फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज डायरी: केरलम में भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा; तमिलनाडु में भारी बारिश, तूतीकोरिन में स्कूल बंद

Thu, 22 Oct 2026 07:17 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

केरलम के तिरुवनंतपुरम जिले में गुरुवार तड़के भूस्खलन के कारण बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। इस घटना के बाद नेय्याट्टिनकरा और परस्साला रेलवे स्टेशनों के बीच रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। रेलवे के अनुसार, हादसा रात 2:19 बजे हुआ। राहत की बात यह है कि ट्रेन में सवार सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी सुरक्षित हैं।

रेलवे ने ट्रेन को आगे ले जाने के लिए तुरंत दूसरा इंजन भेजा। इसके अलावा, पटरी को ठीक करने और रेल सेवाएं दोबारा शुरू करने के लिए राहत ट्रेन और कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। हादसे के कारण तीन ट्रेनें रास्ते में रोकनी पड़ीं, जबकि पांच अन्य ट्रेनों के रवाना होने में देरी हुई। कुछ और ट्रेनों के भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई। रेलवे के मुताबिक, प्रभावित रेल मार्ग पर मरम्मत का काम जारी है। इसके पूरा होने तक ट्रेनों का संचालन बाधित रह सकता है।

विज्ञापन


तमिलनाडु: भारी बारिश के चलते तूतीकोरिन जिले में स्कूल बंद
तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में भारी बारिश के कारण स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। जिला कलेक्टर विषु महाजन ने यह घोषणा की है। खराब मौसम और बारिश को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जिले में भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्कूल बंद रखने के फैसले से विद्यार्थियों को बारिश के दौरान स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों से बचाया जा सकेगा।

कर्नाटक के दशहरा जुलूस में हाथी बेकाबू

कर्नाटक के शिवमोगा में दशहरा जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जुलूस में अंबारी (हौदा) ले जा रहा हाथी अचानक बेकाबू होकर सड़कों पर दौड़ पड़ा। उसने रास्ते में कई इमारतों और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। यह अफरा-तफरी तब जाकर थमी, जब हाथी की पीठ पर बंधी 650 किलोग्राम वजन की चांदी की अंबारी नीचे गिर गई।

सोमनाथ मंदिर के 500 मीटर के दायरे में नॉनवेज की बिक्री पर रोक सही: गुजरात सरकार

गुजरात सरकार ने बुधवार को हाईकोर्ट में कहा कि कारोबार करने के अधिकार का मतलब यह नहीं है कि किसी तीर्थस्थल के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की अनदेखी की जाए। सरकार ने सोमनाथ मंदिर के 500 मीटर के दायरे में नॉनवेज भोजन की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के फैसले का बचाव किया। सोमनाथ मंदिर भगवान शिव को समर्पित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है और गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में स्थित है। जस्टिस निशा एम ठाकोर की पीठ इस रोक को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी। सरकार की ओर से पेश वकील जीएच विरक ने दलील दी कि सोमनाथ को केवल एक व्यावसायिक शहर के रूप में नहीं देखा जा सकता। देशभर के लाखों हिंदुओं के लिए इसका विशेष धार्मिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व है। कोई भी व्यक्ति मंदिर के ठीक पास या श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले पवित्र रास्तों पर मांसाहारी भोजन बेचने को अपना पूर्ण मौलिक अधिकार नहीं बता सकता।

सरकार के आदेश को कोर्ट में चुनौती
गुजरात की भाजपा सरकार ने करीब दो महीने पहले मंदिर के 500 मीटर के दायरे में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाई थी। अगस्त में जारी सरकारी अधिसूचना के तहत करीब छह प्रतिबंधित क्षेत्र तय किए गए थे। इनमें सोमनाथ मंदिर के आसपास का इलाका भी शामिल है। छह रेस्टोरेंट संचालकों ने सरकार के इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें