महाराष्ट्र में राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार विजेता 12 वर्षीय जेन सदावर्ते ने अमरावती के एक गर्ल्स कॉलेज के विवादित फैसले को लेकर एडीजीपी से मुलाकात की। यहां कॉलेज प्रशासन ने वेलेंटाइन डे पर प्रेम विवाह नहीं करने के लिए छात्रों को कसम खिलवाई थी। इसे लेकर अब भारी विवाद हो रहा है।
जेन सदावर्ते ने इसी संबंध में पुलिस महानिदेशक से मुलाकात की। सदावर्ते ने वेलेंटाइन डे का पक्ष रखते हुए इसे लेकर एडीजीपी से शिकायत भी दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में ऐसा बिलकुल नहीं होना चाहिए जहां हमें प्रेम विवाह करने से रोका जाए।
बता दें कि 12 साल की सदावर्ते सातवीं कक्षा में पढ़ती हैं। उनकी वीरता और बहादुरी के किस्से देशभर में प्रसिद्ध हो गए हैं। सदावर्ते को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीरता पुरस्कार से सम्मानित कर चुके हैं।