नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ एसआईटी की कार्रवाई से शिकंजा कसता जा रहा है। एसआईटी को बड़ी संख्या में नागरिकों से शिकायतें मिल रही हैं। बीते दिनों ये बात सामने आई थी कि एसआईटी को रोजाना 15-20 शिकायती कॉल मिल रही हैं। इनमें अशोक खरात पर उगाही से लेकर उत्पीड़न तक के आरोप लगाए गए हैं।
नासिक के ढोंगी बाबा कैप्टन अशोक खरात के बारे में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। खरात के खिलाफ यौन उत्पीड़न, जबरन वसूली, ठगी और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में अब तक 10 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इसमें से आठ यौन शोषण के और दो ठगी के मामले हैं।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार, खरात के संपर्क में रहने वाले कई नेता भी विशेष जांच एजेंसी (एसआईटी) के रडार पर हैं। साथ ही, हवाला मामले की भी जांच चल रही है। प्रदेश के कई नेताओं के खरात से नजदीकी संबंध सामने आए हैं।
संजय राउत ने नेताओं से नजदीकी पर खड़े किए सवाल
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने शनिवार को कहा कि वे 40 नेता कौन हैं, जो खरात के पास जाते थे। पुलिस को यह भी पता लगाना चाहिए कि खरात को विशेष विमान कौन मुहैया कराता था। दिल्ली में जाकर किससे मिलता था और क्या करता था। खरात के पांव पखारने की तस्वीर वायरल होने के बाद रुपाणी चाकणकर ने पहले राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पद से और शुक्रवार रात एनसीपी की राज्य महिला इकाई की अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया।
व्यवसायी भागवत से 2 लाख से अधिक की ठगी
अहमदनगर जिले के व्यवसायी राजेंद्र भागवत ने आरोप लगाया कि व्यापार में वृद्धि के नाम पर उसे खरात ने नकली पत्थर और रत्न दिया। उसकी 20 ग्राम सोने की अंगूठी अपने पास रखकर, पीतल की अंगूठी में पुखराज और हीरे का रत्न बताकर 2 लाख 62 हजार रुपये की ठगी की गई। एक विवाहित महिला जो अपने पारिवारिक विवाद को लेकर खरात के पास सलाह लेने गई थी उसका भी आरोप है कि झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न किया गया।
खरात को दी जाए सार्वजनिक फांसी: मुनगंटीवार
भाजपा नेता व पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने शनिवार को खरात को सार्वजनिक फांसी देने की मांग की। मुनगंटीवार ने कहा, मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं, लेकिन खरात के बर्बर कृत्यों को देखने और सुनने के बाद ऐसा लगता है कि उसे किसी भी प्रकार की कानूनी रियायत नहीं मिलनी चाहिए।