलासा किया, 38 लोगों को बचाया
अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और अलग-अलग स्थानों से 34 बच्चों समेत 38 लोगों को बचाया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बच्चों को अरुणाचल प्रदेश के आलो, मेचुका, पासीघाट, नाहरलागुन, ईटानगर और लोंगडिंग इलाकों के अलावा असम से बचाया गया।
पिछले महीने नामसाई थाने में मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। इसकी जांच नामसाई के पुलिस उपाधीक्षक केंगो दिर्ची कर रहे हैं। यह जांच पुलिस अधीक्षक सांगे थिनले की निगरानी में बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई के समन्वय से चल रही है। थिनले ने बताया कि पुलिस अब तक चार मददगारों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें हाल में गिरफ्तार की गई रूपाली पाडुंग भी शामिल है। पीड़ितों को ले जाने और अवैध तरीके से अलग-अलग जगह रखने में उसकी कथित भूमिका की कानूनी जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच का उद्देश्य पूरे तस्करी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाना है। पीड़ितों को कथित तौर पर जहां रखा गया था, वहां के माता-पिता, अभिभावकों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सबूतों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई बचाए गए बच्चों को जरूरी देखभाल, सुरक्षा, परामर्श और पुनर्वास सहायता दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक नाबालिगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।
पश्चिम बंगाल में ट्रैक बहाल होने के बाद दक्षिण-उत्तर मार्ग पर ट्रेन सेवाएं सामान्य
पश्चिम बंगाल में न्यू फरक्का और तिलडांगा के बीच जमीन धंसने से प्रभावित रेल पटरी बहाल होने के बाद रविवार को दक्षिण-उत्तर मार्ग पर ट्रेन सेवाएं सामान्य हो गईं। पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि पूर्वोत्तर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके मूल मार्ग पर बहाल कर दिया गया है।
तीन सितंबर की रात लगातार हुई बारिश के कारण न्यू फरक्का और तिलडांगा के बीच रेलवे तटबंध के पास जमीन धंस गई थी। पटरी को जल्द बहाल करने के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लगाया गया। इससे पहले ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग बदले जाने से यात्रियों को परेशानी हुई थी। राज्य परिवहन निगमों एनबीएसटीसी और एसबीएसटीसी ने कोलकाता को सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल के अन्य शहरों से जोड़ने के लिए अतिरिक्त बसें चलाई थीं। यात्रियों ने यह भी शिकायत की थी कि कुछ निजी बस संचालकों ने स्थिति को देखते हुए अधिक किराया वसूला।
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में झड़प मामले में कोलकाता पुलिस ने पूर्व टीएमसी विधायक को तलब किया
कोलकाता पुलिस ने पूर्व आईपीएस अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को नोटिस भेजकर बुधवार को पेश होने को कहा है। यह नोटिस पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय वाले भवन से "अवैध" होर्डिंग हटाने के दौरान कथित झड़प के मामले की जांच के संबंध में भेजा गया है। पूर्व विधायक को बुधवार दोपहर शेक्सपियर सरणी थाने में पेश होने के लिए कहा गया है।
अधिकारियों ने 27 अगस्त को मध्य कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित उस इमारत के ऊपर से टीएमसी का "अवैध" होर्डिंग हटाया था, जहां अभिषेक बनर्जी का कार्यालय है। इस दौरान बनर्जी के कार्यालय के निजी सुरक्षाकर्मियों, उनके समर्थकों और पार्टी के कुछ नेताओं की पुलिस तथा कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों से झड़प हुई थी।
शेक्सपियर सरणी थाने में इस मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बनर्जी को दो एफआईआर में आरोपी बनाया गया है। राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन, पूर्व विधायक कबीर और पूर्व पार्षद बैशवानार चटर्जी समेत अन्य लोगों के नाम भी मामलों में शामिल हैं।
पुलिस इस मामले में बनर्जी, उनके निजी सहायक सुमित रे, ओ'ब्रायन और चटर्जी से पहले ही पूछताछ कर चुकी है। रविवार को शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस टीम ने दक्षिण कोलकाता के कसबा इलाके स्थित कबीर के घर जाकर नोटिस दिया। उन्होंने नोटिस प्राप्त कर लिया। सूत्रों के अनुसार, कबीर ने पुलिस टीम से कहा कि वह सोमवार को पेश होना चाहते हैं और दोपहर 1.30 बजे थाने पहुंच सकते हैं। पुलिस इससे पहले मामले में नोटिस देने के लिए कबीर के घर दो बार गई थी, लेकिन उस समय पूर्व विधायक वहां मौजूद नहीं थे। अब तक इस घटना के सिलसिले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने छात्रों से विदेश में पढ़ाई कर रोजगार देने वाला बनने को कहा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को छात्रों से विदेश में पढ़ाई करने और नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने यहां कौशल विकास विभाग के 'स्टडी अब्रॉड 2026' कार्यक्रम की शुरुआत के बाद यह बात कही। पैलेस ग्राउंड्स में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत छात्रों को विदेशी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसमें 80 से अधिक विश्वविद्यालय हिस्सा ले रहे हैं और 300 से अधिक विषयों में पढ़ाई के अवसर उपलब्ध हैं।
शिवकुमार ने कहा, "हमारे प्रतिभाशाली मानव संसाधन देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में बेजोड़ हैं। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे वैश्विक स्तर पर सीखें। हमारी इच्छा है कि वे केवल कर्मचारी न बनें, बल्कि नियोक्ता बनें।" उन्होंने कहा कि सरकार ने विदेश में शिक्षा के लिए नया अवसर उपलब्ध कराया है और ज्ञान में निवेश को सबसे अच्छी संपत्ति बताया।
उन्होंने कहा, "मनुष्य की सीमाएं हैं, लेकिन ज्ञान की कोई सीमा नहीं है। वैश्विक स्तर की शिक्षा तक पहुंच लोगों को मानसिक रूप से मजबूत बनाती है।" शिवकुमार ने बताया कि क्वींसलैंड विश्वविद्यालय के साथ समझौते के बाद 3,145 छात्रों का विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई के लिए चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से छात्रवृत्तियां दी जा रही हैं। बैंक दो करोड़ रुपये तक के शिक्षा ऋण भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "80 से अधिक विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं और 300 से अधिक विषयों में पढ़ाई के अवसर दे रहे हैं।"
