राहुल गांधी के मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर किए गए ट्वीट पर ऋतब्रत बनर्जी ने पलटवार किया है। डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी ने मिलन प्रधान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उनके खिलाफ तीन हत्या के मामले लंबित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान लंबित वारंट को लागू करना अनिवार्य है। साथ ही ऋतब्रत ने आरोप लगाया कि राज्य कांग्रेस नेतृत्व ने राहुल गांधी को मामले की वास्तविक जानकारी नहीं दी।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
राहुल गांधी ने मिलन प्रधान की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया था। उन्होंने कहा था कि नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध है, लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा का निष्पक्ष चुनाव में भरोसा ही नहीं, इसलिए कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी से सत्ता बचाना चाहती है। वो चुनाव नहीं लड़ना चाहते, चुनावी मुकाबला ही खत्म कर देना चाहते हैं। कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी। हम लड़ेंगे भी, जीतेंगे भी।
मिलन प्रधान की गिरफ्तारी क्यों हुई?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रधान को 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, उनके खिलाफ एक लंबित वारंट था और अदालत से उन्हें कोई कानूनी सुरक्षा नहीं मिली थी। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान पुराने लंबित गिरफ्तारी वारंट की समीक्षा की जाती है और इस कार्रवाई का उपचुनाव से कोई संबंध नहीं है।
बताते चलें कि नंदीग्राम उपचुनाव में शुक्रवार को सियासी घटनाक्रम तेजी से बदला। कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई उस समय हुई, जब ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने के बाद नंदीग्राम में मिलन प्रधान को समर्थन देने का एलान किया था। नंदीग्राम में उपचुनाव छह अक्तूबर को होना है।
यह भी पढ़ें: बंगाल उपचुनाव: चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं ममता, टीएमसी के नाम और चिह्न वाले फैसले को दी चुनौती
संचिता प्रधान ने नामांकन क्यों वापस लिया?
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम उपचुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने कोलकाता में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात करने के बाद अचानक अपना नामांकन वापस ले लिया। इस फैसले का कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन नामांकन वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की है। चूंकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख बीत चुकी थी, इसलिए अब टीएमसी नंदीग्राम में अपना नया उम्मीदवार नहीं उतार सकती।
अब किस-किस के बीच लड़ाई?
नंदीग्राम उपचुनाव में अब मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा की हसीरानी रथ, कांग्रेस के मिलन प्रधान, ऋतब्रत बनर्जी की पार्टी से मोहम्मद एतेशामुल हक और वाम मोर्चे के घटक दल भाकपा के शांति गोपाल गिरी के बीच है। मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के बावजूद वह नंदीग्राम उपचुनाव लड़ सकते हैं, बशर्ते उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराकर दो साल या उससे अधिक की सजा न सुनाई गई हो। केवल गिरफ्तारी या जेल में होने से उनकी उम्मीदवारी अपने-आप रद्द नहीं होती।