प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को गोवा का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पीएम तालेगाओ में गोवा लिबरेशन डे के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में होने वाला है। इस दौरान प्रधानमंत्री 'ऑपरेशन विजय' के स्वतंत्रता सेनानियों और दिग्गजों को सम्मानित भी करेंगे।
दरअसल, 19 दिसंबर को ‘गोवा लिबरेशन डे’ के तौर पर मनाया जाता है। 19 दिसंबर के दिन ही भारतीय सशस्त्र बलों ने गोवा को पुर्तगाली शासन से मुक्त कराया था। इस ऑपरेशन को के 'ऑपरेशन विजय' के नाम से जाना जाता है। गोवा दौरे पर पीएम मोदी पुनर्निर्मित फोर्ट अगुआड़ा जेल संग्रहालय, गोवा मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, न्यू साउथ गोवा जिला अस्पताल, मोपा हवाई अड्डे पर विमानन कौशल विकास केंद्र और डाबोलिम-नावेलिम, मडगांव में गैस-इन्सुलेटेड सबस्टेशन सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे गोवा में बार काउंसिल आफ इंडिया ट्रस्ट की ‘इंडिया इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लीगल एजुकेशन एंड रिसर्च’ की आधारशिला भी रखेंगे।
गोवा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पुर्तगाली शासन से राज्य को मुक्त कराने वाले भारतीय सशस्त्र बलों की याद को चिह्नित करने के लिए एक खास कवर जारी करेंगे। दस दौरान पत्रादेवी स्थित हुतात्मा स्मारक की झलक वाले 'माई स्टैम्प' का भी विमोचन किया जाएगा। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सर्वश्रेष्ठ पंचायत/नगर पालिका, स्वयंपूर्ण मित्रों और स्वयंपूर्ण गोवा कार्यक्रम के लाभार्थियों को पुरस्कार भी देंगे।