तेलंगाना में पोर्क करी को लेकर विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या की
तेलंगाना के नलगोंडा जिले में पोर्क करी बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद 72 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 66 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात शबदुलापुर गांव स्थित दंपती के घर में हुई। महिला जब सो रही थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर धारदार वस्तु से उस पर हमला किया।
हमले में महिला के माथे, सीने और पेट पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दंपती के बीच छोटी-छोटी पारिवारिक बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था। शनिवार को महिला ने पोर्क करी बनाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों में बहस हुई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, इससे नाराज व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला पर हमला कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दंपती की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने कनागल थाने में हत्या का मामला दर्ज किया और रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा के जगतसिंहपुर में पैसे के विवाद में व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या की
ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पैसे को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। घटना शनिवार रात बलरामपुर गांव में हुई। मृतका की पहचान पुष्पलता स्वैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला राज्य सरकार की एक योजना के तहत बैंक खाते में मिले पैसे निकालना चाहती थी। व्यक्ति ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों में विवाद हो गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "गुस्साए व्यक्ति ने धारदार वस्तु से महिला की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे यह कदम उठाने से रोक दिया।" आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
केरल में निजी बस संचालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की धमकी दी
केरल में निजी बस संचालकों ने रविवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि केएसआरटीसी की प्रियदर्शिनी योजना से उनके कारोबार पर पड़ रहे वित्तीय असर को देखते हुए उनकी मांगों को लेकर गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशें पर्याप्त नहीं हैं। निजी बस संचालकों का कहना है कि केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की प्रियदर्शिनी योजना लागू होने के बाद उनके कारोबार पर असर पड़ा है। इस योजना के तहत महिलाओं को सामान्य श्रेणी की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है।
निजी बस संचालकों की चिंताओं के बाद राज्य सरकार ने उनकी समस्याओं का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञ समिति बनाई थी। समिति ने अध्ययन के बाद निजी बस सेवाओं को उद्योग का दर्जा देने और बसों की परिचालन अवधि 22 से बढ़ाकर 25 वर्ष करने की सिफारिश की थी, ताकि इस क्षेत्र में जारी गिरावट को रोका जा सके। हालांकि, निजी बस संचालकों का दावा है कि समिति की सिफारिशों में उनकी प्रमुख मांगों का कोई समाधान नहीं है।
ऑल केरल बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन (एकेबीओए) के महासचिव टी गोपीनाथन ने रविवार को कहा कि राज्य में बस सेवाएं रोकने का फैसला संगठन की राज्य समिति की 8 सितंबर को पालक्काड में होने वाली बैठक में लिया जाएगा।
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बुधवार तक भारी बारिश और आंधी की संभावना
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में सक्रिय मानसून और उत्तर प्रदेश से पूर्व की ओर बढ़ रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण 9 सितंबर तक भारी बारिश और आंधी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाओं के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ सकता है। इसके चलते पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, हुगली, नदिया और उत्तर 24 परगना जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार के उप-हिमालयी जिलों में भी 9 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है।
रविवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में कोलकाता में 47 मिलीमीटर और पड़ोसी साल्ट लेक में 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि, इस दौरान दक्षिण बंगाल के अन्य इलाकों में मौसम लगभग सूखा रहा।
गुजरात के पाटन में कार खड़े ट्रक से टकराई, तीन की मौत, चार घायल
गुजरात के पाटन जिले में रविवार को एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे राधनपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। अधिकारी ने कहा, "कार सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक की सीट खून से भर गई थी। तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बच्चे समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।"
राधनपुर थाने के अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनील चावड़ा, महेश मेहता और शक्तिसिंह जडेजा के रूप में हुई है। वे कच्छ जिले के अंजार के रहने वाले थे। घायलों को पहले एंबुलेंस से राधनपुर के सरकारी रेफरल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए धारपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पश्चिम बंगाल: बैंकुरा में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में दो गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बैंकुरा शहर के पास हरियालगड़ा इलाके में रविवार दोपहर एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, महिला ने बैंकुरा सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने से पहले उससे पैसे भी वसूले। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति द्वारा दिए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों को पास के इलाके से पकड़ लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।