ओडिशा के पुरी में पटाखों के भंडार में हुए विस्फोट में कई लोग हताहत हुए हैं। दो और लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर छह तक पहुंच गया। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) ने बताया, अस्पताल में इलाज करा रहे दो घायलों की मौत हो गई। 24 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। बता दें कि बुधवार रात भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा के दौरान धमाका हुआ था। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना की जांच के आदेश और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
लालू परिवार से जुड़े मामले में ED को अदालत का अहम निर्देश
भारतीय रेलवे में नौकरी के लिए कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत उनके परिवार के कई सदस्यों पर गंभीर आरोप लगे हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस मामले की जांच कर रहा है। दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को पूरक आरोपपत्र दाखिल करने के लिए सात जून तक की मोहलत दी। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने कहा, पिछले कुछ महीनों के दौरान ईडी से जांच पूरी होने के बारे में कई बार पूछा जा चुका है। 12 अप्रैल को पारित आदेश में अदालत ने ईडी को दो सप्ताह के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया था, लेकिन डेढ़ महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद आज तक कोई और पूरक शिकायत सामने नहीं आई है। जज विशाल गोगने ने कहा, इस अदालत को सांसदों/विधायकों से संबंधित सभी मामलों का तेजी से निपटारा करने का अधिकार है। अगली सुनवाई 7 जून को तय करते हुए उन्होंने ईडी को साफ निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक पूरक शिकायत या आरोप पत्र दायर दिया जाए।
तमिलनाडु में मां के दूध का अवैध व्यापार, कसा शिकंजा
चेन्नई में मानव दूध बेचने वाली दुकान को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सील कर दिया। माधवरम में कथित तौर पर मानव दूध बेचने वाले प्रोटीन पाउडर बिक्री केंद्र को सील करने की कार्रवाई पर अधिकारी ने बताया, दुकान मालिक के पास प्रोटीन पाउडर बेचने का लाइसेंस है। 50 मिलीलीटर मां का दूध (मानव दूध) अवैध रूप से 500 रुपये में बेचने की शिकायत पर कार्रवाई की गई। छापेमारी में दुकान से मां के दूध की लगभग 50 बोतलें जब्त की गईं।अधिकारियों को दूध दान करने वाली महिलाओं के मोबाइल नंबर भी मिले। खबरों के मुताबिक पहली बार चेन्नई में मां के दूध का बिजनेस करने की बात सामने आई है। कर्नाटक में मानव दूध की बिक्री पर प्रतिबंध के तुरंत बाद यह घटना सामने आई है। गौरतलब है कि देश के खाद्य नियामक ने 24 मई को जारी परामर्श में मानव दूध के अनधिकृत व्यावसायीकरण के खिलाफ चेतावनी दी थी।
सीजी करहाडकर बने आईजीसीएआर के निदेशक
इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र (IGCAR) को वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक चंद्रशेखर गौरीनाथ करहाडकर के रूप में नया निदेशक मिला है। करहाडकर बी. वेंकटरमन का स्थान लेंगे जो शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने तमिलनाडु के कलपक्कम में स्थित इस संस्था के निदेशक का पदभार संभाल लिया है। नियुक्ति के बाद जारी बयान के मुताबिक करहाडकर ने मुंबई स्थित भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) प्रशिक्षण स्कूल से डिग्री हासिल की है। करहाडकर ने बीएआरसी में पिछले 36 वर्षों की सेवा के दौरान कई अलग-अलग पदों पर काम किया है।
ईस्टर्न एक्सप्रेसवे पर एमयूवी वाहन में लगी आग
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक एमयूवी वाहन में आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। एमयूवी मुंबई से नासिक जा रही थी। इस दौरान गुरुवार रात करीब 11.45 बजे चालक ने गाड़ी में आग देखी। वह घबरा गया और उसने ब्रेक लगाकर कार रोक दी। वाहन में 11 लोग सवार थे, जिसमें पांच महिलाएं, चार महिलाएं भी शामिल थे। समय रहते सभी लोग वाहन से बाहर निकल आए। ठाणे नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी यासीन तड़वी ने बताया कि वाहन हादसे के दौरान विवियाना मॉल के सामने ईस्टर्न एक्सप्रेसवे पर था। दमकल और नागरिक बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।