कर्नाटक में चुनाव आयोग की तरफ से कराए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सत्ताधारी दल- कांग्रेस और विपक्षी खेमा- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) आमने सामने हैं। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप लग रहा है कि चुनाव आयोग के कामकाज में अड़चन पैदा की जा रही है। एनडीए के नेता आज इस बात की शिकायत करने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के पास जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के नेतृत्व में आज एनडीए का शिष्टमंडल सीईसी से मुलाकात करेगा। इस दल में कर्नाटक में मुख्यमंत्री रहे एचडी कुमारस्वामी भी शामिल होंगे। एनडीए नेताओं का दल आज दोपहर करीब तीन बजे चुनाव आयोग पहुंचेगा।
उपलब्धि : एलवीएम-3 मिशन के लिए क्रायोजेनिक इंजन का सफल परीक्षण
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने अपने सबसे शक्तिशाली प्रक्षेपण यान एलवीएम-3 (एलवीएम-एम7) के अगले मिशन के लिए सीई-20 क्रायोजेनिक इंजन का फ्लाइट एक्सेप्टेंस हॉट टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसरो ने मंगलवार को बताया कि यह परीक्षण तमिलनाडु के महेंद्रगिरि स्थित इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में किया गया। सीई-20 क्रायोजेनिक इंजन एलवीएम-3 रॉकेट के ऊपरी चरण में लगाया जाता है। एलवीएम-3, जिसे पहले जीएसएलवी मार्क-3 के नाम से जाना जाता था, इसरो का सबसे भारी प्रक्षेपण यान है और बड़े उपग्रहों तथा अंतरिक्ष अभियानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसरो के अनुसार, सीई-20 इंजन 19 से 22 टन तक के थ्रस्ट पर काम करने में सक्षम है। यह इंजन अब तक एलवीएम-3 के लगातार आठ मिशनों में सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया जा चुका है। इनमें चंद्रयान-2, चंद्रयान-3 और तीन व्यावसायिक प्रक्षेपण मिशन भी शामिल हैं।
हिंसा के बीच नगा-मैतेई समुदाय एक मंच पर आए पीड़ितों को न्याय दिलाने को किया संयुक्त प्रदर्शन
मणिपुर में जारी जातीय हिंसा के बीच मंगलवार को नगा और मैतेई समुदायों के प्रतिनिधि पहली बार एक मंच पर आए और संघर्ष में मारे गए लोगों को न्याय दिलाने की मांग की। इंफाल के ख्वैरामबंद इमा मार्केट में आयोजित संयुक्त धरना-प्रदर्शन में मैतेई पंगल और राज्य में रहने वाले अन्य समुदायों के लोग शामिल हुए। प्रदर्शन नगा पीपुल यूनियन इंफाल, इंफाल नगा बिजनेस एसोसिएशन, फूटहिल नगा को-ऑर्डिनेशन कमेटी , ख्वैरामबंद नूपी कैथेल, इमा गी मेइरा और कमेटी ऑन कोऑर्डिनेटेड रिस्पांस एंड रिहैबिलिटेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मणिपुर विधानसभा का विशेष अथवा मानसून सत्र बुलाकर राज्य में शांति बहाली पर विस्तृत चर्चा कराने की मांग की। साथ ही कुकी उग्रवादी संगठनों के साथ हुए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन समझौते को समाप्त करने, संघर्ष के दौरान गिरफ्तार नागा और मैतेई स्वयंसेवकों की रिहाई तथा हिंसा के सभी मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
सौर तूफान के बाद गैलेक्सीआई का दृष्टि उपग्रह से टूटा संपर्क
बंगलूरू की स्पेस स्टार्टअप गैलेक्सीआई का सैटेलाइट मिशन दृष्टि से संपर्क टूट गया है। यह दुनिया का पहला ऑप्टोएसएआर सैटेलाइट था। इसे मई में लॉन्च किया गया था। कंपनी के अनुसार तेज भू-चुंबकीय सौर तूफान के बाद सैटेलाइट में तकनीकी गड़बड़ी आई। इसके बाद संपर्क बाधित हुआ और बाद में पूरी तरह टूट गया। कंपनी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सौर तूफान से जुड़े विकिरण प्रभावों ने सैटेलाइट के एक महत्वपूर्ण ऑनबोर्ड सिस्टम को प्रभावित किया होगा। फिलहाल इसके दोबारा काम करने की संभावना कम दिखाई दे रही है। मिशन दृष्टि में इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (ईओ) और सिंथेटिक अपर्चर रडार (एसएआर) सेंसर को एक ही प्लेटफॉर्म पर लगाया गया था। ईओ सेंसर दिन के उजाले और साफ मौसम में उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें लेते हैं, जबकि एसएआर सेंसर रडार तरंगों की मदद से हर मौसम और हर समय तस्वीरें उपलब्ध कराते हैं। कंपनी ने बताया कि सैटेलाइट ने लॉन्च और अर्ली ऑर्बिट फेज (एलईओपी) के बड़े हिस्से को सफलतापूर्वक पूरा किया।
भाजपा कार्यालय से पिता-पुत्र बरामद, अपहरण के आरोप में तीन गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के नरेंद्रपुर से रविवार को अपहृत 17 वर्षीय किशोर और उसके पिता को पुलिस ने बरामद कर लिया है। बदमाशों ने परिवार से पांच लाख की फिरौती मांगी थी। नरेंद्रपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दक्षिण कोलकाता के रबींद्र सरोबर थाना क्षेत्र के मनोहरपुकुर रोड पर छापा मारा। वहां एक भाजपा कार्यालय-सह-गोदाम का शटर खोलकर दोनों पीड़ितों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्हें 24 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा गया था। पुलिस ने मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता ने बताया कि पार्टी का इस अपराध से कोई संबंध नहीं है। यह चुनावी कार्यालय और झंडे-फर्नीचर रखने का गोदाम है। आरोपी वहां डुप्लीकेट चाबी या ताला तोड़कर घुसे होंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
त्रिपुरा में प्रीपेड बिजली रिचार्ज ठप, नेशनल हाईवे जाम
भीषण गर्मी में प्रीपेड बिजली रिचार्ज सिस्टम तीन दिनों से सर्वर या 'लिंक' फेल होने के कारण काम नहीं कर रहा था। सोमवार को हजारों बिजली उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय बिजली कार्यालय पर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन बड़े आंदोलन में बदल गया, जिसमें नेशनल हाईवे को जाम कर दिया गया। स्थिति को संभालने के लिए उपमंडल प्रशासन और बड़ी संख्या में पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस पर लाठीचार्ज के आरोप भी लगे। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे से सैकड़ों प्रीपेड बिजली उपभोक्ता अपने मीटर रिचार्ज कराने के लिए तेलियमुरा बिजली डिवीजन कार्यालय के बाहर जमा हुए थे। हालांकि, सर्वर की खराबी के कारण उन्हें बार-बार बिना किसी समाधान के लौटा दिया गया। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे पिछले तीन दिनों से इसी समस्या का सामना कर रहे थे।