नेशनल हेराल्ड मामले की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसी- ईडी के मुताबिक कई कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के कहने पर रुपये दान किए। कई कांग्रेसी ऐसे हैं, जिनके नाम चार्जशीट में शामिल हैं, लेकिन उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है। ईडी ने आरोपपत्र में अहमद पटेल, रवनीत, भारत भूषण, इंदर सिंह व ऑस्कर फर्नांडीस का भी नाम किया शामिल, हालांकि इनको आरोपी नहीं बनाया गया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेशनल हेराल्ड मामले में दाखिल आरोपपत्र में कहा कि कुछ कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों के निर्देश पर यंग इंडियन (वाईआई) और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) को धन दान किया। ईडी ने दावा किया कि ऐसा नहीं करने पर उनके राजनीतिक कॅरियर और कारोबार के लिए नुकसानदेह होता। ईडी ने आरोपपत्र में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (जो उस समय तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे), दिवंगत अहमद पटेल और पवन बंसल को कांग्रेस नेताओं के रूप में नामित किया है, जिनके निर्देश पर कई लोगों ने 2019-2022 के बीच यंग इंडियन को दान दिया था। हालांकि इन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है।
विज्ञापन
सोनिया और राहुल गांधी के नाम
ईडी ने 9 अप्रैल को स्थानीय अदालत में आरोपपत्र दायर किया गया था। हालांकि अभी तक इसका संज्ञान नहीं लिया है। ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दायर अभियोजन शिकायत में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और 78 वर्षीय राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को आरोपी नंबर 1 और उनके 54 वर्षीय बेटे राहुल गांधी को आरोपी नंबर 2 के रूप में नामित किया है। इसके अलावा पांच अन्य को भी आरोपी बनाया गया है।
2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति अवैध रूप से हासिल करने की साजिश
नेशनल हेराल्ड-एजेएल-वाईआई मामला यंग इंडियन के ‘लाभकारी मालिकों’ और बहुसंख्यक शेयरधारकों (सोनिया गांधी और राहुल गांधी) की ओर से एजेएल की 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति अवैध रूप से हासिल करने के लिए कथित साजिश से संबंधित है। एजेएल नेशनल हेराल्ड समाचार प्लेटफॉर्म (समाचार पत्र और वेब पोर्टल) का प्रकाशक है और इसका स्वामित्व यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड के पास है।
नेताओं ने चंदे के बदले में लाभ का किया था वादा
ईडी ने अपनी जांच में पाया कि कुछ संस्थाओं ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रभाव में आकर कंपनी को पैसा दिया। इन वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें पार्टी की राजनीति में कुछ लाभ दिलाने का वादा किया था। आरोपपत्र में यंग इंडियन के लिए चंदा मांगने वालों में तेलंगाना के मुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी, दिवंगत अहमद पटेल और पवन बंसल के नाम शामिल हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी नेता को आरोपपत्र में आरोपी नहीं बनाया गया है।
बैंक खाते से 30 लाख रुपये और यंग इंडियन को 20 लाख रुपये नकद दान की व्यवस्था
ईडी ने अरविंद विश्वनाथ सिंह चौहान नामक कांग्रेस नेता का बयान दर्ज किया। चौहान ने कहा था कि उन्होंने अपने बैंक खाते से 30 लाख रुपये और यंग इंडियन को 20 लाख रुपये नकद दान की व्यवस्था की, क्योंकि वह पटेल के अनुरोध को अस्वीकार नहीं कर सके। उन्होंने पार्टी के टिकट पर विधायक का चुनाव भी लड़ा था।