मणिपुर में हथियार बेचने के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार
मणिपुर के इम्फाल ईस्ट जिले में सुरक्षा बलों ने हथियार और विस्फोटक बेचने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं को बुधवार को एंड्रो थाना क्षेत्र के शांता बाजार से पकड़ा गया। उनके पास से एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ, जिसे वे कथित तौर पर एक खरीदार को बेचने लाई थीं। पुलिस का कहना है कि दोनों अवैध रूप से हथियारों और विस्फोटकों की खरीद, ढुलाई और बिक्री में शामिल थीं। इसी दिन पोरोमपट थाना क्षेत्र के खुराई हेकह्रुमाखोंग से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगद्रेनखोम्बा) की एक महिला कैडर को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, बिष्णुपुर जिले के लेइमापोकपाम से एक युवक को कथित रंगदारी वसूली के आरोप में पकड़ा गया। उसके पास से तीन रसीद बुक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।
नागालैंड में भूस्खलन का कहर, दो भाइयों की मौत
नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में दो किशोर भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार तड़के अपर पेनली वार्ड में हुआ, जब लगातार बारिश के बाद उनके किराए के घर के ऊपर बनी रिटेनिंग वॉल ढह गई और मलबा घर पर आ गिरा। SDRF, पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने मलबे से 19 वर्षीय मुवालोंग संगतम और 16 वर्षीय थ्रिडिबा संगतम के शव निकाले। उनकी मां को कमर तक कीचड़ में फंसी हालत में सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों भाई क्वीन मैरी हायर सेकेंडरी स्कूल, मोकोकचुंग के छात्र थे। परिवार गर्मी की छुट्टियों के बाद 28 जुलाई को स्कूल खुलने पर कुछ दिन पहले ही तुएनसांग जिले के अलीसोपुर गांव से मोकोकचुंग लौटा था।
कोलकाता में रेस लगा रहीं दो बसों के बीच फंसा स्कूटर सवार, मौत
कोलकाता के बेहाला इलाके में गुरुवार सुबह कथित तौर पर यात्रियों को बिठाने की होड़ में रेस लगा रही दो निजी बसों के बीच फंसने से एक स्कूटर सवार की मौत हो गई। हादसा सुबह शिमुलतला मार्केट के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, एस्प्लेनेड-डायमंड हार्बर रूट की एक बस ने स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे के बाद दोनों बस चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि यात्रियों को लेकर बस चालकों की लापरवाही इलाके में आम बात है। लोगों ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठाई।