चुनाव प्रचार में फिल्मी सितारों का आकर्षण खत्म करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब सरकारी अभियानों में भी इनका आकर्षण खत्म करने का कारण बनने जा रहे हैं। दरअसल पर्यटन मंत्रालय ने विदेशी पर्यटकों को लुभाने के लिए यूपीए सरकार के कार्यकाल में शुरू किए गए अतुल्य भारत अभियान में फिल्मी सितारों के इतर खुद प्रधानमंत्री को इसका चेहरा बनाने का फैसला किया है।
मंत्रालय ने विदेशी पर्यटकों को लुभाने के लिए पीएम मोदी केंद्रित दो-दो ऑडियो और वीडियो क्लिप्स तैयार भी कर लिए हैं। इसे इसी महीने के अंत में जारी करने की योजना है। इन क्लिप्स में मोदी भारत के चुनिंदा पर्यटन स्थलों की खूबी बयान करते नजर आएंगे।
मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि लंबे विचार विमर्श के बाद तय किया गया कि विदेशी पर्यटकों को लुभाने के लिए प्रधानमंत्री से बेहतर विकल्प कोई नहीं हो सकता। वर्तमान में पीएम मोदी दुनिया के देशों में सबसे लोकप्रिय भारतीय भी हैं। ऐसे में विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रधानमंत्री को ही सर्वाधिक उपयुक्त पाया गया।