टीसीएस की पूर्व कर्मचारी निदा खान।
- फोटो : एक्स
नासिक पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के एक कार्यालय में कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में आरोपी महिला का पता लगाने के लिए गुरुवार को ठाणे जिले के मुंब्रा पहुंची और उसके पति से करब चार घंटे तक पूछताछ की। इससे पहले टीसीएस की ओर से जारी एक आधिकारिक सूचना के अनुसार, कंपनी ने अपनी कर्मचारी निदा खान को निलंबित कर दिया। निदा खान का नाम महाराष्ट्र के नासिक में कथित धर्म परिवर्तन से जुड़े एक मामले में मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है।
दो महीनों से मुंब्रा में छिपी है आरोपी महिला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरार चल रही यह महिला आरोपी पिछले दो महीनों से मुंब्रा में छिपी हुई है। पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल लिया है। इसी इनपुट के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसके मुंब्रा स्थित घर पर दस्तक दी। हालांकि, आरोपी महिला वहां नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसके पति को हिरासत में लेकर घंटों पूछताछ की। पति का कहना है कि उसकी पत्नी किसी रिश्तेदार के घर गई है, लेकिन जब पुलिस उस पते पर पहुंची तो वहां ताला लटका मिला। संदिग्ध रूप से आरोपी और उसके रिश्तेदारों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: महिला आरक्षण: पहली बार संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं करा पाई मोदी सरकार; चाहिए थे 352 वोट, मिले 298
महिला कर्मचारियों ने खोली पोल
बता दें कि टीसीएस नाशिक यूनिट की आठ महिला कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाकर वरिष्ठ सहयोगियों के खिलाफ मोर्चा खोला है। आरोप लगाया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने न केवल उनका मानसिक और शारीरिक शोषण किया, बल्कि उन पर धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बनाया। गंभीर बात यह है कि जब महिलाओं ने इसकी शिकायत कंपनी के एचआर विभाग से की, तो उसे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।
अब तक आठ गिरफ्तार, एसआईटी कर रही जांच
नाशिक पुलिस ने इस मामले की तह तक जाने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस अब तक सात पुरुषों और एक महिला ऑपरेशन्स मैनेजर समेत कुल आठ लोगों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। मुंब्रा में जिस महिला की तलाश की जा रही है, वह इस मामले की नौवीं कड़ी है। एसआईटी फिलहाल छेड़छाड़, जबरन धर्मांतरण के प्रयास और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसे कुल नौ मामलों की जांच कर रही है।