सूरत के लिंबायत क्षेत्र स्थित नीलगिरी ग्राउंड में देर रात पुलिस और एक संदिग्ध के बीच हाफ एनकाउंटर की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान उसे पकड़ने पहुंचे एक पुलिस कांस्टेबल पर उसने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी के हमले के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।लिंबायत पुलिस थाने के इंस्पेक्टर डीडी चौहान ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान नीलगिरी ग्राउंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगा। उसके व्यवहार और गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया।
टीम के कांस्टेबल अनिल कुमार अमर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकालकर कांस्टेबल पर वार कर दिया। इसी दौरान इंस्पेक्टर और पुलिस टीम के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को बार-बार चाकू फेंककर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने पहले हवा में एक राउंड फायरिंग की। बावजूद इसके, जब वह काबू में नहीं आया तो पुलिस ने उसके पैर में गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं, चाकू के हमले में घायल हुए पुलिस कांस्टेबल का लिंबायत स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान परवेज मुशर्रफ अंसारी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लिंबायत क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कबूल किया है कि बीती रात महिधरपुरा, वराछा और कतारगाम क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं को उसने अपने साथी गुड्डू उर्फ लक्ष्मण के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट का कुछ सामान भी बरामद किया है और मामले की आगे की तहकीकात जारी है।
साल 2026 में एनआईए के 29 में से 27 मामलों में 123 आरोपी दोषी ठहराए गएः डीजी
एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने कहा कि इस साल अदालत की तरफ से जिन मामलों का निपटारा किया गया उनमें दोषसिद्धि दर 93 प्रतिशत रही। जिन 29 मामलों में फैसले सुनाए गए उनमें 27 में 123 आरोपी दोषी पाए गए। इनमें 10 को मौत की सजा जबकि 14 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
अग्रवाल ने शुक्रवार को एजेंसी की तरफ से आयोजित दो दिवसीय आतंकरोधी सम्मेलन के अंतिम दिन बताया कि 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है। इनमें से 72 को इस साल भारत लाया गया। सम्मेलन में 40 डीजी (डीजी), राज्य पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के प्रमुख तथा राज्यों की आतंकरोधी जांच इकाइयों के 230 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
एनआईए डीजी ने बताया कि एजेंसी ने 2026 में अब तक 82 मामले दर्ज किए हैं जो आतंकवाद से जुड़े मामलों में जांच और अभियोजन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाते हैं। एजेंसी ने इस साल 53 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिये 5,800 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया है ताकि आतंकी मामलों को संभालने वाली राज्य पुलिस इकाइयों की जांच क्षमताओं को बेहतर बनाया जा सके। एजेंसी ने अपनी सभी 21 राज्य इकाइयों में टेक्निकल सपोर्ट यूनिट स्थापित की हैं। मुकदमों की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए 25 विशेष एनआईए अदालतें स्थापित की गई हैं और जल्द ही 14 और अदालतें स्थापित किए जाने की संभावना है।
मेघालय में गर्भवती पत्नी की हत्या करने वाले पति को उम्रकैद, पैरोल भी नहीं मिलेगी
मेघालय में एक व्यक्ति को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। उसे जीवनभर जेल में रहना होगा। उसे पैरोल भी नहीं मिलेगी। यानी सजा के दौरान उसे जेल से बाहर आने की छूट नहीं होगी। उसने अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या की थी। यह फैसला मेघालय के पश्चिम खासी हिल्स जिले की अदालत ने सुनाया है।
नोंगस्टोइन की जिला और सत्र अदालत ने बियांगकुपर नोंगसिए को हत्या का दोषी पाया। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज था। अदालत ने इसी हफ्ते उसे सजा सुनाई। उसे बाकी पूरी जिंदगी जेल में बितानी होगी। उसे पैरोल नहीं मिलेगी। अदालत ने उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
पुलिस के मुताबिक, नोंगसिए ने 2 फरवरी 2024 को अपनी पत्नी वानसारालिन वानियांग की हत्या कर दी थी। उसने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला किया था। उस समय उसकी पत्नी गर्भवती थी। इस हमले में गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण टला
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया टाल दी गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
यह प्रक्रिया 2027 की फोटो वाली मतदाता सूची के लिए होनी थी। इसे 23 नवंबर से शुरू किया जाना था। लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने एक बयान में इसकी वजह बताई। कार्यालय के मुताबिक, कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण कार्यक्रम टाला गया है।
बयान में कहा गया, फोटो वाली मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का आगामी कार्यक्रम कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण स्थगित किया जाता है, जो 23 नवंबर 2026 से शुरू होना था। कार्यालय ने कहा कि इस प्रक्रिया का नया कार्यक्रम बाद में बताया जाएगा। पहले मतदाता सूची का मसौदा 20 नवंबर को जारी होना था। बाद में इसकी तारीख बदलकर 23 नवंबर कर दी गई थी।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेजों की दोबारा जांच चल रही है। यह जांच उन लोगों के दस्तावेजों की हो रही है, जिनके नाम विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में नहीं आए थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए उनके आवेदन और सहायक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पश्चिम बंगाल के अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी यह प्रक्रिया चल रही है। इन सभी राज्यों में मतदाता सूची का मसौदा 22 दिसंबर को जारी होना तय है।
तमिलनाडु: दिवंगत विधायक वीएस बाबू के अंतिम संस्कार में शामिल हुए सीएम विजय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय पेरम्बूर में कोलाथुर से टीवीके के दिवंगत विधायक वीएस बाबू के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।