फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ननकाना साहिब हमला: पाक मंत्री और भाजपा सांसद में जुबानी जंग, कहा- उल्टा चोर कोतवाल को डांटे

Sun, 05 Jan 2020 05:22 AM IST
योगेश साहू ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
Gurdwara nankana sahib - फोटो : Social Media
विज्ञापन

ननकाना साहिब में सिखों पर हमले को लेकर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी और पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी के बीच शनिवार को जमकर जुबानी जंग हुई। हमले की घटना को लेखी द्वारा पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की प्रताड़ना का सबूत बताए जाने के जवाब में पाकिस्तान के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद चौधरी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, भाजपा प्रवक्ता का विविधता और धार्मिक सौहार्द पर व्याख्यान, उल्टा चोर कोतवाल को डांटने की कहावत जैसा है।

विज्ञापन


चौधरी ने भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लोग झूठा प्रचार बंद करें। इसके जवाब में भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, पाकिस्तान को घटना के आरोपियों को जेल भेजना चाहिए।

तरुण चुघ ने कहा, फवाद चौधरी पहले इमरान खान के उस वीडियो के बारे में बताएं कि वह कहां का है जो उन्होंने ट्वीट किया था। सात साल पुराना वीडियो उठा कर भारत के माथे पर मढ़ दिया गया। इतना बड़ा भ्रम फैलाया पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने। झूठ की इबारत लिखने का नाम ही पाकिस्तान है। इमरान वही बोल रहे हैं जो वहां की फौज बोल रही है।
विज्ञापन


लेखी ने फवाद के ट्वीट पर कहा, मुझे खुशी है कि फवाद ने हमारे संवाददाता सम्मेलन पर प्रतिक्रिया दी है। फवाद से गुजारिश है कि आरोपियों को जेल भेजा जाए, अल्पसंख्यकों पर हमले और प्रताड़ना रोकी जाए, बच्चियों का अपहरण और दुष्कर्म रोके जाएं। फवाद को अपनी इस जिम्मेदारी को पूरा करना चाहिए।

भाजपा बोली, उत्पीड़न के सुबूत मांगना बंद करे कांग्रेस
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने ननकाना साहिब गुरुद्वारे में हुई पत्थरबाजी के दौरान एक मुस्लिम युवक के भड़काऊ बयान को ट्वीट करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, क्या कोई इसे राहुल गांधी और सोनिया गांधी के लिए इतालवी में अनुवाद कर सकता है ताकि वे पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के सबूत मांगना बंद कर दें। इन कांग्रेसियों को शोषित धार्मिक अल्पसंख्यक का और सुबूत चाहिए?

राहुल, प्रियंका गांधी ये सुबूत काफी हैं या और चाहिए? वहीं, मीनाक्षी लेखी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, इस मामले पर मैंने अभी तक कांग्रेस की तरफ से कुछ भी नहीं सुना है। मैं नहीं जानती की नवजोत सिंह सिद्धू कहां भाग गए हैं? अगर इन सबके बाद भी वह पाक की खुफिया एजेंसी आईएसआई के प्रमुख को गले लगाना चाहते हैं तो कांग्रेस को इस पर गौर करना चाहिए।

कांग्रेस ने कहा, अनुवाद की जरूरत नहीं, सब जानते हैं यह संघी भाषा
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पात्रा पर पलटवार करते हुए कहा, किसी भाषा में अनुवाद करने की जरूरत नहीं है, सब जानते हैं कि यह संघी भाषा है। इस भाषा में कुछ दिन पहले इंडिया गेट पर ‘गोली मारो..’ के नारे भाजपा नेताओं द्वारा लगाए जा रहे थे। दोनों तरफ से एक जैसे झूठे वीडियो ट्वीट हो रहे हैं, एक जैसी भाषा बोली जा रही है।

अकाली दल ने कहा, पाक का भयानक चेहरा

पाक में अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न एक वास्तविकता है। पाकिस्तान ने अपना भयानक चेहरा दिखाया है। - हरसिमरत कौर बादल, अकाली दल

विरोध करने वालों की आंखें खुलनी चाहिए
ऐसी शर्मनाक घटनाओं से उन लोगों की आंखें खुल जानी चाहिए जो पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न से इनकार कर रहे हैं और नागरिकता संशोधन कानून की जरूरत से मुंह मोड़ रहे हैं। - हरदीप पुरी, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री 

