मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास ने जानकारी दी है कि कंपनी ने भारत में 50 लाख से अधिक आपत्तिजनक कंटेंट हटाए हैं। यह कार्रवाई जनवरी से जून के दौरान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर की गई है। हटाया गया ज्यादातर कंटेंट बच्चों के यौन शोषण और अश्लीलता से जुड़ा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें 98% कंटेंट को किसी यूजर की शिकायत आने से पहले ही मेटा के एआई-आधारित सिस्टम ने खुद पहचान कर हटा दिया था।मेटा इंडिया चीफ ने माना कि सख्ती बढ़ने के बाद अपराधी अपने तरीके बदल रहे हैं। पहले वे सीधे पोस्ट कर गलत सामग्री डालते थे, लेकिन अब वे विज्ञापनों का सहारा ले रहे हैं। अपराधी विज्ञापनों से यूजर्स को फेसबुक और इंस्टाग्राम से बाहर किसी दूसरी वेबसाइट या ऐप पर ले जाते हैं। मेटा का कहना है कि प्लेटफॉर्म के बाहर की गतिविधियों को ट्रैक करने की कंपनी की अपनी सीमाएं हैं, जो सुरक्षा के मोर्चे पर एक बड़ी चुनौती है।
हाथी जैसे जानवर का मिला 65 लाख साल पुराना अवशेष
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले स्थित नर्मदा घाटी में हाथी जैसे विशालकाय प्रागैतिहासिक स्तनधारी जीव 'स्टेगोडन नामाडिकस' का 65 लाख साल पुराना निचले जबड़े का जीवाश्म मिला है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस दुर्लभ जीवाश्म की जांच शुरू कर दी है। जीवाश्म रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर देवरी तहसील के पताई गांव (पताई घाट) के पास नदी के कटाव के कारण मिट्टी से बाहर आया है। सागर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रोफेसर पीके कठल के अनुसार, 'स्टेगोडन नामाडिकस' हाथी एक विशाल शाकाहारी जीव था।
मणिपुर में जबरन वसूली के आरोप में 3 उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के बिष्णुपुर और इंफाल पूर्वी जिलों से अलग-अलग संगठनों के तीन उग्रवादियों को जबरन वसूली में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित 'कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा)' के सक्रिय सदस्य न्गांगोम इबोमचा सिंह (28) को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। उस पर बिष्णुपुर जिले के इरेंगबाम मामंग माखा लेइकाई इलाके में जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान, उसी दिन जिले के नामबोल स्थित उसके घर से संगठन के एक अन्य सक्रिय सदस्य कोंजेंगबाम कुमारजीत सिंह (41) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को, खुफिया जानकारी के आधार पर इंफाल पूर्वी जिले के वांगखेई अयांगपल्ली रोड से 'यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई)' के सदस्य थिंगबाइजम नाओबी सिंह (47) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह सरकारी कार्यालयों और निजी कंपनियों से जबरन पैसे वसूलने में शामिल था। बता दें कि यूएनएलएफ (पाम्बेई) ने 2023 में केंद्र और राज्य सरकार के साथ एक शांति समझौता किया था। हालांकि, इसके सदस्य कथित तौर पर अभी भी जबरन वसूली और हथियार रखने जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल हैं, जिसके चलते उनकी गिरफ्तारियां हो रही हैं।
नवी मुंबई के कलंबोली स्टील मार्केट में लगी आग
महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित कलंबोली स्टील मार्केट में एक गैराज और गोदाम में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।