झारखंड के चतरा जिले में प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के एक अलग हुए गुट के सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने सोमवार को बताया कि 35 साल के नरेश गंझू उर्फ रविकांत जी को रविवार शाम मधनिया गांव से पकड़ा गया। गंझू माओवादियों से जुड़े कई मामलों में वांछित था। माओवादी गतिविधियों के सिलसिले में बालूमाथ पुलिस थाने में गंझू के खिलाफ एफआईआर दर्ज है।
गुजरात में 2,212 करोड़ रुपये की जब्त ड्रग्स को जलाकर नष्ट किया गया
भरूच। गुजरात में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तहत सोमवार को उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की मौजूदगी में भरूच जिले में करीब 2,212 करोड़ रुपये की जब्त ड्रग्स (नशीले पदार्थों) को भट्टी में जला कर नष्ट कर दिया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में अलग-अलग तरह के के नशीले पदार्थों की लगभग 11.10 लाख बोतलें और 14,500 किलो ड्रग्स शामिल थीं। यह जब्ती बीते साल के दौरान गुजरात के अलग-अलग हिस्सों से की गई थी।
ग्वालियर में वकील की गोली मारकर हत्या, भूमि विवाद से जुड़ा मामला
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में 20 जुलाई 2026, सोमवार दोपहर एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना भूमि विवाद से जुड़ी हो सकती है। यह वारदात भिंडवार कस्बे में डबरा रोड पर एक भोजनालय के पास हुई। करीब 60 वर्षीय वकील रतन सिंह यादव पर दिनदहाड़े हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, यादव को तीन गोली लगीं और उन्हें ग्वालियर शहर के अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में टीमें गठित की गई हैं। भिंडवार के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी गगन हनवत ने बताया कि गोलीबारी भूमि विवाद से संबंधित हो सकती है। प्रारंभिक जांच और परिजनों के अनुसार, वकील का कुछ रिश्तेदारों से जमीन को लेकर पुराना विवाद था।
मणिपुर में दंपती पर जानलेवा हमला: पति की गोली मारकर की हत्या, पत्नी घायल
मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में सोमवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने एक दंपती के घर पर हमला बोला। हमलावरों ने पति को गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि यह वारदात केइराओ वांगखेम इलाके में तड़के करीब 2.30 बजे हुई। बंदूक और धारदार हथियार से लैस हमलावर 52 साल के एन थाम्बो के घर में घुस आए और उन पर हमला बोल दिया।
मां-बाप ने एक लाख में बेचा नवजात, तेलंगाना पुलिस ने बचाया
तेलंगाना के महबूबनगर जिले में पुलिस ने एक लाख रुपये में खुद के ही मां-बाप के बेचे गए एक महीने के नवजात को बचा लिया। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस मामले में दो लोगों पर केस दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि यह वारदात जिले के तेलुगुगुडेम गांव की है। पुलिस ने 17 जुलाई को नवजात बच्चे को खरीदने वाले एक शख्स और एक बिचौलिए के खिलाफ यह कार्रवाई की।
PM मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को दी जन्मदिन की बधाई,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करे।'
कोलकाता में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC आयोजित करेगी शहीद दिवस कार्यक्रम
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आज ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक कोलकाता पहुंचे हैं। आयोजन स्थल पर पहुंचे समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरान एक समर्थक ने कहा- टीएमसी फिर से जीतेगी। मैं दीदी का समर्थन करता हूं।
केरल के स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को नकारा
केरल के स्वास्थ्य मंत्री के मुरलीधरन ने विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन के आरोपों को खारिज कर दिया है। विजयन ने आरोप लगाया था कि पिछले दो महीनों में संक्रामक बीमारियों से 150 लोगों की मौत हुई है और अस्पतालों में डॉक्टरों व दवाओं की कमी है। इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि पिछले साल के मुकाबले लेप्टोस्पायरोसिस मृत्यु दर 6.7% से घटकर 5.3% और डेंगू मृत्यु दर प्रति हजार मरीजों पर 6 से घटकर 2 रह गई है। उन्होंने पिछली सरकार पर मानसून से पहले सफाई न कराने का आरोप भी लगाया। अस्पतालों में मुफ्त भोजन (पोथीचोरू) वितरण रोकने के आरोप पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार भोजन बांटने के खिलाफ नहीं है। लेकिन भोजन वितरण के नाम पर सरकारी जमीन पर कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि डीवाईएफआई (DYFI) और सेवा भारती जैसी संस्थाओं ने अस्पताल की जमीनों पर अतिक्रमण किया है, जिससे अलापुझा मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण रुक गया।
भारत-म्यांमार सीमा के पास तीन उग्रवादी गिरफ्तार, दो अवैध बंकर नष्ट
