कर्नाटक: मां ने कर्ज के दबाव में बच्चों को जहर दिया, मां-बेटी की मौत
धारवाड़ में कर्ज चुकाने के दबाव से परेशान एक महिला ने शनिवार को अपने तीन बच्चों को जहर दे दिया। उसने खुद भी जहर खा लिया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में सविता (42) और उसकी बड़ी बेटी निवेदिता उर्फ गदिगेव्वा (8) की मौत हो गई। दोनों ने हुबली के कर्नाटक आयुर्विज्ञान संस्थान (KIMS) अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सविता की दो अन्य बेटियां, भाग्यलक्ष्मी (6) और हर्षिता (9), अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। उनका उपचार जारी है। यह घटना धारवाड़ जिले के कराडिगुड्डा गांव की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सविता ने स्वयं सहायता समूहों से कर्ज लिया था। उसने तीन लाख रुपये के लिए कृषि भूमि गिरवी रखी थी। साथ ही, दो लाख रुपये का निजी कर्ज भी लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बंगलूरू कचरा टेंडर में 133 करोड़ की अनियमितता का आरोप
कर्नाटक के भाजपा नेता आर अशोका ने राजधानी बंगलूरू के 133 करोड़ रुपये के कचरा प्रबंधन टेंडर में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने अयोग्य कंपनी को ठेका देने की जांच मांगी। अशोका ने कहा कि मुनियप्पा एंटरप्राइजेज वित्तीय मानदंड पूरे नहीं करती थी। कंपनी का कारोबार 3.34 करोड़ रुपये था, जबकि 10 करोड़ रुपये अनिवार्य था। वित्त विभाग की चेतावनी के बावजूद करीब 12.99 करोड़ रुपये के अतिरिक्त सुरक्षा जमा नहीं लिए गए। उन्होंने अधिकारियों पर प्रक्रियाएं दरकिनार करने और मंत्री की भूमिका का आरोप लगाया। अशोका ने उच्च स्तरीय या लोकायुक्त जांच की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को टेंडर रद करने के लिए पत्र लिखने की बात कही। उन्होंने कचरा संग्रह शुल्क में वृद्धि की भी आलोचना की, जो 40 रुपये से बढ़कर 400 रुपये हो गया है। शनिवार को लगाए गए इन आरोपों पर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।