अरुणाचल के कामले जिले में एक रहस्यमयी उपकरण मिलने से सनसनी मच गई। इस उपकरण पर
चीन की भाषा मंदारिन में कुछ लिखा है। इसलिए समझा जा रहा है कि यह चीन का उपकरण है।
पुलिस ने शनिवार को बताया, जिस जगह यह उपकरण मिला है, वह भारतीय क्षेत्र में करीब 100 मीटर भीतर है। कुछ गांव वालों ने पिछले बुधवार को आंशिक रूप से जला सफेद रंग का यह बॉक्स देखा। यह कपड़े जैसी चीज से लपेटा गया था, जिस पर मंदारिन में कुछ लिखा था।
कामले के एसपी जान पाडा ने बताया कि यह उपकरण एक पेड़ में फंसा हुआ था। एक लकड़ी काटने वाले ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद वह, रेंज के वन अधिकारी और कुछ अन्य अधिकारी पांच घंटे पहाड़ी पर चढ़कर रेपारी गांव गए, जो 3642 फुट की ऊंचाई पर बसा हुआ है।
उन्होंने जैसे ही पेड़ पर ठोकर मारी बॉक्स गिरकर खुल गया और इसके भीतर का काला उपकरण दिखने लगा। इसके निचले हिस्से में एक बैटरी लगी है, जो उड़ान के दौरान उपकरण ऊर्जा देती है।
यह बैटरी तारों के जरिये जुड़ी हुई थी। एसपी के मुताबिक यह मौसम उपकरण भी हो सकता है। उपकरण आखिर क्या है, यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अरुणाचल सरकार के मुताबिक
केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को उपकरण मिलने की जानकारी दे दी गई है।