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के चंदेल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास से एक प्रतिबंधित संगठन के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि रविवार को चाकपीकारोंग थाना क्षेत्र के तहत सीमा स्तंभ संख्या 50 के पास से प्रतिबंधित संगठन 'कांग्लेई यावोल कन्ना लुप' (KYKL) के तीन सक्रिय सदस्यों को पकड़ा गया। ये तीनों संगठन में स्वयंभू लांस नायक (लांस कॉर्पोरल) के पद पर थे। एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने सोमवार को उग्रुल जिले के थवई कुकी गांव और आसपास के इलाकों से दो अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया। इस दौरान दो सिंगल-बैरल राइफल, एक पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए। मणिपुर में तीन साल पहले भड़की जातीय हिंसा के बाद से सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। मई 2023 से मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच जारी इस हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने वीएस अच्युतानंदन को पहली पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने मंगलवार को कम्युनिस्ट नेता वीएस अच्युतानंदन की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। विजयन ने कहा कि अच्युतानंदन केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि केरल के राजनीतिक इतिहास का एक पूरा युग थे। उन्होंने अच्युतानंदन के एक युवा कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक के सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि अच्युतानंदन ने साम्राज्यवाद और सामंतवाद के खिलाफ संघर्ष के दौरान पुलिस की बर्बरता झेली और कई साल जेल व अज्ञातवास में बिताए। विजयन ने याद दिलाया कि अच्युतानंदन उन 32 नेताओं में शामिल थे जिन्होंने 1964 में सीपीआई(एम) बनाने के लिए अविभाजित कम्युनिस्ट पार्टी छोड़ी थी। वे धर्मनिरपेक्ष केरल के प्रबल समर्थक थे और उन्होंने जंगलों व आर्द्रभूमि (वेटलैंड्स) जैसे सार्वजनिक संसाधनों की रक्षा की। विपक्ष के नेता के रूप में उन्होंने सरकारों को अपनी नीतियां सुधारने पर मजबूर किया और मुख्यमंत्री के रूप में विकास और जन कल्याण में संतुलन बनाया। अच्युतानंदन का निधन 21 जुलाई 2025 को 101 वर्ष की आयु में हुआ था।
केरल में डेंटल छात्र आत्महत्या मामला, गृह मंत्री ने मुख्य आरोपी की रिहाई पर मांगी रिपोर्ट
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने डेंटल कॉलेज के छात्र नितिन राज की आत्महत्या के मामले में मुख्य आरोपी डॉ एम कोंडंडा राम की रिहाई पर रिपोर्ट मांगी है। सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने राम को कर्नाटक के कोडागु से गिरफ्तार किया था। हालांकि, निचली अदालत ने गिरफ्तारी का कारण न बताने के आधार पर उन्हें रिहा कर दिया। बाद में क्राइम ब्रांच ने उन्हें हिरासत में लिया और मंगलवार को पेश होने का नोटिस देकर छोड़ दिया। अनुसूचित जाति के छात्र नितिन राज ने 10 अप्रैल को कॉलेज की इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि डॉ. राम ने कक्षा में उनका अपमान किया था। पीड़ित परिवार ने क्राइम ब्रांच की जांच पर अविश्वास जताया, जिसके बाद गृह मंत्री ने आईजी अजीता बेगम के नेतृत्व में एक नई जांच टीम बनाने का निर्देश दिया है। इस मामले में एक अन्य शिक्षिका डॉ. संगीता नाम्बियार को पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
जनरल टिकट पर आरक्षित डिब्बे में सफर कर रही महिला ने टीटीई पर किया हमला
केरल के पलक्कड़ में एक ट्रेन में महिला यात्री ने टिकट परीक्षक (टीटीई) के साथ मारपीट की। पुलिस ने बताया कि महिला कुट्टीपुरम से फेरोक जाने के लिए जनरल टिकट लेकर आरक्षित डिब्बे में चढ़ गई थी। जब टीटीई ने टिकट जांच के दौरान उसे जनरल डिब्बे में जाने को कहा, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। चश्मदीदों के अनुसार, महिला ने टीटीई को अपशब्द कहे, उन्हें धक्का दिया और उनके चेहरे पर खरोंचें मार दीं। पुलिस ने महिला के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। दूसरी तरफ, महिला ने भी टीटीई पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने टीटीई के खिलाफ महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। महिला फिलहाल ओट्टापलम के एक अस्पताल में इलाज करा रही है।
तमिलनाडु के पलानी मंदिर की 100 करोड़ की जमीन 2 करोड़ में बेचने का आरोप
माकपा के तमिलनाडु सचिव पी. शन्मुगम ने पलानी में प्राचीन श्री दंडायुधपाणि स्वामी मंदिर की 1.4 एकड़ जमीन के फर्जी पंजीकरण में एक बड़ी साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि शीर्ष से लेकर निचले स्तर के अधिकारियों ने मिलकर मंदिर की 100 करोड़ रुपये की संपत्ति का पंजीकरण केवल 2 करोड़ रुपये में कर दिया। उन्होंने कहा कि पुराने अदालती मामलों को दबाकर और अदालतों को गुमराह करके यह धोखाधड़ी की गई है। शन्मुगम ने सीबी-सीआईडी से इस मामले की ईमानदारी से जांच करने और सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने तीन अन्य लोगों- मुरुगदास, सेथुपति और वेल्लाथुराई को नामजद किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए एक उप-पंजीयक ने मद्रास उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत ले ली है। इसके अलावा, शन्मुगम ने तूतीकोरिन में द्रमुक विधायक जी.वी. मार्कंडेयन की गिरफ्तारी पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
ओडिशा के रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ठगने वाली आठ फर्जी होटल वेबसाइटें बंद
ओडिशा पुलिस ने पुरी में रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ठगने वाली कम से कम आठ फर्जी होटल वेबसाइटों को बंद कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने एक साइबर सुरक्षा अभियान शुरू किया है और श्रद्धालुओं से केवल असली स्रोतों के माध्यम से ही होटल बुकिंग की जांच करने की अपील की है। पुलिस की एक विशेष टीम तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और होटल मालिकों को नए साइबर खतरों के प्रति जागरूक कर रही है। पुलिस टीम ने पुरी के प्रमुख होटलों का दौरा किया और उनकी वेबसाइटों की सुरक्षा जांच की। टीम ने 1,460 से अधिक पर्यटकों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें साइबर धोखाधड़ी के बारे में सचेत किया और पर्चे बांटे। पुरी में रथ यात्रा 16 जुलाई को शुरू हुई थी और यह 27 जुलाई को 'नीलाद्रि बिजे' अनुष्ठान के साथ समाप्त होगी, जब भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन गुंडिचा मंदिर से वापस लौटेंगे।
कर्नाटक में पश्चिम बंगाल की आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक के मैसूर जिले में पश्चिम बंगाल की 30 वर्षीय आदिवासी महिला के कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और लूट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला 18-19 जुलाई की रात टी. नरसिपुरा कस्बे के निजी बस स्टैंड के पास थी, तभी आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे मोगुरु गांव के पास एक लॉज में ले जाकर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने महिला से पांच हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी छीन लिए। बाद में उसे उसके घर के पास छोड़ दिया गया। महिला ने मकान मालिक को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग ढंकर को दी गई अंतिम श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री बोले- कानून के अनुसार होगी जांच
त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेना रेड्डी नल्लू और मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग ढंकर के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अनुराग ढंकर सोमवार को पुलिस मुख्यालय स्थित अपने बाथरूम में फंदे से लटके मिले थे। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और कानून के अनुसार जांच की जा रही है। हालांकि उन्होंने विपक्ष की उस मांग पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिसमें हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग की गई है। कार्यवाहक डीजीपी जी. एस. राव ने बताया कि पार्थिव शरीर को दिल्ली ले जाया जाएगा और बुधवार को उत्तर प्रदेश स्थित पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। विपक्षी दलों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कर्नाटक में आर्ट ऑफ लिविंग पर जमीन कब्जे के आरोपों की जांच के लिए SIT गठित,
कर्नाटक सरकार ने बंगलूरू दक्षिण तालुक के कग्गलीपुरा गांव और आसपास सरकारी जमीन पर कथित कब्जे के आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। राजस्व विभाग के आदेश के अनुसार एसआईटी को तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी होगी। जांच का नेतृत्व क्षेत्रीय आयुक्त अम्मान आदित्य बिस्वास करेंगे। टीम सरकारी रिकॉर्ड, जमीन से जुड़े दस्तावेज, मूल आवंटन, कानूनी उत्तराधिकारियों, कथित फर्जी दस्तावेजों और लंबित अदालती मामलों की जांच करेगी। उपग्रह तस्वीरों के जरिए पर्यावरणीय नुकसान और सरकारी जमीन की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। राजस्व विभाग के अनुसार सर्वे में 290 एकड़ से अधिक सरकारी गोमाला भूमि पर कथित कब्जे की बात सामने आई है। वहीं, द आर्ट ऑफ लिविंग ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाया जा रहा है।
तमिलनाडु की TVK सरकार 5 अगस्त को पेश करेगी पहला पूर्ण बजट
तमिलनाडु की TVK सरकार 5 अगस्त को वित्त वर्ष 2026-27 का अपना पहला पूर्ण बजट पेश करेगी। विधानसभा अध्यक्ष जे. सी. डी. प्रभाकर ने बताया कि वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन सामान्य बजट पेश करेंगे, जबकि 6 अगस्त को कृषि मंत्री आर. विनोथ कृषि बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट पेश होने के बाद विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति सत्र की अवधि और विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा का कार्यक्रम तय करेगी। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पहले ही विभागीय अधिकारियों और मंत्रियों के साथ कई बैठकें कर चुनावी वादों को लागू करने की रणनीति पर चर्चा कर चुके हैं। सरकार ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कल्याणकारी योजनाएं जारी रखने का भरोसा दिया है। बजट में गृहिणियों को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता और युवाओं के लिए भत्ते जैसी घोषणाओं पर भी ध्यान रहने की उम्मीद है।