ओलंपिक हो, एशियाई खेल या फिर कॉमनवेल्थ गेम्स अब तक यही परंपरा रही है कि इन खेलों में पदक जीतकर आने वाले सूरमा ही प्रधानमंत्री से मिलते रहे हैं। इस बार मोदी सरकार परंपरा से कुछ हटकर करने जा रही है। मन की बात कार्यक्रम में रविवार को रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके खिलाड़ियों के लिए अपने की मन की बात कहने वाले पीएम मोदी इस बार खुद रियो का टिकट हासिल कर चुके भारतीय दल को विदाई देने जा रहे हैं।
पीएमओ की इस पहल को खेल मंत्रालय अंतिम रूप देने में जुट गया है। जुलाई के दूसरे या तीसरे सप्ताह में रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों से पीएम मिलकर उनमें जज्बा भरने के साथ उन्हें ‘बेस्ट ऑफ लक’ कहेंगे। रविवार को भी उन्होंने अपील की कि रियो जाने वाले खिलाड़ियों के लिए माहौल तैयार करें।
विदाई समारोह के जरिये इस माहौल की मुख्य कड़ी से वह खुद जुड़ने जा रहे हैं। दरअसल, खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल जब असम चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए थे तो रियो ओलंपिक की तैयारियां पटरी से न उतरने पाएं इसके लिए पीएमओ इसकी कमान खुद अपने हाथों में ले ली।