ननकाना साहिब पर हमला निंदनीय है। धर्मांधता खतरनाक है और यह बहुत पुराना जहर है जिसकी कोई सीमा नहीं होती। प्रेम, परस्पर सम्मान और समझ ही इस जहर को खत्म करती है। - राहुल गांधी, कांग्रेस

ननकाना साहिब पर हमला अति निंदनीय है। अपना देश स्वाभाविक तौर पर इससे चिंतित है। केंद्र सरकार को जरूर दखल देना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी कोई अप्रिय व अशोभनीय घटना न हो। - मायवती, बसपा प्रमुख

हरभजन ने इमरान से कहा, कुछ लोग शांति से नहीं रह सकते

पता नहीं कुछ लोगों को क्या समस्या है। न जानें क्यों वे शांति से नहीं रह सकते.. मोहम्मद हसन खुले तौर पर ननकाना साहिब गुरुद्वारे को तबाह कर वहां मस्जिद बनाने की बात कर रहा है... यह देखकर बहुत दुखी हूं। - हरभजन सिंह, क्रिकेटर (इमरान को एक युवक के भड़काऊ वीडियो पोस्ट कर किया ट्वीट) 

ननकाना साहिब पर हमला शर्मनाक और कायराना : केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पाकिस्तान के ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुआ बेहद कायराना और शर्मनाक है। ननकाना साहिब करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। वहां रहने वाले सिख भाइयों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पाकिस्तान इस पर सख्त कदम उठाए और दोषियों का सजा दे।

भारत में भड़का गुस्सा, पाक उच्चायोग के समक्ष प्रदर्शन

पाकिस्तान में ननकाना साहिब में हमले के खिलाफ दिल्ली से लेकर जम्मू तक देशभर में सिख समुदाय में गुस्सा भड़क उठा है। इस हमले के विरोध में दिल्ली में भाजपा, युवा कांग्रेस, अकाली दल, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और मुस्लिम समुदाय ने पाकिस्तान उच्चायोग के सामने प्रदर्शन भी किया।

इस बीच, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) ने अपना चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान भेजने का एलान किया है, जो वहां जाकर हालात का जायजा लेगा और मामले की जांच करेगा। एसजीपीसी प्रमुख गोबिंद सिंह लोंगोवाल ने पाक सरकार से यह अपील भी कि वह दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।

प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गवर्नर और मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेगा। इससे पहले दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ नारे लगाए। सिख समुदाय के सदस्यों ने पाकिस्तान उच्चायोग में एक ज्ञापन भी सौंपा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।

हालांकि, पाक उच्चायोग की ओर जा रहे प्रदर्शनकारियों को चाणक्यपुरी पुलिस स्टेशन के पास रोक दिया गया। भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन के दौरान ’पाकिस्तान मुर्दाबाद’ और ‘इमरान खान मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।

वहीं, जम्मू और पुंछ जिले में में सिख संगठनों और शिवसेना डोगरा फ्रंट ने अलग-अलग प्रदर्शन किए। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए और इमरान खान के पुतले जलाए। प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंची जमात-ए-इस्लामी हिंद ने घटना की निंदा करते हुए मांग की है कि इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाए।
विज्ञापन

पाक ने कहा, ननकाना साहिब बिल्कुल सुरक्षित, अपवित्र करने की बात झूठी

पाकिस्तान ने शुक्रवार देर रात उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि गुरुद्वारा ननकाना साहिब को खास समूह के लोगों ने अपवित्र किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि वहां दो मुस्लिम समूहों के बीच किसी छोटी घटना को लेकर झड़प हुई थी, जिसमें फौरन दखल देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुद्वारा बिल्कुल सुरक्षित है और इसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। अपवित्र करने की बातें झूठी हैं।

सियासत भी गरमाई
विरोध प्रदर्शनों के साथ ही सियासत गरमा गई है। भाजपा और पंजाब में उसके सहयोगी अकाली दल ने कांग्रेस को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध पर आडे़ हाथ लिया। भाजपा ने कहा, यह घटना एक सबक है कि देश में ऐसे कानून की जरूरत है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें